वाशिंगटन। आंत के कैंसर से बचना है तो नियमित व्यायाम कीजिए। एक शोध में कहा गया है कि जो लोग रोजाना व्यायाम करते हैं तो उनमें इस बीमारी का खतरा बेहद कम हो जाता है। पश्चिम आस्ट्रेलिया विविद्यालय और पश्चिम आस्ट्रेलिया चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के एक दल ने अध्ययन में पाया कि जो लोग नियमित तौर पर किसी न किसी तरह के शारीरिक अभ्यास से जुड़े रहते हैं, उन्हें कैंसर होने की आशंका कम रहती हैं।
‘कैंसर कॉजेज कंट्रोल’ जर्नल के अनुसार शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में 870 ऐसे लोगों को शामिल किया, जिन्हें आंत का कैंसर था। इसके अलावा 966 सामान्य लोगों को अध्ययन से जोड़ा गया। सभी लोगों से उनके रोजमर्रा के शारीरिक अभ्यास, जीवनशैली, आहार, चिकित्सा और पेशे के बारे में पूछा गया।
अध्ययन में शामिल टेरी ब्वॉयल के मुताबिक अध्ययन से पुष्टि हुई कि ज्यादा शारीरिक अभ्यास करने वालों में आंत के कैंसर का खतरा कम होता है। इस अध्ययन में पाया गया कि पेशेवर जिंदगी के दौरान की शारीरिक गतिविधियां भी आंत के कैंसर के लिहाज से महत्वपूर्ण कारक हैं।