वर्टिगो की समस्या में व्यक्ति को बार-बार चक्कर आना, जी मिचलाना और शरीर शिथिल पड़ जाने जैसी परेशानी होती है। यह समस्या कान के भीतरी हिस्सों, तंत्रिका तंत्र और मस्तिष्क में होने वाली कई बीमारियों के कारण हो सकती है। इसके अलावा शरीर में कई अन्य बीमारियों की वजह से भी आपको वर्टिगो अटैक या चक्कर आना आ सकते हैं। इस स्थिति में व्यक्ति की पूरी दिनचर्या असंतुलित हो जाती है। यहीं नहीं पीड़ित व्यक्ति को उठने-बैठने और कोई काम करने में भी परेशानी आ सकती है। लेकिन वर्टिगो से पीड़ित लोगों को हार नहीं माननी चाहिए क्योंकि संतुलित आहार और कुछ एक्सरसाइज की मदद से आप इस अटैक को कम कर सकते हैं। साथ ही अपने शरीर को स्वस्थ भी रख सकते हैं। इसके लिए आपको कुछ खास डाइट टिप्स को ध्यान में रखने की जरूरत है ताकि आप गलती से ऐसी चीजों का सेवन न करें, जिससे आपकी समस्या और बढ़ जाएं। वर्टिगो की समस्या में आपको अपना खानपान कैसा रखना चाहिए। इसके बारे में जरूरी चीजें और सावधानियां बता रही है डाइट क्लीनिक और डॉक्टर हब की डायटीशियन अर्चना बत्रा। साथ ही इसके एक्सरसाइज के बारे में बता रही है गुड़गाव के फिजियोवे की कंसल्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट डॉ चांदनी सुब्बा।
चक्कर आने(वर्टिगो) की समस्या में ये चीजें खाएं
1. विटामिन ए
चक्कर आने की समस्या कई कारणों से हो सकती है इसलिए आप स्वस्थ आहार लेने की कोशिश करें ताकि आपका शरीर एक संतुलन कायम कर सकें। संतुलन की मदद से ही आप इस समस्या को कम कर सकते हैं। इसके लिए आप अपने खाने में विटामिन ए की मात्रा को जरूरी शामिल करें। विटामिन ए के सेवन से शरीर की कोशिकाओं पर फ्री रेडिकल्स का हानिकारक प्रभाव नहीं पड़ता है। साथ ही डायबिटीज, हृदय रोग और आंखों के लिए भी विटामिन ए अच्छा माना जाता है। क्योंकि आपको डायबिटीज लो या हाई होने पर भी वर्टिगो के अटैक आ सकते हैं इसलिए आप हमेशा कोशिश करें कि अपने ब्लड शुगर के लेवल को संतुलित रखें। इसके लिए आपको अपनी डाइट में गाजर, शकरकंद, मटर, टमाटर , ब्रोकली और हरी पत्तेदार सब्जियां खाएं। साथ ही आप फलों में पीले और नारंगी, आम, पपीता और राजमा खा सकते हैं।
टॉप स्टोरीज़
2. विटामिन ई
विटामिन ई के सेवन से आपको मानसिक विकार, इम्यूनिटी बढ़ाने और कोलेस्ट्रोल की समस्या को कम करने में भी मदद मिलती है। दरअसल चक्कर आने की समस्या में अटैक हाई बीपी या लो बीपी के कारण भी आ सकता है। हाई बल्ड प्रेशर कोलेस्ट्रोल बढ़ने के कारण बढ़ सकता है इसलिए इसे नियंत्रित रखने के लिए आपको उचित मात्रा में विटामिन ई का सेवन करना चाहिए ताकि आपका कोलेस्ट्रोल नियंत्रित रहे। इसके लिए आप दलिया, एवोकाडो, मूंगफली, सूरजमुखी के बीज, सोयाबीन ऑयल और पालक जैसी चीजों का सेवन करें ताकि चक्कर आने के खतरे को कम किया जा सके।
3. एंटीऑक्सीडेंट
एंटीऑक्सीडेंट के सेवन से कई तरह की बीमारियों को दूर करने में मदद मिलती है लेकिन चक्कर आने की समस्या में भी एंटीऑक्सीडेंट काफी फायदेमंद होता है। एंटीऑक्सीडेंट माइक्रोन्यूट्रिएंट्स से भरपूर होते हैं। जिसकी मदद से कान का ब्लड सर्कुलेशन और माइग्रेन की समस्या में भी काफी लाभदायक है। इससे अन्य क्रॉनिक डिजीज में भी आराम मिलता है। इसके लिए आप राजमा, अदरक, चुकंदर, लहसुन, अनार, कीवी, नट्स और धनिया खा सकते हैं।
