Doctor Verified

मानसून में बढ़ जाता है पेट से जुड़ी इन 5 समस्याओं का जोखिम, बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय

Stomach Related Problems in Monsoon: मानसून में बैक्टीरिया की वजह से पेट से जुड़ी इन समस्याओं का जोखिम बढ़ जाता है। इस टिप्स से बचाव किया जा सकता है।
  • SHARE
  • FOLLOW
मानसून में बढ़ जाता है पेट से जुड़ी इन 5 समस्याओं का जोखिम, बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय

Stomach Related Problems in Monsoon: मानसून में हम सभी को तरह-तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस दौरान त्वचा और आंखों से जुड़ी समस्याओं के साथ ही पेट से संबंधित दिक्कतें भी परेशान करती हैं। दरअसल, मानसून के दौरान बैक्टीरिया और वायरस का खतरा बढ़ जाता है। ये बैक्टीरिया सीधे आंतों और पाचन-तंत्र पर अटैक करते हैं। इनकी वजह से लोगों में पेट से जुड़ी तरह-तरह की समस्याएं होने लगती हैं। साथ ही, जो लोग मानसून में फास्ट फूड और जंक फूड का सेवन ज्यादा करते हैं, उनमें पेट से जुड़ी समस्याएं ज्यादा देखने को मिलती हैं। यानी मानसून में पेट से संबंधित दिक्कतें होने का जोखिम बढ़ जाता है। तो आइए, इस लेख में फैमिली फिजिशियंस ऑफ इंडिया के डॉक्टर रमन कुमार से जानते हैं मानसून में पेट से जुड़ी कौन-सी समस्याएं होती हैं। साथ ही, इस समस्याओं से कैसे बचा जा सकता है, इस बारे में भी जानेंगे। 

मानसून में बढ़ जाता है पेट से जुड़ी इन समस्याओं का जोखिम

stomach problem

1. स्टमक फ्लू

स्टमक फ्लू को गैस्ट्रोएंटेराइटिस के रूप में भी जाना जाता है। मानसून में स्टमक फ्लू होना एक बेहद आम समस्या है। दरअसल, मानसून में पानी और खाद्य पदार्थों में बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जो पेट में इंफेक्शन या स्टमक फ्लू का कारण बनते हैं। यह समस्या पाचन से जुड़ी होती है, जिसकी वजह से आपको पेट में ऐंठन और दस्त जैसे लक्षणों नजर आते हैं। स्टमक फ्लू होने पर आपको सिरदर्द और उल्टी की दिक्कत भी हो सकती है। बच्चों में स्टमक फ्लू होने का जोखिम अधिक होता है।

इसे भी पढ़ें- पेट से जुड़ी ये 5 बीमारियां अकसर लोगों को करती हैं परेशान, जानें इनके लक्षण

2. पेट में गैस और अपच

मानसून में पेट में गैस और अपच जैसी समस्याएं होना भी बेहद आम है। मानसून में बैक्टीरिया बढ़ने की वजह से पाचन-तंत्र कमजोर होने लगता है। साथ ही, इस मौसम में लोगों को फास्ट फूड और जंक फूड खाना ज्यादा पसंद होता है। इसका असर पाचन-तंत्र पर पड़ता है, जिससे गैस और अपच जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इसलिए अगर आप मानसून में अक्सर ही गैस और अपच की दिक्कत रहती है, तो अपनी डाइट का खास ख्याल रखें। 

stomach pain

3. पेट में मरोड़ होना

मानसून में खराब खान-पान और लाइफस्टाइल की वजह से पेट में मरोड़ जैसी दिक्कत भी हो सकती है। दरअसल, इस मौसम में अक्सर लोग ज्यादा ऑयली खाने का सेवन करते हैं। तले-भुने खाने को शरीर डाइजेस्ट नहीं कर पाता है। इससे पेट में गैस और कब्ज की दिक्कत होने लगती है। जब कब्ज की वजह से पेट सही से साफ नहीं होता है, तो पेट में मरोड़ जैसी दिक्कत हो सकती है। इसकी वजह से आपको पेट के ऊपरी हिस्से में भी दर्द का अहसास हो सकता है।

4. भूख कम लगना

आपको लग रहा होगा कि भूख कम लगना, पेट से जुड़ी दिक्कत कैसे हो सकती है। लेकिन यह पाचन से ही जुड़ा होता है। जब पाचन-तंत्र कमजोर होने लगता है, तो भूख कम लग सकती है। मानसून में ज्यादातर लोगों को भूख कम लगती है। जब आप पर्याप्त मात्रा में नहीं खाते हैं, तो इससे शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने लगती है और कमजोरी आने लगती है। 

इसे भी पढ़ें- पेट से जुड़ी दिक्कतें होने पर इन 4 तरीकों से करें अजवाइन का सेवन

5. डायरिया की समस्या होना

मानसून में कई लोगों को डायरिया या दस्त की समस्या का भी सामना करना पड़ सकता है। इस मौसम में कई वायरस और बैक्टीरिया होते हैं, जो सीधा पाचन-तंत्र को प्रभावित करते हैं। इसकी वजह से डायरिया की समस्या हो सकती है। अस्वस्थ भोजन खाने से आपको डायरिया की दिक्कत हो सकती है। इसके साथ ही, अस्वस्थ पानी पीना भी डायरिया का कारण बन सकता है।

मानसून में पेट की समस्याओं से कैसे बचें?

  • मानसून में पेट से जुड़ी दिक्कतें बढ़ने लगती हैं। ऐसे में आप बचाव के लिए कुछ टिप्स को फॉलो कर सकते हैं। 
  • मानसून में आपको रेहड़ी-पटरी से खाने से बचना चाहिए।
  • इस मौसम में घर का बना खाना हेल्दी होता है।
  • मानसून में इम्यूनिटी बढ़ाएं। इसके लिए अपनी डाइट में अदरक, तुलसी, हल्दी आदि शामिल करें।
  • इस मौसम में गंदा और अस्वस्थ पानी पीने से बचें। फिल्टर किया हुआ पानी ही पिएं। 
  • कोई भी मील स्किप न करें। समय-समय पर खाना खाते रहें।

मानसून में आपको पेट से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं। इस मौसम में पेट में दर्द, ऐंठन, मरोड़, इंफेक्शन, गैस और अपच जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। लेकिन अगर आप मानसून में अपने खान-पान का ख्याल रखेंगे, तो इनसे बचाव हो सकता है। अगर मानसून में बार-बार पाचन से जुड़ी दिक्कत होती है, तो एक बार डॉक्टर से कंसल्ट जरूर करें।

Read Next

सीरम इलेक्ट्रोलाइट्स टेस्ट क्या है? जानें कब पड़ती है इसकी जरूरत

Disclaimer