What are the Reasons for Swollen Ankles and Feet : आमतौर पर सर्दियों में लोगों के पैरों और टखनों में सूजन की समस्या होती है। हालांकि, कई मामलों में सूजन आने की यह समस्या सर्दियों तक सीमित नहीं रहती है। अगर आपको किसी भी मौसम में पैरों और टखनों में सूजन की समस्या होने लगती है, तो इस स्थिति को उत्पन्न करने वाले कारणों के बारे में जानना जरूरी हो जाता है। आज के इस आर्टिकल में हम डॉ. अखिलेश यादव एसोसिएट डायरेक्टर - ऑर्थोपेडिक्स एवं ज्वाइंट रिप्लेसमेंट मैक्स हॉस्पिटल वैशाली (Dr. Akhilesh Yadav Associate Director - Orthopedics and Joint Replacement Max Hospital Vaishali) से जानेंगे कि व्यक्ति के टखनों और पैरों में सूजन की समस्या किन कारणों से हो सकती है?
किन कारणों से पैरों और टखनों में आती है सूजन?- What Causes Swelling in the Feet and Ankles
डॉ. अखिलेश के मुताबिक, टखनों और पैरों में सूजन हल्के से लेकर गंभीर स्वास्थ्य स्थितियों की तरह इशारा कर सकती है। अगर इस स्थिति के पीछे के कारणों पर ध्यान दें, तो पैरों और टखनों की सूजन का एक सामान्य कारण लंबे समय तक खड़े रहना या बैठे रहना हो सकता है। इससे शरीर के निचले छोरों (Lower Extremities) में फ्ल्यूइड जमा हो जाता है। यह लंबी फ्लाइट्स, लंबे वर्किंग घंटे या इनएक्टिव लाइफस्टाइल के कारण हो सकता है। इसके अलावा, पैरों और टखनों में सूजन की समस्या चोट या आघात, जैसे मोच या फ्रैक्चर की वजह से भी हो सकती है।
वहीं, अगर इस स्थिति के गंभीर कारणों पर ध्यान दें, तो हार्ट डिजीज, किडनी की बीमारी या लिवर की समस्याओं जैसी चिकित्सीय स्थितियों के कारण फ्लूइड रिटेंशन (बॉडी के टिशूज में फ्लूइड भरना) हो सकता है, इससे लगातार सूजन बढ़ सकती है। गर्भावस्था के दौरान अक्सर शरीर में लिक्विड बढ़ने और नसों पर दबाव पड़ने के कारण पैरों में सूजन आ जाती है। हाई ब्लड प्रेशर, स्टेरॉयड या हार्मोनल थेरेपी जैसे कुछ ट्रीटमेंट्स के कारण होने वाले साइड इफेक्ट्स की वजह से भी सूजन की समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- क्या सिजेरियन डिलीवरी के बाद पैरों में सूजन बढ़ना सामान्य है? जानें डॉक्टर की राय
पैरों और टखनों में सूजन के अन्य कारण?- Other Causes of Swelling in the Feet And Ankles
कई लोग क्रोनिक शिरापरक अपर्याप्तता (Chronic Venous Insufficiency) की समस्या का सामना कर रहे होते हैं। इस स्थिति में पैरों की नसों में खून को ठीक से हार्ट की ओर वापस नहीं ले जाया जा सकता, इससे पैरों में खून जमा हो जाता है और सूजन आ जाती है। इसके अलावा, लसीका प्रणाली विकार (Lymphatic System) या संक्रमण भी द्रव निर्माण (Fluid Buildup) का कारण बन सकते हैं। कभी-कभी डाइट से जुड़ी आदतें, जैसे कि ज्यादा नमक का सेवन वाटर रिटेंशन को खराब कर देता है। ऐसे में सूजन की समस्य अहो सकती है। बता दें कि अगर सूजन लगातार बनी रहती है। साथ ही, यह स्थिति दर्दनाक, लालिमा, सांस लेने में परेशानी या स्किन में बदलाव जैसे अन्य लक्षणों के साथ होती है, तो कसी गंभीर स्थिति का कारण हो सकती है।
पैरों और टखनों की सूजन से कैसे करें बचाव?- How to Prevent Swelling of Feet And Ankles
पैरों और टखनों की सूजन को कम करने के लिए आप कुछ आसान टिप्स को फॉलो कर सकते हैं। आइए इनके बारे में जान लेते हैं:
- पैरों और टखनों की सूजन से बचाव के लिए आप रोजाना एक्सरसाइज कर सकते हैं। इससे मसल्स को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है।
- सूजन की समस्या से बचाव के लिए आप वजन कम कर सकते हैं। इससे भी आपके पैरों और टखनों की सूजन काफी हद तक कम हो सकती है।
- अगर आप लंबे समय तक खड़े रहते हैं, तो बीच में बैठकर आराम करना जरूरी है। इसके अलावा, अगर आप ज्यादा देर बैठे रहते हैं, तो थोड़ी देर में चलते-फिरते रहें।
- पैरों और टखनों की सूजन को कम करने के लिए आप नमक के सेवन को कम कर सकते हैं। इससे शरीर में तरल पदार्थ जमा हो सकता है, जिससे सूजन बढ़ती है।
- अगर आपको लंबे समय से पैरों और टखनों में सूजन की समस्या हो रही है, तो चिकित्सकीय सलाह लेना फायदेमंद हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- पैरों में सूजन होने के क्या कारण हो सकते हैं? डॉक्टर से जानें
कुल मिलाकर, पैरों और टखनों में सूजन की समस्या आम से गंभीर तक किसी भी लेवल पर हो सकती है। हालांकि, आपकी सूजन आम है या किसी गंभीर समस्या का संकेत, इस बारे में आपको अनुभवी डॉक्टर या एक्सपर्ट बता सकते हैं। आपको इस सूजन को नजरअंदाज करने की गलती नहीं करनी चाहिए।