Regular Blood Test Importance For Young Adults: अच्छी सेहत सुनिश्चित करने के लिए कई तरह की जांच की जाती है जिनमें से एक है रक्त परीक्षण यानी ब्लड टेस्ट। कई प्रकार के ब्लड टेस्ट होते हैं। कुछ परीक्षण रक्त कोशिकाओं और प्लेटलेट्स पर आधारित होते हैं। कुछ ब्लड टेस्ट में इलेक्ट्रोलाइट्स, प्रोटीन और हार्मोन्स की जांच की जाती है। ब्लड टेस्ट के जरिए शरीर में होने वाली हर समस्या का पता नहीं लगाया जा सकता लेकिन ब्लड टेस्ट की मदद से शरीर में होने वाले बदलावों को देखा जा सकता है। उदाहरण के लिए जैसा कि आपको पता है कि रेड ब्लड सेल्स पूरे शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाते हैं। ब्लड टेस्ट की मदद से यह पता लगाया जा सकता है कि रेड ब्लड सेल्स का स्तर ठीक है या नहीं। अगर इन सेल्स का स्तर कम है, तो एनीमिया की समस्या हो सकती है। युवा वयस्कों के लिए समय-समय पर ब्लड टेस्ट करवाना जरूरी है। इससे गंभीर बीमारिेयों का पता लगाया जा सकता है और उसे बढ़ने से रोका जा सकता है। इस लेख में हम जानेंगे युवा वयस्कों के लिए नियमित खून की जांच की अहमियत। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
युवा वयस्कों के लिए नियमित खून की जांच क्यों जरूरी है?- Regular Blood Test Importance
गंभीर बीमारियों का पता चलता है
रेगुलर ब्लड टेस्ट करवाने से गंभीर बीमारियां जैसे डायबिटीज, एनीमिया, थायराइड डिसआर्डर, लिवर या किडनी की बीमारियों का पता लगाया जा सकता है। गंभीर बीमारियों का पता अर्ली स्टेज पर चल जाने से बीमारी को बढ़ने से रोका जा सकता है।
पोषक तत्वों की कमी का पता चलता है
युवा वयस्कों में पोषक तत्वों की कमी का पता लगाने के लिए ब्लड टेस्ट करवाना जरूरी है। कई बार युवा लोगों को सिर में दर्द, किसी खास चीज को खाने से एलर्जी या पोषक तत्वों की कमी होती है। इसका पता सही समय पर चल जाए, तो खराब तबीयत की शिकायत से बच सकते हैं। ब्लड टेस्ट की मदद से माइक्रो और मैक्रो न्यूट्रिएंट्स की कमी का पता लगाया जाता है।
दवाओं के प्रभाव का पता चलता है
अगर आप किसी दवा का सेवन कर रहे हैं, तो रेगुलर ब्लड टेस्ट करवाना जरूरी है। रेगुलर ब्लड टेस्ट की मदद से दवाओं के प्रभाव और उससे होने वाले नुकसान का पता लगाया जा सकता है। कुछ लोग लंबे समय से दवाओं का सेवन कर रहे होते हैं और उन्हें दवा के दुष्प्रभावों का पता नहीं चलता इसलिए ब्लड टेस्ट करवाना जरूरी है।
थायराइड और डायबिटीज का पता चलता है
ब्लड टेस्ट की मदद से हार्ट डिजीज, हाई बीपी, थायराइड, डायबिटीज और जेस्टेशनल डायबिटीज जैसी बीमारियों का पता चलता है। ब्लड शुगर लेवल का पता लगाने के लिए ग्लूकोस मीटर इतना सटीक परिणाम नहीं देता। इसलिए आपको ब्लड टेस्ट की मदद से डायबिटीज का पता लगाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- ब्लड टेस्ट कराने से पहले किन बातों का ख्याल रखना चाहिए? डॉक्टर से जानें क्या करें और क्या नहीं
युवा वयस्कों को कौन से ब्लड टेस्ट करवाने चाहिए?- Important Blood Test For Young Adults
- कंप्लीट ब्लड काउंट की मदद से रेड ब्लड सेल्स, वाइट ब्लड सेल्स और प्लेटलेट्स की संख्या का पता लगाया जाता है।
- युवा वयस्कों को डायबिटीज की जांच के लिए ब्लड ग्लूकोज टेस्ट करवाना चाहिए।
- एचआईवी, हेपेटाइटिस और डेंगू जैसे वायरल इन्फेक्शन का पता लगाने के लिए वायरल इन्फेक्शन टेस्ट करवाएं।
- थायराइड ग्रंथियों की कार्य क्षमता का पता लगाने के लिए थायराइड फंक्शन टेस्ट करवाएं।
- युवा वयस्कों को विटामिन-डी, विटामिन-बी12 और फोलिक एसिड के स्तर का पता लगाने के लिए न्यूट्रिशनल पैनल टेस्ट करवाना चाहिए।
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।