संतुलित आहार शरीर के विकास के लिए बेहद जरूरी है। अच्छे खानपान के कारण ही हमारा शरीर रोग-बीमारियों से लड़ पाता है। एक स्वस्थ शरीर और स्वस्थ दिमार के बल पर ही इंसान अपने पूरी क्षमता का उपयोग कर पाता है। हर उम्र के लोगों के लिए संतुलित आहार की जरूरत होती है। अगर आपके शरीर को पूरे दिन भी संतुलित आहार नहीं लेते हैं, तो आपको कमजोरी लगने लगती है क्योंकि हमारा शरीर इन्हीं पोषक तत्वों से बना होता है और अगर यही पोषक तत्वों की कमी हो जाए, तो आपका शरीर बीमार पड़ सकता है। साथ ही शरीर जिन कोशिकाओं से मिलकर बना है, सभी पोषण के अभाव में टूटने लगता है और शरीर बीमार पड़ने लगता है। अगर आप संतुलित आहार नहीं लेते हैं, तो आपको कौन-कौन सी बीमारी घेर सकती है। इसके बारे में विस्तार से बता रही हैं गुड़गांव के डाइट क्लीनिक और डॉक्टर हब क्लीनिक की डायटीशियन अर्चना बत्रा।
संतुलित आहार की कमी से होने वाले रोग
1. संक्रामक रोग
संतुलित आहार की कमी से सबसे पहले संक्रामक रोग शरीर को घेर लेते हैं क्योंकि संतुलित आहार की कमी से शरीर का इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है, जिससे संक्रामक रोग जल्दी हो सकते हैं। इसमें सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और कुछ अन्य इंफेक्शन आदि शामिल है, जो संतुलित आहार न लेने पर सबसे पहले हो सकते हैं। अगर आपको बार-बार सर्दी-जुकाम हो तो इसे हल्के में न लें क्योंकि हो सकता है कि ये शरीर की लो इम्यूनिटी की वजह से हो सकता है। इसलिए अपने खानपान में सभी पोषक तत्वों को शामिल करना बहुत जरूरी है।
टॉप स्टोरीज़
2. क्रोनिक डिजीज
संतुलित आहार में कमी के कारण क्रोनिक डिजीज भी आपको परेशान कर सकते हैं। क्रोनिक डिजीज में हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज , हृदय संबंधी समस्याएं और जेनेटिक रोग भी हो सकते हैं। दरअसल संतुलित आहार न लेने पर कोलेस्ट्रोल से लेकर ब्लड सर्कुलेशन तक सब खराब हो जाता है, जिससे हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है और अगर ब्रेन तक ब्लड सर्कुलेशन अच्छे से न हो, तो इससे स्ट्रोक का खतरा भी हो सकता है इसलिए इन बीमारियों से बचने के लिए अच्छी डाइट बहुत जरूरी है।
Image Credit- Freepik
3. स्किन
आप जैसा खाते हैं, आपके चेहरे पर वैसा ही ग्लो आता है। आप अगर सही डाइट नहीं लेंगे और उचित मात्रा में पानी नहीं पीते हैं, तो आपकी स्किन ड्राई हो सकती है। इसके अलावा चेहरे पर कील-मुहांसे हो सकते हैं क्योंकि चेहरे पर चमक अच्छे खानपान से ही आती हैं। अगर आप उचित मात्रा में संतुलित आहार नहीं लेंगे तो समय से पहले ही आपकी त्वचा अपनी उम्र खो देगी।
4. हार्ट
हमारे में शरीर में अगर हार्ट स्वस्थ न हो, तो पूरे शरीर में रक्त का संचार प्रभावित हो सकता है। साथ ही हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा भी बना रहता है। दरअसल अगर आपका शरीर सही मात्रा में उचित पोषण नहीं लेता है, तो दूसरे रिस्क फैक्टर के कारण दिल का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए संतुलित आहार शरीर के लिए स्वस्थ आहार बहुत जरूरी है।
इसे भी पढ़ें- बैलेंस डाइट (संतुलित आहार) क्या होता है और डाइट को बैलेंस बनाने के लिए आपको क्या-कैसे खाना चाहिए?
