आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोगों की लाइफस्टाइल जितनी मॉडर्न होती जा रही है, उतनी ही अनहेल्दी भी होती जा रही है। ऑफिस की घंटों की बैठकी, समय पर खाना न खाना, तली-भुनी चीजों का अधिक सेवन और तनाव से भरा डेली रूटीन, ये सभी मिलकर हमारे पाचन तंत्र पर गहरा असर डालते हैं। इन आदतों का सबसे आम और शुरुआती प्रभाव पेट के ऊपरी हिस्से में सूजन के रूप में देखा जाता है। खासतौर पर शहरी इलाकों में कामकाजी लोग सुबह का नाश्ता छोड़कर सीधे दोपहर का खाना खाते हैं, वह भी जल्दी-जल्दी में, और फिर लंबे समय तक कुर्सी पर बैठे रहते हैं। इसके अलावा देर रात तक जागना और बाहर का फास्ट फूड खाना अब एक आम आदत बन चुकी है। यही वजह है कि गैस, अपच, एसिडिटी और पेट फूलने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इस लेख में फोर्टिस अस्पताल, ओखला के वरिष्ठ सलाहकार-गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, डॉ. सुरक्षित टीके, (Dr. Surakshit TK, Senior Consultant-Gastrentrologist, Fortis Hospital, Okhla) से जानिए, पेट के ऊपरी भाग में सूजन क्यों होती है?
पेट के ऊपरी भाग में सूजन क्यों होती है? - What Causes Swelling At Top Of Stomach
1. गैस और अपच - Indigestion and Gas
पेट के ऊपरी भाग में सूजन का यह सबसे आम कारण है। जब खाना पूरी तरह पच नहीं पाता या पेट में गैस बनती है, तो ऊपरी हिस्से में फूलेपन और भारीपन का अनुभव हो सकता है। ज्यादा तली-भुनी या मसालेदार चीजें खाने से यह समस्या बढ़ सकती है।
टॉप स्टोरीज़
2. गैस्ट्राइटिस - Gastritis
यह स्थिति तब होती है जब पेट की अंदरूनी परत में सूजन आ जाती है। इसके कारण पेट में जलन, दर्द और सूजन महसूस होती है। शराब, धूम्रपान और अनियमित खानपान इसके मुख्य कारण होते हैं।
इसे भी पढ़ें: पेट में जलन हो तो क्या पीना चाहिए? आयुर्वेदाचार्य से जानें
3. पेप्टिक अल्सर - Peptic Ulcer
पेट या छोटी आंत की परत पर जब घाव बन जाता है तो उसे अल्सर कहा जाता है। अल्सर की वजह से भी ऊपरी पेट में दर्द और सूजन हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: तीखा खाने के बाद पेट में होती है जलन? राहत पाने के लिए अपनाएं ये 5 घरेलू उपाय
4. एसिड रिफ्लक्स या जीईआरडी
जब पेट का एसिड खाने की नली की ओर लौटता है, तो उसे एसिड रिफ्लक्स कहते हैं। इससे ऊपरी पेट में जलन, खट्टी डकार और सूजन की समस्या हो सकती है।
5. गैस्ट्रिक ट्यूमर या कैंसर
हालांकि यह कम सामान्य है, लेकिन पेट के ऊपरी हिस्से में लगातार सूजन यदि किसी ट्यूमर की वजह से हो, तो यह गंभीर मामला हो सकता है। पेट का कैंसर धीरे-धीरे विकसित होता है और इसके लक्षणों में भूख न लगना, वजन घटना और उल्टी आना शामिल हो सकते हैं।
कैसे पता चलेगा कि पेट में सूजन है? - Swelling In The Stomach Symptoms
- लगातार पेट फूला हुआ महसूस होना
- खट्टी डकारें आना या सीने में जलन
- खाना खाने के बाद पेट भारी लगना
- उल्टी जैसा महसूस होना या उल्टी होना
- भूख न लगना
- अचानक वजन घटना
यदि ये लक्षण लगातार बने रहें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
निष्कर्ष
पेट के ऊपरी हिस्से में सूजन एक आम समस्या हो सकती है, लेकिन इसके पीछे गंभीर कारण भी छिपे हो सकते हैं। यदि यह समस्या कभी-कभार होती है, तो खानपान और लाइफस्टाइल में बदलाव करके इसे ठीक किया जा सकता है। लेकिन अगर यह बार-बार हो या अन्य लक्षणों के साथ हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है। समय रहते जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
All Images Credit- Freepik