Things To Do When Trying For Baby: पेरेंट्स बनना हर किसी कपल के लिए खुशी की बात होती है। आज के समय में खराब लाइफस्टाइल, पोषक तत्वों की कमी, तनाव और स्मोकिंग करने के कारण कई बार कंसीव करने में काफी दिक्कत आती है। कंसीव न कर पाने के कई कारण हो सकते हैं जैसे शुक्राणु कम बनना,अनियमित पीरियड्स और एग फर्टिलाइजेशन। अक्सर इस तरह की समस्या होने पर कपल डॉक्टर की बताई दवाइयों का सेवन करते हैं। लेकिन आपको बता दें, डॉक्टर की बताई दवाई के साथ आपको अपनी दिनचर्या में भी कुछ बदलाव करने चाहिए। इन बदलावों को करने के साथ कंसीव करने में मदद मिलेगी और शरीर भी स्वस्थ रहेगा। इन कामों को करने से फर्टिलिटी बढ़ेगी और प्रेग्नेंट होने में मदद मिलेगी। अगर आप भी जल्दी कंसीव करना चाहते हैं, तो आज से ही इन टिप्स को फॉलो करना शुरू कर दें। इन टिप्स के बारे में जानने के लिए हमने बात की शारदा क्लीनिक के फिजिशियन डॉक्टर केपी सरदाना से।
स्मोकिंग से बचें
धूम्रपान पुरुषों और महिलाओं में प्रजनन क्षमता को प्रभावित करता है। प्रेग्नेंसी में स्मोकिंग करने से भ्रूण का विकास ठीक नहीं पाता है और कई बार इस कारण मिस्कैरिज भी हो सकता है। धूम्रपान बच्चे के डीएनए को भी नुकसान पहुंचाता है। ऐसे में अगर आप कंसीव करने की कोशिश कर रहे हैं, तो स्मोकिंग करने से बचें।
फोलिक एसिड लेना शुरू करें
अगर आप भी कंसीव करने की कोशिश कर रहे है, तो महिला को फोलिक एसिड टेबलेट लेना शुरू कर देना चाहिए। फोलिक एसिड कंसीव करने में मदद करने के साथ बच्चे को न्यूरल ट्यूब जैसे दोषों से भी बचाती हैं। गर्भनिरोधक बंद करने के बाद से ही फोलिक एसिड लेना शुरू कर देना चाहिए।
स्वस्थ आहार
संतुलित आहार का खाकर अपनी प्रजनन क्षमता में सुधार कर सकते हैं। डाइट में साबुत अनाज, नट्स, हरी सब्जियां, बीन्स और दालों को शामिल करें। गर्भावस्था से पहले और गर्भावस्था के दौरान हेल्दी डाइट के सेवन से भ्रूण का विकास अच्छे से होगा और महिला के शरीर की कमजोरी दूर होगी।
इसे भी पढ़ें- क्या सेक्स के बाद पेशाब करने से प्रेग्नेंसी रोकने में मदद मिलती है? जानें एक्सपर्ट की राय
कैफीन का सेवन कम करें
बहुत अधिक कैफीन के सेवन से गर्भपात का खतरा बढ़ सकता है। अगर आप बेबी की प्लानिंग कर रहे है, तो कैफीन के सेवन से बचना चाहिए। कैफीन फर्टिलाइजेशन पर भी असर डालता है। ज्यादा सेवन से शरीर को नुकसान होने के साथ भ्रूण को भी नुकसान हो सकता है।
वजन
कंसीव करने के लिए हेल्दी वजन का होना भी बहुत आवश्यक होता है। कम या ज्यादा वजन का सीधा असर फर्टिलाइजेशन पर पड़ता है। अगर आपका वजन ज्यादा है, तो हेल्दी डाइट के साथ एक्सरसाइज भी करें। साथ ही बॉडी मास इंडेक्स को भी समय-समय पर जांचते रहे।
कंसीव करने से पहले इन कामों को करना शुरू कर देना चाहिए। हालांकि, कंसीव करने से पहले एक बार डॉक्टर से भी अवश्य मिलें।
All Images Credit- Freepik