
Weight Loss Yoga Poses on Stomach: आजकल अधिकतर लोग अपने बढ़े हुए वजन से परेशान हैं। ऐसे में वेट लॉस करने के लिए वे कई उपाय आजमाते हैं। डाइटिंग करते हैं और हैवी वर्कआउट करते हैं। लेकिन कई लोग एक्सरसाइज और योग करने में आलस दिखा देते हैं। अगर आप भी एक्सरसाइज नहीं करना चाहते हैं, तो लेटे-लेटे कुछ योगासन कर सकते हैं। पेट के बल लेटकर कुछ योगासन करने से आपको वेट लॉस (Weight Loss Yoga Poses) में मदद मिल सकती है।
पेट के बल किए जाने वाले आसन
1. भुजंगासन-Bhujangasana
भुजंगासन पेट के बल किए जाने वाले आसनों में से एक है। अगर आप बैली फैट कम करना चाहते हैं, तो भुजंगासन कर सकते हैं। इसकी रेगुलर प्रैक्टिस से धीरे-धीरे वजन कम करने में मदद मिल सकती है। पेट, पीठ, गर्दन और कंधों की मांसपेशियों में खिंचाव आता है।
- भुजंगासन करने के लिए आप सबसे पहले योग मैट पर पेट के बल लेट जाएं।
- अपने दोनों पैरों के अंगूठों और एड़ियों को मिलाएं।
- दोनों हथेलियों को सीने के सामने जमीन पर रखें।
- अब सांस लेते हुए हथेलियों पर दबाव डालें।
- सिर, छाती और नाभि तक पेट को ऊपर उठाएं।
- इस स्थिति में आसमान की तरफ देखें। गर्दन को सीधा रखें।
- कुछ देर इस स्थिति में रहें और फिर सांस छोड़ दें।
- फिर धीरे-धीरे सामान्य अवस्था में आ जाएं।
- आप इस योगासन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।
2. मकरासन-Makarasana
मकरासन पेट के बल किए जाने वाले सबसे ईजी योगासनों में से एक है। आप इस योगासन का अभ्यास खुद से भी कर सकते हैं। मकरासन पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है, इससे गैस और कब्ज से छुटकारा मिल सकता है। साथ ही वेट लॉस में भी सहायक होता है। मकरासन करने का तरीका इस प्रकार है-
- मकरासन करने के लिए सबसे पहले किसी शांत वातावरण में योग मैट पर पेट के बल लेट जाएं।
- अपने दोनों हाथों को मोड़ें और कोहनियों को छाती के सामने जमीन पर रखें।
- इसके बाद दोनों हथेलियों को ठोढ़ी पर रखें।
- इस स्थिति में सांस लेने की प्रक्रिया को सामान्य रखें।
- करीब 2 मिनट तक इस अवस्था में रहें।
- फिर प्रारंभिक अवस्था में आ जाएं।
- मकरासन करते हुए अपनी गर्दन और रीढ़ को बिल्कुल सीधा रखें।
3. शलभासन-Shalabhasana
शलभासन को भी पेट के बल लेटकर किया जाता है। बैली फैट और वजन कम करने के लिए आप शलभासन की प्रैक्टिस भी कर सकते हैं। इस आसन को करने से पेट और पीठ की मसल्स स्ट्रेच होती हैं, साथ ही तनाव भी कम हो सकता है। शलभासन करने का तरीका-
- शलभासन करने के लिए सबसे पहले पेट के बल लेट जाएं।
- अपने दोनों हाथों को जांघों के नीचे रखें।
- ठोढ़ी को जमीन पर टिकाएं। आंखें बंद कर लें।
- गहरी सांस लें और दाएं पैर को ऊपर उठाएं और कुछ देर ऐसे ही रहें।
- इसके बाद सांस छोड़ें और पैर को धीरे-धीरे नीचे ले आएं।
- अब ऐसा ही बाएं पैर को ऊपर उठाएं और नीचे लाएं।
- फिर दोनों पैरों को सांस लेते हुए ऊपर उठाएं।
- इस अवस्था में कुछ देर बने रहें, फिर सांस छोड़ते हुए नीचे ले आएं।
- आप ऐसा 5-6 बार दोहरा सकते हैं।
- अगर हर्निया या पेट का कोई रोग है, तो इसे करने से बचें।
इनके अलावा धनुरासन, विपरीत पवन-मुक्तासन और नाभि आसन का भी पेट के बल लेटकर अभ्यास किया जा सकता है। पेट के बल किए जाने वाले ये आसन बेहद आसान हैं और घर पर आसानी से किए जा सकते हैं। अगर आप भी बैली फैट घटाना चाहते हैं, तो इन योगासनों की प्रैक्टिस कर सकते हैं। इनकी रेगुलर प्रैक्टिस से आप हमेशा फिट और हेल्दी रह सकते हैं। लेकिन शुरुआत में इन योगासनों को किसी एक्सपर्ट की देखरेख में ही करना चाहिए।