बुजुर्गों के लिए योगासन: 60+ वाले लोग रोज करें ये 4 आसान योगासन, कई समस्याओं से मिलेगा छुटकारा

Yoga Asanas for Senior Citizens: बच्चों और वयस्कों के साथ ही, बुजुर्गों के लिए भी योग करना रूरी होता है। 60+ वाले लोग कौन-से योगासन करें?

Anju Rawat
Written by: Anju RawatUpdated at: May 23, 2023 09:00 IST
बुजुर्गों के लिए योगासन: 60+ वाले लोग रोज करें ये 4 आसान योगासन, कई समस्याओं से मिलेगा छुटकारा

मलेरिया और डेंगू दिवस 2023: बुखार के कारण, लक्षण और रोकथाम गाइड - Onlymyhealth

Yoga Asanas for 60+: फिट और हेल्दी रहने के लिए रोजाना योग करने की सलाह दी जाती है। लेकिन सिर्फ बच्चों और युवाओं के लिए योग जरूरी नहीं होता है। बल्कि बुजुर्गों यानी 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को भी योग जरूर करना चाहिए। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं और पुरुषों, दोनों को अपने जीवनशैली में योग को जरूर शामिल करना चाहिए। दरअसल, 60 वर्ष की उम्र के बाद तरह-तरह की दिक्कतें व्यक्ति को परेशान करने लगती हैं। ऐसे में वे सभी बीमारियों के इलाज के लिए दवाइयों का सेवन करते हैं। अगर आप भी 60+ हैं, तो रोजाना योगाभ्यास करके खुद को स्वस्थ रख सकते हैं। योग करने से बुजुर्गों की पाचन से जुड़ी समस्याएं दूर हो सकती हैं। साथ ही, योग करने से तनाव कम होता है और मन-मस्तिष्क शांत होता है। इतना ही नहीं, अगर रोजाना योग किया जाता है, तो कई बीमारियां भी कटने लगती हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि बुजुर्गों के लिए योगासन करना मुश्किल हो सकता है। लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है, क्योंकि कई ऐसे योगासन हैं, जिन्हें बुजुर्ग भी आसानी से कर सकते हैं। तो आइए, इस लेख में हठ योग एक्सपर्ट प्रियंका सिंह से जानते हैं बुजुर्गों को कौन-से योगासन करने चाहिए?

60+ वाले लोगों को कौन-से योगासन करने चाहिए?- Yoga Asanas for Senior Citizens

1. ताड़ासन 

ताड़ासन करना काफी आसान होता है। इसलिए 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग भी इस आसन को आसानी से कर सकते हैं। इस आसन को करने से शरीर में रक्त प्रवाह बेहतर होता है। इससे तनाव का स्तर कम होता है और मन शांत होता है। इतना ही नहीं, ताड़ासन करने से हाथों, पेट और पैरों की मसल्स भी स्ट्रेच होती हैं। इससे शरीर के दर्द में आराम मिलता है। 

  • इस आसन को करने के लिए किसी जगह पर पैरों में थोड़ा-सा गैप बनाकर खड़े हो जाएं। 
  • अब अपने हाथों को सिर से ऊपर ले जाएं।
  • गहरी सांस लें और एड़ी को उठाते हुए हाथों को सिर के ऊपर ले जाएं।
  • अब हथेलियों को इंटरलॉक कर लें।
  • फिर बॉडी को स्ट्रेच करें। 
  • आप इसे 3-5 बार दोहरा सकते हैं।

2. बालासन

60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग बालासन का अभ्यास रोजाना कर सकते हैं। इस आसन को करना काफी ईजी होता है। इस आसन को करने से शरीर रिलैक्स होता है। इससे पाचन तंत्र बेहतर होता है। खासकर, महिलाओं के लिए इस आसन को करना अच्छा साबित होता है। बालासन करने से मेनोपॉज के लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है। इस आसन को करने से आपकी स्वास्थ्य समस्याएं दूर हो सकती हैं। बालासन करने का तरीका इस प्रकार है-

  • इस आसन को करने के लिए दोनों पैरों के घुटनों को मोड़कर जमीन पर बैठ जाएं।
  • अपने पैरों के अंगूठों को नजदीक रखें। इस दौरान एड़ी पर बैठना होता है। 
  • अब गहरी सांस लें और छोड़ते हुए आगे की तरफ झुकें। 
  • अपने सीने को जांघों के बीच में रखें।
  • हाथों को आगे की तरफ फैलाएं। 
  • इस स्थिति में रिलैक्स महसूस करें।
  • फिर 30-50 सेकेंड तक रुकें और धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ जाएं।
  • आप इस आसन का अभ्यास 3-5 बार कर सकते हैं।

3. पवनमुक्तासन 

बुजुर्गों के लिए पवनमुक्तासन करना भी काफी अच्छा साबित होता है। दरअसल, 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को पाचन से जुड़ी समस्याएं परेशान करने लगती हैं। ऐसे में अगर वे रोजाना इस आसन की प्रैक्टिस करेंगे, तो इससे गैस और कब्ज से छुटकारा मिल सकता है। इस आसन को करने से पीठ और कमर दर्द में आराम मिलता है। शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और पाचन शक्ति बढ़ती है। 

  • इस आसन को करने के लिए जमीन पर एक योग मैट बिछा लें।
  • इस पर पीठ के बल लेट जाएं। अब गहरी सांस लें।
  • सांस छोड़ते हुए दोनों पैरों के घुटनों को मोड़ें और जांघों को पेट की तरफ लाते हुए हाथों से दबाएं।
  • फिर से गहरी सांस लें और छोड़ते हुए सिर को जमीन से ऊपर उठाएं।
  • इसके बाद सिर को धीरे-धीरे नीचे लाएं और पैरों को सामान्य स्थिति में ले आएं।

4. शवासन

शवासन 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए काफी अच्छा होता है। क्योंकि इस आसान को अधिक उम्र में आसानी से किया जा सकता है। साथ ही, इस आसन को करने से सेहत को भी कई लाभ मिलते हैं। इस आसन को करने से तनाव कम होता है। मन और मस्तिष्क शांत होता है। साथ ही, बॉडी रिलैक्स महसूस करती है। अगर रोज शाम को शवासन किया जाए, तो आपकी पूरे दिन की थकान उतर सकती है। 

  • इस आसन को करने के लिए एक मैट पर पीठ के बल लेट जाएं।
  • अपने हाथों और पैरों को बिल्कुल सीधा रखें।
  • अपनी दोनों आंखें बंद करें।
  • अब गहरी सांस लें और छोड़ें।
  • इस अवस्था में शरीर को रिलैक्स करने की कोशिश करें।
  • शवासन के दौरान सोने से बचें।
  • 20-25 से इस अवस्था में रहें। फिर सामान्य स्थिति में आ जाएं।

अगर आप भी बुजुर्ग हैं और स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो इन योगासनों की रोजाना प्रैक्टिस करना शुरू कर दें। लेकिन इन आसनों को करने से पहले आपको योग एक्सपर्ट की राय जरूर लेनी चाहिए।

Disclaimer