
Yoga Poses for Fit and Healthy Body in Hindi: जब फिट रहने की बात आती है, तो इसका मतलब है कि आपको शारीरिक और मानसिक, दोनों तरीकों से स्वस्थ रहना है। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए हम अच्छे खान-पान का सहारा लेते हैं। साथ ही, तनाव मुक्त रहने की कोशिश करते हैं। लेकिन शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए आपको योग का अभ्यास भी करना चाहिए। योग करने से आपका मन और मस्तिष्क सही रहता है। आप तनाव से बचे रहते हैं और अच्छा महसूस करते हैं। जब आप अच्छा महसूस करते हैं, तो स्वस्थ खुद ही रहने लगते हैं। यूं तो फिट और हेल्दी रहने के लिए कोई भी योगासन किया जा सकता है। लेकिन इस लेख में आपको आपको कुछ ऐसे ईजी योगासनों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपको हमेशा स्वस्थ रखेंगे। तो आइए, जानते हैं फिट और हेल्दी रहने के लिए कौन-से योगासन करने चाहिए (Fit and Healthy Rahne ke Liye Yoga Poses)?
फिट और हेल्दी रहने के लिए योगासन- Yoga Poses for Fit and Healthy Body in Hindi
1. वृक्षासन
फिट और हेल्दी रहने के लिए आप वृक्षासन का अभ्यास कर सकते हैं। इस आसन को करने से लिगामेंट्स और टेंडन्स मजबूत बनते हैं। वृक्षासन करने से कोर मसल्स भी मजबूत बनती हैं। इस आसन की रेगुलर प्रैक्टिस से शरीर के संतुलन में सुधार होता है। इसे करने से कमर, जांघों, कूल्हों और पेल्विक एरिया के दर्द से राहत मिलती है। जानें, वृक्षासन करने का तरीका-
- इस आसन को करने के लिए सीधे खड़े हो जाएं।
- अब दाएं पैर को घुटने से मोड़ते ऊपर लाएं और तलवे को बाईं जांघ पर रख दें।
- इसके बाद हथेलियों को ऊपर ले जाएं और प्रणाम की मुद्रा में रखें।
- इस दौरान अपना बैलेंस बनाकर रखें।
- 40-50 सेकेंड तक इस अवस्था में रुकें।
- आप इस आसन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।
2. मार्जरी आसन
शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए आप मार्जरी आसन का अभ्यास भी कर सकते हैं। इस आसन को करने से रीढ़ की हड्डी मजबूत बनती है। पीठ और गर्दन की मांसपेशियां स्ट्रेच होती हैं, जिससे मसल्स पेन में आराम मिलता है। इतना ही नहीं, मार्जरी आसन करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन में भी सुधार होता है। इसे करने से पाचन क्रिया और मेटाबॉलिज्म भी दुरुस्त होते हैं। अगर आप इस आसन को रोजाना करेंगे, तो हाथों और कलाई की मांसपेशियां भी मजबूत बनेंगी। आइए, जानते हैं मार्जरी आसन की विधि-
- इस आसन को करने के लिए सीधे खड़े हो जाएं।
- इसके बाद घुटनों को मोड़कर जमीन पर रखें।
- अपनी हथेलियों को भी जमीन पर ही रखें।
- अब सांस ले और हिप्स को ऊपर की तरफ उठाएं।
- सांस छोड़ते हुए पीठ को अंदर की तरफ झुकाएं और ऊपर देखें।
- इस स्थिति में कुछ सेकेंड तक रुकें।
- आप इस आसन को 5 बार दोहरा सकते हैं।
3. पादंगुष्ठासन
फिट और हेल्दी रहने के लिए आप रोजाना पादंगुष्ठासन कर सकते हैं। इस आसन को करने से प्रजनन क्षमता मजबूत बनती है। इसे करने से पेट की मांसपेशियों की मसाज होती है। इससे मसल्स टोन होती हैं और दर्द से राहत मिलती है। अगर आपको अनिद्रा की समस्या है, तो आप इस आसन की रोजाना प्रैक्टिस कर सकते हैं। पादंगुष्ठासन करने का तरीका-
- पांदगुष्ठासन करने के लिए सबसे पहले आप जमीन पर खड़े हो जाएं।
- अपने हाथों को जांघों के पास लेकर जाएं।
- अब सांस छोड़ते हुए कमर से आगे की तरफ झुकें।
- हाथों को पैरों के साथ में रखें।
- अपने पैरों को एक-दूसरे से करीब ले जाएं।
- इस स्थिति में सांस लें और छोड़ें।
- आप इस अवस्था में 60 सेकेंड तक रुक सकते हैं।
- इस दौरान आपकी पीठ, कमर और पैर बिल्कुल सीधे होने चाहिए।
- शुरुआत में इस आसन को करना थोड़ा मुश्किल लग सकता है। लेकिन रेगुलर प्रैक्टिस से आपको इसे करने में आसानी हो सकती है।
4. समस्थिति आसन
स्वस्थ रहने के लिए समस्थिति आसन करना भी फायदेमंद होता है। इस आसन को करने से आपको कमर, पीठ और पैरों के दर्द में आराम मिल सकता है। यह आसन पाचन क्रिया और मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है। साथ ही, मन और मस्तिष्क को भी शांत करता है। अगर आप रोजाना इस आसन को करेंगे, तो चिंता और अनिद्रा की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। इसे करने से बोन डेंसिटी, मेंटल फोकस और एनर्जी बढ़ती है। जानें, समस्थिति आसन की विधि-
- इस आसन को करने के लिए सीधे खड़े हो जाएं। इस दौरान अपनी पीठ और कमर को सीधा रखें।
- अब हाथों को कमर के दोनों तरफ रखें। अपने चेहरे को सामने की तरफ रखें।
- इस अवस्था में कुछ देर रहें और गहरी सांस लेते रहें।
आप भी फिट और हेल्दी रहने के लिए इन 4 योगासनों की रोजाना प्रैक्टिस कर सकते हैं। लेकिन इन आसन को शुरू करने से पहले आपको वर्कआउट जरूर करना चाहिए। इसके अलावा, योग गुरु की सलाह भी जरूर लें।