5. मोटापा
अगर आप संतुलित आहार नहीं लेते हैं, तो आपको ओबेसिटी की समस्या भी हो सकती है। दरअसल इस स्थिति में आपका वजन बहुत ज्यादा बढ़ भी सकता है या घट भी सकता है। दोनों ही परिस्थितियों में आपका शरीर कमजोर हो सकता है। दरअसल संतुलित आहार नहीं लेने पर आपके शरीर को भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर की मात्रा नहीं मिल पाती है , जिसके कारण आपका मेटाबॉलिक सिस्टम कमजोर हो सकता है और खाना अच्छे से पच भी नहीं पाता है। इसके अलावा अगर आप ज्यादा ऑयली फूड लेते हैं, तो आपका वजन बढ़ने के कारण शरीर में कोलेस्ट्रोल बढ़ सकता है, जिससे बहुत सारी बीमारीयां आपको घेर सकती है।
Image Credit- Freepik
इन पोषक तत्वों को अपने आहार में शामिल करें
1. प्रोटीन
प्रोटीन हमारे शरीर के रखरखाव के लिए बहुत जरूरी है। हमारे शरीर में कोशिकाओं के निर्माण और इम्यूनिटी के लिए प्रोटीन की जरूरत होती है। यह हमारे अंगो, त्वचा और बाल सभी में पाया जाता है। प्रोटीन के लिए आप दाल, सोयाबीन, राजमा, अंडा, दूध और पनीर खा सकते हैं। ये सभी शरीर के लिए बहुत जरूरी होते हैं।
2. एंटीऑक्सीडेंट
शरीर की कोशिकाओं के रखरखाव के लिए एंटीऑक्सीडेंट बहुत जरूरी होता है। साथ ही यह आपके शरीर को फ्री रेडिकल्स के प्रभाव को भी कम करता है। इसकी मदद से आपकी त्वचा भी स्वस्थ रहती है। इसके प्रमुख स्त्रोत फल और सब्जियां हैं। इसका सेवन भी शरीर के लिए बहुत जरूरी है।
3. फाइबर
फाइबर एक प्रकार का कार्बोहाइड्रेट होता है, जो हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी है। फाइबरयुक्त आहार लेने से पाचन तंत्र मजबूत होता है। साथ ही इससे पेट स्वस्थ रहता है। इसके सेवन से कब्ज, अपच और गैस की समस्या नहीं होती है, जिससे हृदय रोगों का खतरा भी कम होता है। फाइबर के मुख्य स्त्रोत हरी पत्तेदार सब्जियां, सेब, पपीता, अंगूर, खीरा, शकरकंद और मोटे अनाज हैं।
Image Credit- Freepik
4. आयरन
शरीर के विकास और अच्छी सेहत के लिए आयरन बहुत आवश्यक है। हमारे शरीर में हीमोग्लोबिन के निर्माण के लिए आयरन का उपयोग किया जाता है। इसके अलावा कुछ हार्मोन्स के स्त्राव और लाल रक्त कोशिकाओं के लिए भी आयरन जरूरी होता है। आयरन के मुख्य स्त्रोत सूखा मेवा, अनार, बादाम, तरबूज, चुकंदर, पालक, हरी बीन्स और ब्रोकली में पाया जाता है।
5. कैल्शियम और विटामिन्स
कैल्शियम हमारे शरीर की हड्डियों, दांतों, मांसपेशियों, नर्व फंक्शन और हृदय गति के लिए बेहद जरूरी होता है। शरीर में इसका अवशोषण बहुत जरूरी होता है। इसके अलावा विटामिन शरीर के संपूर्ण विकास के लिए बहुत जरूरी होता है। विटामिन शरीर की कमजोरी को दूर कर बीमारियों से लड़ने की ताकत देता है। कैल्शियम और विटामिन के मुख्य पोषक तत्व सफेद तिल, चिया बीज, बीन्स, डेयरी प्रोडक्ट, टोफू, हरी सब्जियां और मसूर दाल हैं।
इसे भी पढ़ें- वर्क फ्रॉम होम में कैसी होनी चाहिए डाइट? जानें क्या चीजें खाना फायदेमंद है और क्या नुकसानदायक
इसके अलावा संतुलित आहार में पोटैशियम, मैग्नीशियम, जिंक, कार्बोहाइड्रेट और फैट्स की जरूरत भी होती है। साथ ही शरीर को सुचारू रूप से चलाने के लिए भरपूर मात्रा में पानी भी पीना चाहिए। साथ ही रोज कसरत करना भी अच्छा होता है ताकि शरीर स्वस्थ रहे। इसके अलावा आप सुबह का ब्रेकफास्ट कभी मिस न करें। अगर आप पूरे दिन बैठकर काम करते हैं, तो दोपहर में हल्का खाना खाएं। शाम में कोशिश करें कि आप 7 बजे से पहले खाना खा लें और समय से पर्याप्त नींद लें क्योंकि संतुलित आहार का तभी फायदा मिलेगा, जब आप अच्छी नींद भी ले रहे हो।