International Day of Yoga 2023: स्वस्थ और फिट रहने के लिए रोजाना योगाभ्यास (Yoga) करना बेहद फायदेमंद माना जाता है। स्वस्थ शरीर के लिए जिस तरह सही तरीके से योग का अभ्यास करना फायदेमंद होता है उतना ही फायदेमंद सही और उचित आहार लेना भी होता है। योग से जुड़े तमाम एक्सपर्ट्स ये कहते हैं कि स्वस्थ और संतुलित आहार लेने से ही योग का पूरा लाभ मिलता है। योगाभ्यास से पहले और बाद में खाने को लेकर अलग-अलग लोगों के अपने विचार हैं। तमाम लोगों का मानना है कि योग से पहले और उसके कुछ देर बाद तक खालीपेट रहना फायदेमंद होता है तो वहीं कुछ लोग इस विषय को लेकर अलग राय रखते हैं। आज के दौर में योग का चलन पूरी दुनिया में तेजी से फैल रहा है, योग के प्रसार और महत्व को देखते हुए दुनियाभर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) भी मनाया जाता है। आज इस लेख के माध्यम से हम आपको ये बताने जा रहे हैं कि योग से पहले और बाद में कब और कितनी मात्रा में किन चीजों का सेवन फायदेमंद होता है। योग करने से पहले और बाद में क्या खाएं ?(What to Eat Before and After Yoga?) प्री और पोस्ट योगा डाइट टिप्स क्या हैं? इस विषय को लेकर हमने जानकारी ली पतंजलि योग संस्थान के योग गुरु मोहन से, आइए जानते हैं उन्होंने इस विषय पर क्या जानकारी साझा की।
योग के पहले और बाद क्या खाना चाहिए? (What to Eat Before and After Yoga?)
आयुर्वेद और योग का आपस में सीधा कनेक्शन है। योग भी आयुर्वेद के सिद्धांतों पर आधारित है। आयुर्वेद के हिसाब से भोजन के तीन प्रमुख आयाम होते हैं, तम, सत्व और रज। योग गुरु मोहन बताते हैं कि नियमित रूप से योगाभ्यास कर शारीरिक और मानसिक रूप से फिट होने का प्रयास कर रहे लोगों को सात्त्विक भोजन अपनाना चाहिए। सात्विक भोजन का सेवन करने से शरीर और मन दोनों शांत रहते हैं। अधिकांश लोग योग से पहले खालीपेट रहना पसंद करते हैं, ऐसे लोगों का मानना है कि योग हमेशा खालीपेट करने से ही फायदा देता है। योग के नियमों के मुताबिक योगाभ्यास का सबसे सही समय सुबह का माना जाता है और इस समस्या अक्सर लोग खालीपेट ही होते हैं। योग एक्सपर्ट मोहन का मानना है कि योगाभ्यास करने से कम से कम 2 या 3 घंटे पहले तक भारी या देर से पचने वाला भोजन नहीं करना चाहिए। हालांकि आप चाहें तो योग का अभ्यास करने से 1 घंटे पहले हल्का भोजन या ऐसे खाद्य पदार्थ जो हल्के होते हैं और जल्दी पच जाते हैं उनका सेवन कर सकते हैं।
टॉप स्टोरीज़
योग से पहले क्या खाना चाहिए? (What to Eat Before Yoga?)
अगर आप सुबह खालीपेट योगाभ्यास करते हैं तो यह सबसे अधिक फायदेमंद होगा। लेकिन अगर आप योगाभ्यास से पहले कुछ खाना चाहते हैं तो योग करने से 1 घंटे पहले आप केला या जामुन जैसे फलों का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा अगर आप सुबह योगाभ्यास करते हैं तो दही, फलों की स्मूदी और दलिया या प्रोटीन शेक का सेवन कर सकते हैं। ऐसा करने से आपके शरीर को पर्याप्त उर्जा मिलेगी और सही तरीके से योग का अभ्यास करने में भी फायदा मिलेगा। शाम को योगाभ्यास करने वाले लोग 1 घंटे पहले हल्का नाश्ता ले सकते हैं। ऐसे लोग उबली सब्जियां, नट्स और सलाद का सेवन भी कर सकते हैं। योगाभ्यास से पहले इन चीजों का सेवन फायदेमंद माना जाता है।
- पानी
- दही या फलों की स्मूदी
- केला
- शकरकंद
- भिगोए हुए बादाम
- ओट्स या दलिया
- हैवी खाने से बचें
योगाभ्यास के बाद क्या खाना चाहिए? (What to Eat After Yoga?)
योगाभ्यास करने के बाद लगभग 30 मिनट तक कुछ भी नहीं खाना या पीना चाहिए। योगाभ्यास के 1 घंटे बाद आपको पौष्टिक और स्वस्थ आहार का सेवन करना चाहिए। आप योग करने के बाद उबले हुए अंडे, दही, अनाज, सब्जी नट्स आदि का सेवन कर सकते हैं। योगाभ्यास के बाद कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन से युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन फायदेमंद माना जाता है। योग करने के बाद फ्रूट सलाद, अंडे, ग्रीन टी, केला और विटामिन सी से युक्त फलों का सेवन कर सकते हैं।
योग करने के कितने समय बाद पानी पीना चाहिए? (How Long After Yoga Can I drink Water?)
योग करने से पहले आप पानी पी सकते हैं लेकिन योगाभ्यास के लगभग 20 से 30 मिनट बाद ही पानी पीना फायदेमंद होता है। अगर आप योग के तुरंत बाद पानी पीते हैं तो ऐसे में आपको शरीर में और पेट में ऐंठन की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। योग करने से पहले आप पानी पी सकते हैं लेकिन योग के तुरंत बाद पानी पीने से बचना चाहिए।
भोजन के कितनी देर बाद कर सकते हैं कपालभाति? (How Many Hours After Eating We Can Do Kapalbhati?)
कपालभाति प्राणायाम का नियमित अभ्यास शरीर के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। अगर सही तरीके से इसका नियमित अभ्यास किया जाए तो इससे सेहत को कई फायदे मिलते हैं। लेकिन कपालभाति का अभ्यास करने से जुड़ी जरूर सावधानियों का पालन जरूर किया जाना चाहिए। एक्सपर्ट के मुताबिक भोजन के 4 से 5 घंटे बाद ही कपालभाति का अभ्यास फायदेमंद होता है। चूंकि कपालभाति का अभ्यास करते समय हमारा प्रेशर पेट पर होता है इसलिए इसका अभ्यास करते समय खालीपेट रहना फायदेमंद होता है। आप भोजन के 5 घंटे बाद कपालभाति का अभ्यास कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : International Yoga Day: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस क्यों मनाया जाता है? जानें इसका महत्व और इतिहास
नियमित रूप से योगाभ्यास करना शरीर के लिए फायदेमंद होता है लेकिन अगर इसे करते समय जरूर सावधानियों का पालन नहीं किया गया तो इसके दुष्परिणाम भी हो सकते हैं। लोगों की शारीरिक और मानसिक स्वस्थ की स्थिति के हिसाब से ही योग का अभ्यास करने की सलाह एक्सपर्ट्स देते हैं। अगर आप शुरुआत में योग का अभ्यास करने जा रहे हैं तो इसे किसी एक्सपर्ट या ट्रेनर की देखरेख में ही करें।
Read more Articles on Yoga in Hindi