थायराइड आजकल की एक बेहद सामान्य समस्या बन गई है। अधिकतर महिलाएं थायराइड की समस्या से जूझ रही हैं। थायराइड गले के सामने की तरफ स्थित एक ग्रंथि है, जो हॉर्मोन का उत्पादन करती है। यह मेटाबॉलिज्म को नियंत्रण में रखती है और खाने को ऊर्जा के रूप में बदलने का कार्य करती है। थायराइड होने पर यह ग्रंथि हॉर्मोन का उत्पादन कम करती है, जिसकी वजह से शारीरिक क्षमता कमजोर पड़ जाती है। थायराइड सांस, हृदय गति, पाचन तंत्र और शरीर के तापमान को सीधे रूप से प्रभावित करता है। थायराइड के मरीजों को अपने हॉर्मोन को नियंत्रण में रखने के लिए नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करना होता है। इसके साथ ही डॉक्टर थायराइड के मरीजों को हेल्दी डाइट लेने की भी सलाह देते हैं। ऐसे में थायराइड के मरीजों के मन में डाइट को लेकर कई सवाल रहते हैं। कि वे क्या खा सकते हैं और क्या नहीं? जैसे क्या थायराइड के मरीज लहसुन का सेवन कर सकते हैं? क्या थायराइड के मरीजों के लिए मूली खाना फायदेमंद है? ऐसे ही कुछ सवालों के जवाब आरोग्य डाइट और न्यूट्रीशन क्लीनिक की डायटीशियन डॉक्टर सुगीता मुटरेजा (Dr Sugeeta Mutreja, Dietician at Arogya Diet and Nutrition Clinic) से जानते हैं।
1. क्या थायराइड के मरीजों के लिए लहसुन फायदेमंद है?
अधिकतर लोग यह जानना चाहते हैं कि थायराइड के मरीजों को लहसुन खाना चाहिए या नहीं? थायराइड के मरीजों के लिए लहसुन खाना कितना फायदेमंद होता है? हम आपको बता दें कि थायराइड के मरीजों को अपनी डाइट में लहसुन जरूर शामिल करना चाहिए। रोजाना लहसुन खाना थायराइड के मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद होता है। लहसुन में कई ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो थायराइड को कंट्रोल में रखते हैं। दरअसल, लहसुन में एलिसिन और फ्लेवोनॉयड जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, ये तत्व थायराइड के मरीजों के लिए जरूरी और फायदेमंद होते हैं। डाइट में लहसुन को शामिल करने से थायराइड ग्रंथि कंट्रोल में रहती है। इससे इस ग्रंथि को पर्याप्त मात्रा में पोषण मिलता है। इतना ही नहीं थायराइड में लहसुन खाने से इसके लक्षणों में भी कमी देखने को मिलती है, साथ ही यह आपकी अन्य शारीरिक समस्याओं को भी दूर करता है।
इसे भी पढ़ें - दिन में किस समय मूली खाना चाहिए और किस समय नहीं? जानें सर्दियों में मूली खाने से जुड़े ऐसे 7 सवालों के जवाब
2. क्या थायराइड के मरीजों के लिए विटामिन ए जरूरी पोषक तत्व है?
थायराइड की समस्या शरीर में विटामिन ए की कमी के कारण भी हो सकती है। दरअसल, विटामिन ए वसा में घुलनशील विटामिन टी3 की स्तर को बढ़ावा देता है और टीएसएच को सामान्य रखने में मदद करता है। विटामिन ए को प्राप्त करने के लिए आप अंडा, पालक और पपीते जैसे अन्य विटामिन ए से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन कर सकते हैं। इसमें आपको दूध, दही जैसे पदार्थों से परहेज करना चाहिए।
3. क्या थायराइड के मरीज चीनी का सेवन कर सकते हैं?
चीनी अधिकतर खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन यह हमारे शरीर को कई तरह से नुकसान पहुंचाता है। ऐसे में सभी को ही इससे परहेज करना चाहिए। अगर थायराइड की बात की जाए, तो इसमें चीनी का परहेज करने को नहीं कहा जाता है। लेकिन फिर भी आपको इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। अगर आपको थायराइड के साथ ही डायबिटीज भी है, तो चीनी का सेवन बिल्कुल न करें। इससे आपकी समस्या बढ़ सकती है और आपको नुकसान पहुंच सकता है।
4. ग्लूटेन फूड्स थायराइड के मरीजों को लेना चाहिए या नहीं?
