Expert

गर्मियों में सेहतमंद रहने के लिए पिएं सत्तू छाछ, जानें 5 फायदे और बनाने का तरीका

Sattu Buttermilk: गर्मियों में सत्तू का सेवन सेहत के लिए लाभदायक होता है। यहां जानिए, सत्तू की छाछ पीने के फायदे और बनाने का तरीका।
  • SHARE
  • FOLLOW
गर्मियों में सेहतमंद रहने के लिए पिएं सत्तू छाछ, जानें 5 फायदे और बनाने का तरीका

गर्मियों के मौसम में सत्तू का सेवन कई तरीकों से किया जाता है। इस मौसम में गर्मी के कारण अक्सर पेट से जुड़ी समस्याएं होनी शुरू हो जाती हैं, जिनसे निजात पाने के लिए सत्तू का सेवन लाभदायक होता है। खास बात ये है कि सत्तू से न सिर्फ शरीर को इंस्टेंट एनर्जी मिलती है बल्कि इससे शरीर को प्रोटीन भी अच्छी मात्रा में मिलता है। सत्तू का सेवन स्किन और बालों को हेल्दी बनाने में भी सहायक हो सकता है। सत्तू के लड्डू, सत्तू के पराठे और पानी के साथ नमकीन सत्तू ज्यादातर लोग खाना पसंद करते हैं। लेकिन अगर आप सत्तू छाछ पिएंगे तो ये भी सेहत के लिए फायदेमंद साबित होती है। इस लेख में दिल्ली के एसेंट्रिक डाइट्स क्लीनिक की डायटिशियन शिवाली गुप्ता (Shivali Gupta, Dietcian, Eccentric Diets Clinic) घर में सत्तू छाछ बनाने की रेसिपी और फायदे बता रही हैं, जिसके सेवन से आप गर्मियों के मौसम में हेल्दी रह सकते हैं।

गर्मियों में सत्तू छाछ पीने के फायदे - Health Benefits Of Sattu Buttermilk

1. गर्मियों के मौसम में अक्सर लोग डिहाइड्रेशन की शिकार हो जाते हैं। ऐसे में सत्तू छाछ का नियमित सेवन करने से आपका शरीर हाइड्रेट रहेगा और जरूरी पोषक तत्वों की कमी भी दूर होगी। सत्तू छाछ में पाए जाने वाले पोषक तत्व आपके शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं और शरीर को हाइड्रेट रखते हैं।

इसे भी पढ़ें: मार्केट में मिलने वाले प्रोटीन पाउडर से ज्यादा फायदेमंद होता है चना सत्तू ड्रिंक, जानें फायदे और रेसिपी

Sattu

2. सत्तू छाछ गट हेल्थ को बेहतर करने में भी सहायक है। इसके सेवन से शरीर में गुड बैक्टीरिया बनेंगे जो कि गट को हेल्दी रखने के लिए जरूरी हैं। सत्तू और छाछ दोनों ही पेट को ठंडा रखेंगे और पाचन को बेहतर करने में भी सहायक होगें। जिससे पेट से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं दूर हो सकती हैं।

3. सत्तू छाछ प्रोटीन का अच्छा सोर्स है, ऐसे में इसके सेवन से आप दिनभर एनर्जेटिक रहेंगे और मांसपेशियां भी मजबूत होगी। जिन लोगों को अक्सर थकान और कमजोरी का एहसास होता है, उन्हें गर्मियों के मौसम में सत्तू छाछ का सेवन जरूर करना चाहिए।

4. सत्तू छाछ का सेवन करने से आपको बार-बार भूख नहीं लगेगी। सत्तू में फाइबर की मात्रा अच्छी होती है, इसको पीने के बाद आप ओवरईटिंग से बच सकते हैं और वजन को नियंत्रित रख सकते हैं। सत्तू छाछ में कम कैलोरी और अधिक पोषक तत्व होते हैं, जिससे आपका शरीर गर्मी के मौसम में हेल्दी रहेगा।

5. सत्तू में कैल्शियम के साथ विटामिन्स, मिनरल्स और पोटैशियम की सही मात्रा होती है, जो हड्डियों को मजबूत बनाती है और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं से बचाव करती है।

इसे भी पढ़ें: Baisakhi 2024: बैसाखी पर क्यों खाया जाता है सत्तू, जानें इससे सेहत को मिलने वाले फायदे

सत्तू छाछ बनाने की रेसिपी - Sattu Buttermilk Recipe In Hindi

सत्तू छाछ बनाने के लिए आपको आधा कप दही, 2 चम्मच सत्तू पाउडर, एक चौथाई छोटी चम्मच हींग, आधा छोटी चम्मच भुना जीरा पाउडर, 5-6 पुदीना और धनिया के पत्ते, अदरक कद्दूकस किया हुआ 1 कप पानी और स्वादानुसार सेंधा नमक चाहिए होगा। सभी सामग्री को मिक्सी के जार में डालकर छाछ तैयार करें। गार्निश के लिए ऊपर से धनिया पत्ती या पुदीना पत्ती डालें। सत्तू छाछ पीने के लिए तैयार है। इस छाछ को दिन के समय ही पिएं, यानी सुबह के 10 बजे से शाम के 4 बजे तक का समय सत्तू छाछ पीने के लिए बिल्कुल सही है। इस समय में अगर आप सत्तू छाछ पीते हैं तो आपको इसका भरपूर फायदा मिलेगा।

गर्मियों के मौसम में सत्तू छाछ सेहत के लिए लाभदायक साबित होती है। लेकिन अगर आप किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं तो डॉक्टर से सलाह के बाद ही इसका सेवन करें।

All Images Credit- Freepik

Read Next

बच्चों की डाइट में जरूर शामिल करें चिरौंजी, उनकी सेहत को मिलेंगे ये 5 फायदे

Disclaimer