
How To Eat Curd As Per Ayurveda In Hindi: दही खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है। कई लोग दही से रायता या लस्सी बनाकर पीना पसंद करते हैं। वहीं, कुछ लोगों को पराठे, रोटी या चावल के साथ दही खाना पसंद करते हैं। कई व्यंजनों को बनाने के लिए भी दही का इस्तेमाल किया जाता है। दही न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होती है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होती है। दही में विटामिन, कैल्शियम, प्रोटीन,आयरन, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, फोलिक एसिड, राइबोफ्लेविन और लैक्टिक एसिड जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो हमारे शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं। दही खाने से पाचन दुरुस्त रहता है और हड्डियां मजबूत बनती हैं। रोजाना दही का सेवन करने से कई तरह की बीमारियां दूर होती हैं। लेकिन बहुत से लोग दही को गलत ढंग से खाते हैं, जिसकी वजह से सेहत को फायदे की जगह नुकसान हो सकता है। आयुर्वेद में दही का सेवन करने के कुछ खास नियम बताए गए हैं। आयुर्वेद डॉक्टर दीक्षा भावसार ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए दही खाने के सही तरीकों के बारे में बताया है। तो आइए, जानते हैं कि दही खाते समय आपको किन गलतियों को करने से बचना चाहिए -
आयुर्वेद डॉक्टर दीक्षा भावसार के अनुसार, दही स्वाद में खट्टी, प्रकृति में गर्म और पचने में भारी होती है। यह चर्बी बढ़ाती है, शक्ति में सुधार करती है, कफ और पित्त को बढ़ाती है और अग्नि (पाचन शक्ति) में सुधार करती है। हालांकि, दही खाते समय आपको कुछ बातों का खास ध्यान रखना चाहिए।
दही खाते समय न करें ये गलतियां - Mistakes To Avoid While Eating Curd
दही को गर्म करके न खाएं
दही को कभी भी गर्म करके नहीं करना चाहिए। गर्म करने पर इसमें मौजूद गुण नष्ट हो जाते हैं। इससे आपकी सेहत को काफी नुकसान पहुंच सकता है।
रात में नहीं करना चाहिए दही का सेवन
डॉक्टर ने बताया कि रात के समय दही का सेवन कभी नहीं करना चाहिए। यह कफ की समस्या को बढ़ा सकता है। इसके अलावा, दही का सेवन रोजाना नहीं करना चाहिए। रोजाना सिर्फ छाछ का सेवन किया जा सकते है, जिसमें सेंधा नमक, काली मिर्च और जीरा जैसे मसाले मिलाए गए हों।
दही को फलों के साथ न खाएं
दही को कभी भी फलों के साथ नहीं खाना चाहिए। लंबे समय तक दही और फलों का एक साथ सेवन करने से चयापचय संबंधी समस्याएं और एलर्जी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: दही में चीनी डालकर खाते हैं? जान लें इससे सेहत को होने वाले 5 नुकसान
इन समस्याओं में दही से परहेज करें
मोटापा, कफ विकार, रक्तस्राव विकार और सूजन की समस्या से पीड़ित लोगों को दही का सेवन करने से बचना चाहिए। यह आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकती है।
मांस-मछली के साथ न खाएं दही
दही को मांस और मछली के साथ कभी नहीं खाना चाहिए। चिकन, मटन या मछली जैसे मीट के साथ पकाए गए दही से शरीर में विषाक्त पदार्थों का उत्पादन बढ़ता है।
इसे भी पढ़ें: दही में मिलाकर खाएं ये 4 चीजें, मिलेगी इंस्टेंट एनर्जी और थकान होगी दूर
आयुर्वेद के अनुसार दही खाने का सही तरीका - Ayurvedic Way Of Eating Curd In Hindi
डॉक्टर ने बताया कि बहुत सारे लोग बिना सोचे-समझे, ज्यादा मात्रा में और विशेष रूप से रात में दही खाते हैं। लेकिन ऐसा करना आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए यदि आप दही खाना चाहते हैं, तो इसे कभी-कभार, दोपहर के समय और कम मात्रा में ही खाएं। जो लोग दही का सेवन नहीं कर सकते हैं, उनके लिए सबसे अच्छा विकल्प छाछ है।