ग्लूटेन रिच फूड्स शरीर में सूजन पैदा करके थायराइड को बढ़ा सकते हैं। इसलिए आपको इनका सेवन सीमित या न मात्रा में ही करना चाहिए। अगर आप थायराइड के मरीज हैं, तो ग्लूटेन फ्री फूड्स को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। थायराइड के मरीजों के लिए साबुत अनाज का सेवन करना काफी फायदेमंद होता है। कुछ लोगों के लिए ग्लूटेन नुकसानदायक होता है।
5. थायराइड मरीजों के लिए सोया फूड्स फायदेमंद है या नुकसानदायक?
सोया फूड्स जैसे सोया मिल्क, टोफू आदि को थायराइड मरीजों को अपनी डाइट में शामिल करने से परहेज करने से बचना चाहिए। खासकर जिन लोगों को हाइपोथायरायडिज्म है। हाइपोथायरायडिज्म वह स्थिति होती है, जिसमें थायराइड ग्रंथि हॉर्मोन का बहुत कम उत्पादन करती है और शरीर को पर्योप्त मात्रा में ऊर्जा की पूर्ति नहीं हो पाती है। दरअसल, हाइपोथायरायडिज्म में सोया फूड्स लेने से आयोडीन अवशोषण में बाधा डालता है, जिससे समस्या बढ़ने का खतरा रहता है।
6. थायराइड के मरीजों को मूली खानी चाहिए या नहीं?
सर्दी के मौसम में अधिकतर लोग अपनी डाइट में मूली को जरूर शामिल करते हैं। मूली का सेवन पराठे, सलाद और सब्जी के रूप में किया जा सकता है। मूली में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी होते हैं। लेकिन अगर बात कि जाए थायराइड के मरीजों को मूली का सेवन करना चाहिए या नहीं? तो इस पर डायटीशियन डॉक्टर सुगीता मुटरेजा बताती हैं कि थायराइड के मरीजों को मूली के सेवन से बचना चाहिए। कई अध्ययनों में भी साबित हुआ है कि मूली थायराइड को अनियंत्रित करती है। इसकी जगह आप धनिया, करी पत्ता, मखाना और नारियल को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इन चीजों को डाइट में शामिल करके आप अपने थायराइड को काफी हद तक कंट्रोल में रखा जा सकता है।
इसे भी पढ़ें - थायराइड मरीजों के लिए क्यों जरूरी है कैल्शियम और विटामिन डी से भरपूर डाइट? डॉक्टर से जानें
7. थायराइड के मरीज चाय या कॉफी का सेवन करें या नहीं?
चाय और कॉफी में कैफीन की मात्रा बहुत अधिक होती है। यह स्वास्थ्य को कई तरह से नुकसान पहुंचाता है। अकसर डॉक्टर सभी को चाय और कॉफी का सेवन कम करने की सलाह देते हैं। थायराइड मरीजों के लिए भी यही बात लागू होती है। उन्हें भी इसका सेवन बहुत कम मात्रा में करना चाहिए या फिर करना ही नहीं चाहिए। थायराइड के मरीजों को दवाई लेने के तुरंत बाद कैफीन लेने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे थायराइड ग्लैंड में समस्या हो सकती है। इसके अलावा कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थ और दवाईयों के बीच भी कम से कम 4 घंटे का अंतर होना चाहिए। इन दोनों के बीच कम अंतर होने पर आपकी परेशानी बढ़ सकती है।
8. थायराइड के मरीजों के लिए फलों का सेवन करना कितना फायदेमंद है?
फल हम सभी के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। फलों में वे सभी पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो स्वस्थ शरीर के लिए जरूरी होते हैं। अनानास, सेब, जामुन और संतरा थायराइड के मरीजों के लिए काफी फायदेमंद फल हैं। इनमें काफी अच्छी मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं। इन फलों के सेवन से शरीर की थकान कम होती है, शरीर को ऊर्जा मिलती है। थायराइड के मरीजों के लिए फाइबर जरूरी होता है।
अगर आप भी थायराइड के मरीज हैं और इन सभी सवालों के जवाब आपके काम आ सकते हैं। अगर इसके अलावा भी आपके मन में कोई सवाल है, तो आप हमारे फेसबुक पेज पर कॉमेंट करके हमें बता सकते हैं।