What Is Avoidant Personality Disorder In Hindi: गुड़गांव में रहने वाली 32 वर्षीय आन्या शर्मा लंबे समय से कई अजीब किस्म के डर से गुजर रही थी। उसे अक्सर लगता था कि वह जो भी काम करेगी, उसमें फेल हो जाएगी। लोग उसकी बातों को समझ नहीं पाएंगे। कोई उसे दोस्त नहीं बनाएगा। उसके अपने लोग उसे किसी भी वक्त छोड़ सकते हैं। आन्या के अंदर इस तरह के डर इस हद तक बस चुके थे कि इससे उसका प्रोफेशनल और पर्सनल रिलेशनशिप भी इफेक्ट होने लगे थे। जब वह प्रोफेशनल हेल्प लेने पहुंची, तो उसे पता चला कि उसे अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर (Avoidant Personality Disorder) है।
आन्या शर्मा की यह केस स्टडी हमारे साथ क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और माइंडट्राइब की फाउंडर डॉ. प्रेरणा कोहली ने शेयर की है। ओनलीमायहेल्थ ‘मेंटल हेल्थ मैटर्स’ नाम से एक सीरीज चला रहा है। इसमें हम अलग-अलग मेंटल हेल्थ डिसऑर्डर को बेहतर तरीके से समझाने की कोशिश कर रहे हैं। इस सीरीज के जरिए आन्या की केस स्टडी की मदद से अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर’ के बारे में बताएंगे।
क्या है अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर- What Is Avoidant Personality Disorder In Hindi
अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर (एवीपीडी) एक तरह की मेंटल हेल्थ कंडीशन है। इसमें व्यक्ति को हर समय यह डर सताता रहता है कि उसके आसपास लोग उसे खुद से दूर कर देंगे और कोई उसे स्वीकार नहीं करेगा। यहां तक कि इस तरह की समस्या से ग्रस्त लोग नेगेटिव फीलिंग से घिरे रहते हैं। ये लोग दूसरों से मिलने-जुलने से बचते हैं और रिजेक्शन का डर इन्हें सबसे ज्यादा सताता है। नतीजतन, उनकी पर्सनल लाइफ बुरी तरह प्रभावित होती है।
इसे भी पढ़ें: डिमेंशिया क्या है और क्यों होता है? 49 वर्षीय संदीप भंडारी की केस स्टडी से समझें दिमाग की इस बीमारी को
टॉप स्टोरीज़
अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर के लक्षण- Symptoms Of Avoidant Personality Disorder In Hindi
- सामाजिक गतिविधियों से बचने की कोशिश करना
- आलोचना या रिजेक्शन को लेकर डरना
- बहुत कम लोगों से मेल-मिलाप करना
- खुद को लेकर हमेशा संदेह व्यक्त करना
- अपने एक्ट या कोई भी फैसले लेकर शर्मिंदगी महसूस करना
- दूसरों के द्वारा मजाक उड़ाए जाने के डर से भरे रहना
- किसी इवेंट या समारोह में जाने के बाद डरना या कंपकंपनी छूटना
अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर का कारण- Causes Of Avoidant Personality Disorder In Hindi
आन्या की बात करें, तो ट्रीटमेंट के दौरान डॉ. कोहली को पता चला कि वह अपने आसपास के माहौल और निजी जीवन से परेशान थी। वह धीरे-धीरे लोगों से मिलने से बचने लगी और इसका असर उसकी पर्सनल रिलेशनशिप पर भी पड़ रहा था। अंततः उसे अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर हो गया है। इसके अन्य कारणों की बात करें, तो इसमें आनुवंशिक, आसपास का माहौल और मनोवैज्ञानिक कारक हो सकते हैं इसके अलवा, अस्वीकृति का डर, समाज से अलग हो जाने का भय भी अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर के कारणों में शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें: Social Media Addiction: सोशल मीडिया एडिक्शन क्यों हो जाती है? 27 वर्षीय आन्या की केस स्टडी से समझें
View this post on Instagram
अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर का इलाज- Treatment Of Avoidant Personality Disorder In Hindi
आन्या का इलाज करते हुए डॉ. कोहली ने कई तरह के ट्रीटमेंट के तरीकों को अपनाया था। इसमें शुरुआती एसेसमेंट शामिल था। इसके तहत, आन्या की हिस्ट्री, आसपास के माहौल और जेनेटिक कारणों की जांच की गई। इसके बाद, आन्या की कॉग्नीटिव थेरेपी और साइकोडायनेमिक थेरेपी की गई। इसकी वजह से आन्या धीरे-धीरे अपनी स्थिति को स्पष्ट रूप से समझने में कामयाब रही। ट्रीटमेंट को आगे बढ़ाते हुए आन्या को लोगों से मेल-जोल बढ़ाने की सलाह दी गई, उसे इवेंट या फंक्शन में जाने को कहा गया। इस तरह, उसको एंग्जायटी मैनेज करना सिखाया गया। इसके अन्य ट्रीटमेंट के तौर पर निम्न उपाय अपनाए जाते हैं-
- व्यक्ति के नेगेटिव थॉट्स को बदलने की कोशिश की जाती है
- सोशल इवेंट में हिस्सा लेने की सलाह दी जाती है
- सेल्फ एस्टीम बढ़ाने के लिए ट्रेन किया जाता है
- नॉन-जजमेंटल बनना सिखाया जाता है
- रिजेक्शन को समझने और सहज स्वीकार करने के बारे में बताया जाता है
- जरूरत होने पर एक्सपर्ट की मदद से दवाई भी दी जाती है
अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर से पीड़ित व्यक्ति की मदद कैसे करें- How To Help Someone With Avoidant Personality Disorder In Hindi
अगर आपके आसपास भी कोई ऐसा है, जिसे अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर है। उन्हें मदद की जरूरत होती है। इसके लिए आप निम्न तरीके अपनाएं-
- उनकी भावनाओं को सम्मान करें।
- उनकी जरूरतों को समझें।
- उन्हें प्रोफेशनल मदद लेने के लिए मोटिवेट करें।
- उनका आत्मविश्वास बढ़ाने की कोशिश करें।
- उनकी छोटी-बड़ी उपलब्धियों को सेलिब्रेट करें।
- सबसे जरूरी है कि आप अपना धैर्य बनाए रखें।
आन्या की तरह अगर आपके घर में भी कोई अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर का शिकार है, तो आप उसे एक्सपर्ट के पास जाएं। इस लेख में हम ‘अवॉइडेंट पर्सनैलिटी डिसऑर्डर’ से जुड़ी जरूरी जानकारी दे रहे हैं। इससे जुड़ी और जानकारी के लिए हमारी वेबसाइट www.onlymyhealth.com में 'Avoidant Personality Disorder' से जुड़े अन्य लेख पढ़ें या हमारे सोशल प्लेटफार्म से जुड़ें।
Image Credit: Freepik