कंपकंपी और गर्म शरीर सिर्फ बुखार नहीं, इन 5 स्वास्थ्य समस्याओं का भी हो सकते हैं संकेत

गर्म शरीर के साथ कंपकंपी सिर्फ बुखार का संकेत समझा जाता है, मगर कई बार ये कुछ अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का भी संकेत हो सकता है। जानें ऐसी ही 5 स्थितियां
  • SHARE
  • FOLLOW
कंपकंपी और गर्म शरीर सिर्फ बुखार नहीं, इन 5 स्वास्थ्य समस्याओं का भी हो सकते हैं संकेत


अगर किसी व्यक्ति का शरीर अचानक गर्म हो जाए और उसे ठंड लगने लगे, तो आमतौर पर इसे बुखार का संकेत समझा जाता है। मगर क्या आप जानते हैं कि गर्म शरीर के साथ कंपकंपी सिर्फ बुखार नहीं, बल्कि अन्य कई बीमारियों का भी संकेत हो सकता है? इनमें से कुछ बीमारियां या स्वास्थ्य समस्याएं सामान्य तो कुछ खतरनाक हो सकती हैं, इसलिए ऐसी स्थिति को नजरअंदाज करना कई बार भारी पड़ सकता है। यूं भी बुखार को सामान्य समझने की भूल नहीं करनी चाहिए। इसका कारण यह है कि शरीर का गर्म होना किसी बीमारी का संकेत नहीं, बल्कि इस बात का संकेत होता है कि आपके शरीर पर किसी वायरस ने हमला किया है, जिसके बचाव में शरीर ने अपना तापमान बढ़ा लिया है। इसलिए अगर कभी आपको ऐसा महसूस हो कि आपका शरीर गर्म है और आपको ठंड लगने लगी है, तो इसका संकेत बुखार के अलावा ये 5 बीमारियां भी हो सकती हैं।

गर्म माहौल से अचानक ठंडे माहौल में जाना

कई बार जब आपके शरीर का तापमान अचानक बदलता है, तो भी आपको ऐसा महसूस हो सकता है कि आपको ठंड लगने लगी है। ऐसा खासकर तब होता है जब आप गर्म माहौल से ठंडे माहौल में जाते हैं। अगर ठंडे माहौल में जाने से पहले आपने पर्याप्त कपड़े नहीं पहने हैं, तो आपको ठंड लगेगी और शरीर में कंपकंपी उठेगी। ये सामान्य है। दरअसल अचानक ठंड लगने पर शरीर में कंपकंपी इसलिए होती है क्योंकि आपका शरीर आपकी मांसपेशियों को जल्दी-जल्दी सिकोड़ने और खोलने लगता है। इस तरीके से शरीर पर्याप्त गर्मी पैदा कर लेता है, ताकि आपके शरीर के तापमान को बैलेंस किया जा सके।

इसे भी पढ़ें: सर्दियों में हाथ-पांव का ठंडा होना और कंपकंपी हो सकते हैं हाइपोथर्मिया का लक्षण, जानें इलाज

ज्यादा मेहनत वाला काम करने के कारण

कई बार जब आप बहुत ज्यादा शारीरिक मेहनत करते हैं या हाई इंटेंसिटी एक्सरसाइज करते हैं, तो अचानक रेस्ट करने पर भी आपको अपने शरीर का तापमान बढ़ा हुआ लग सकता है। इसके साथ ही रेस्ट की पोजीशन में आपको कंपकंपी की समस्या भी हो सकती है। इसका कारण ये है कि मेहनत या एक्सरसाइज के दौरान आपका शरीर बहुत अधिक मात्रा में ऊर्जा का इस्तेमाल करता है, जिससे शरीर का तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसे में अचानक रेस्ट की पोजीशन में जाने पर शरीर बहुत तेजी से गर्मी रिलीज करने लगता है और आपको कंपकंपी हो सकती है। इसे हारइपोथर्मिया भी कहते हैं।

पैनिक अटैक का संकेत

शरीर का गर्म होना और ठंड लगना कई बार पैनिक अटैक का भी संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति आमौतर पर तब होती है जब आप अचानक किसी बात से बहुत ज्यादा डर जाते हैं या जब आप कोई बहुत गहरे दुख वाली बात देखते या सुनते हैं। पैनिक अटैक, हार्ट और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए खतरनाक हो सकता है। इसलिए ऐसे मरीजों के सामने कभी भी दिल दहलाने वाली घटना या बात अचानक से जाहिर नहीं करना चाहिए। हालांकि सामान्य स्थिति में पैनिक अटैक या स्ट्रेस होने पर थोड़ी देर शांत होकर बैठने, ठंडा पानी पीने और आंखों को बंद कर लेने से राहत मिल जाती है।

शरीर का ब्लड शुगर घटना (हाइपोग्लाइसीमिया)

अगर आपके शरीर में शुगर की मात्रा बहुत अधिक घट जाए, तो भी आपको अचानक से पसीना आने, ठंड लगने, प्यास लगने और चक्कर आने जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। ब्लड शुगर की मात्रा का सामान्य से कम होना मेडिकल की भाषा में हाइपोग्लाइसीमिया कहा जाता है। हाइपोग्लाइसीमिया की स्थिति खतरनाक हो सकती है और कई बार जानलेवा भी हो सकती है।
अगर आपको शुगर की समस्या है और आपको अचानक ऊपर बताए गए लक्षण महसूस होते हैं, तो आपको सावधान हो जाना चाहिए। हालांकि हाइपोग्लाइसीमिया की स्थिति में शुगर वाली कोई चीज खाने या पीने से आपको राहत मिल सकती है।

इसे भी पढ़ें: आपकी हथेली भी देती है कई बीमारियों के संकेत, जानें कैसे

दवा के रिएक्शन के कारण

कई बार आपको बुखार जैसे लक्षण और कंपकंपी किसी दवा के दुष्प्रभाव के कारण भी महसूस हो सकते हैं। अगर आपने बिना किसी डॉक्टरी सलाह के अपनी मर्जी से कोई दवा खा ली है, तो इस समस्या का खतरा आपको ज्यादा होता है। आमतौर पर लोग समझते हैं कि आयुर्वेदिक और नैचुरल चीजों का कोई नुकसान नहीं होता है, मगर आपको बता दें कि कई बार इनके रिएक्शन के फलस्वरूप भी आपको बुखार और ठंड की समस्या हो सकती है।

सूचना: इन 5 स्थितियों के अलावा भी गर्म शरीर और कंपकंपी कई गंभीर समस्याओं का संकेत हो सकते हैं। ऊपर बताई गई स्थितियों में दो मामूली लक्षणों के आधार पर संभावित बीमारी का अंदाजा लगाने के बारे में बताया गया है, ताकि आप गंभीरता को समझकर तुरंत उपचार शुरू कर सकें। मगर ऐसी किसी भी स्थिति में आपको उचित सलाह सिर्फ और सिर्फ अनुभवी डॉक्टर ही दे सकते हैं।

Read more articles on Other Diseases in Hindi

Read Next

अचानक बंद हो जाता है सुनाई देना? कुछ सेकंड का ये बहरापन हो सकता है 'सडन सेंसरीनुरल हियरिंग लॉस' का संकेत

Disclaimer