Image Credit- Freepik
4. विटामिन सी
विटामिन सी के सेवन से आपकी इम्यूनिटी अच्छी बनी रहती है और रोगों से लड़ने की शरीर को ताकत मिलती है। साथ ही बॉडी को डिटॉक्स और इंफेक्शन दूर करने में भी मदद करता है, जिससे आपको वर्टिगो की समस्या में आराम मिल सकता है। इससे आपका तंत्रिका तंत्र भी मजबूत होता है। इसके लिए आप साइट्रस फूड्स खा सकते हैं। इसके अलावा आप आंवला, नींबू, संतरा, टमाटर, अमरूद, सेब और कैला खा सकते हैं। इससे आपका मन-मस्तिष्क भी तरोजाता रहता है। साथ ही उल्टी और मतली की समस्या भी कम होती है।
5. विटामिन बी 12
विटामिन बी 12 की मदद से मस्तिष्क संबंधित विकारों को दूर करने में मदद मिलती है। साथ ही तंत्रिका तंत्र से संबंधित समस्याओं को भी दूर करने में विटामिन बी 12 काफी जरूरी है। इसके लिए आप मछली, टोफू, सोया दूध, पनीर और अंडे अपने आहार में शामिल कर सकते हैं। संतुलित आहार की मदद से वर्टिगो से पीड़ित व्यक्ति को काफी आराम मिलता है।
इसे भी पढ़ें- क्या है चक्कर आने या सिर घूमने (वर्टिगो) का कारण? डॉक्टर से जानें इसे ठीक करने के 6 घरेलू उपाय
चक्कर आने पर क्या नहीं खाना चाहिए
1. नमक
चक्कर आने की परेशानी में अधिक मात्रा में नमक या नमकयुक्त खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे आपका ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और आपको चक्कर आने की समस्या या आपका मस्तिष्क प्रभावित हो सकता है। इसलिए वर्टिगो में नमक की मात्रा कम करें।
Image Credit- Freepik
2. मीठा
इस समस्या में मीठे से भी परहेज करना चाहिए क्योंकि डायबिटीज की समस्या बढ़ने या घटने से भी वर्टिगो अटैक आ सकता है। इसके अलावा ज्यादा मिठाई और बाहर के खाने से भी परहेज करें।
3. कैफीन
कैफीन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन से आपको नींद कम आने की समस्या हो सकती है। कैफीन का अधिक मात्रा में सेवन करने से मस्तिष्क की कोशिकाएं उत्तेजित हो सकती है और माइग्रेन की समस्या में भी परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए चाय, कॉफी, चॉकलेट और एनर्जी ड्रिंक्स का सेवन कं करें।
4. सिगरेट और शराब का सेवन
अगर आप सिगरेट और शराब का सेवन करते हैं, तो वर्टिगो की समस्या और खराब हो सकती है। इससे आपको बार-बार चक्कर आना और शिथिलता की समस्या हो सकती है क्योंकि इसमें मौजूद निकोटिन मस्तिष्क में रक्त के प्रवाह को प्रभावित करता है।
इसे भी पढ़ें- चक्कर आने या सिर घूमने (वर्टिगो) की समस्या में फायदेमंद हैं ये 3 योगासन, जानें कैसे करना है अभ्यास
चक्कर आने पर करें ये एक्सरसाइज
1. वर्टिगो में आप किसी व्यक्ति की मदद से कुछ खास एक्सरसाइज कर सकते हैं। जैसे पेन को आप अपने सामने रखें और ऊपर-नीचे की दिशा में पेन को ले जाएं। इसी के अनुसार आप अपनी आंखों को भी धुमाएं। इससे आपको काफी आराम मिलेगा।
2. इसके अलावा आप पेन को दाएं-बाएं की दिशा में घुमाकर भी एक्सरसाइज कर सकते हैं। इसके लिए आपके केवल आंखों के मूवमेंट करने की जरूरत है।
3. तीसरे एक्सरसाइज में पेन के मूवमेंट के साथ अपने सिर को घुमाते हैं। इसकी मदद से आपको सिरदर्द और चक्कर में भी आराम मिलता है।