मलद्वार और मलाशय शरीर के अहम अंग हैं और इन अंगों में बीमारी या किसी समस्या के कारण काफी दिक्कतें हो सकती हैं। मलद्वार में जलन की समस्या आमतौर पर बवासीर ( पाइल्स ) के कारण हो सकती है लेकिन इसके अलावा कई अन्य कारण भी हैं जिसकी वजह से यह समस्या हो सकती है। मलद्वार में जलन की समस्या को नजरंदाज करना सेहत पर भारी पड़ सकता है। सही समय पर इस समस्या का एक्सपर्ट चिकित्सक की देखरेख में इलाज कारण फायदेमंद होता है। कई बार गुदा नली में पस फंस जाने या किसी इन्फेक्शन आदि के कारण जलन की समस्या होती तो कई बार मलद्वार में जलन शरीर की अंतर्निहित स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से भी हो सकता है।
मलद्वार में जलन के कारण (Anus Burn And Rectal Pain Causes)
(image source - freepik.com)
मांसपेशियों में ऐंठन और दर्द आदि के कारण लोगों में मलद्वार में जलन की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। कई बार यह जलन और दर्द की समस्या अपने आप ठीक हो जाती है और कई मामलों में इस समस्या के गंभीर लक्षण देखे जा सकते हैं। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ समीर के मुताबिक आमतौर पर मरीजों में मल त्याग करते समय या बैठे रहने पर जलन की समस्या होती है। इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार माने जाते हैं। पाचन से जुड़ी कई समस्याएं भी मलद्वार में दर्द और जलन का कारण हो सकती हैं। मलद्वार में जलन की समस्या के प्रमुख कारण इस प्रकार से हैं।
इसे भी पढ़ें : बवासीर ही नहीं बल्कि इन 5 गंभीर बीमारियों में भी शौच करने पर आता है खून, जरूर जानिए
- गुदा में दरार की समस्या में भी मरीजों को मलद्वार में जलन का सामना करना पड़ सकता है। यह समस्या अक्सर मलत्याग करते समय होती है।
- बवासीर की समस्या के कारण मलद्वार में जलन की समस्या हो सकती है। बवासीर के मरीजों में मलद्वार में जलन के साथ दर्द भी होता है।
- दस्त के कारण भी मलद्वार में जलन की समस्या हो सकती है। अधिक गंभीर दस्त की समस्या में मरीजों में इसके लक्षण बढ़ जाते हैं।
- कब्ज की वजह से भी मलद्वार में जलन का सामना करना पड़ सकता है। कब्ज के पुराने मरीजों में यह समस्या आम है।
- मलाशय या गुदा में चोट या सेक्स या हस्तमैथुन के दौरान गुदा में हुई परेशानियों की वजह से भी मलद्वार में जलन की समस्या हो सकती है।
- सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिजीज की वजह से भी मलद्वार में जलन की समस्या हो सकती है।

मलद्वार में जलन के लक्षण (Rectal Pain Symptoms)
मलद्वार में जलन की समस्या में मरीजों में अक्सर जलन के साथ-साथ दर्द और खुजली की समस्या हो सकती है। मरीजों को सबसे ज्यादा मलत्याग करते समय परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या में दिखने वाले प्रमुख लक्षण इस प्रकार से हैं।
- मलद्वार में जलन के साथ खुजली
- मलद्वार में दर्द
- गुदामार्ग में गंभीर चुभन
- खून बहना
- शौच करने में दर्द
- गुदा में बार-बार फोड़े होना
- बुखार लगना, ठंड लगना और थकान होना
मलद्वार में जलन की समस्या का इलाज और बचाव (Rectal Pain Treatment And Prevention)
मलद्वार के जलन की समस्या में डॉक्टर सबसे पहले मरीजों में लक्षण के हिसाब से जांच करते हैं। जांच के बाद मरीजों में इस समस्या के कारणों को दूर करने के लिए इलाज किया जाता है। इसका इलाज आयुर्वेदिक पद्धति से भी किया जाता है। कई मरीजों में बवासीर की समस्या को इसका प्रमुख कारण माना जाता है, इस स्थिति में डॉक्टर बवासीर को खत्म करने के लिए इलाज करते हैं। मलद्वार में जलन की समस्या अगर किसी चोट या शारीरिक संबंध बनाते समय हुई गलतियों की वजह से होती है तो इसमें इलाज अलग तरीके से हो सकता है। इस समस्या के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इस समस्या से बचाव के लिए आपको स्वस्थ भोजन और अच्छी जीवनशैली अपनानी चाहिए। खानपान और लाइफस्टाइल से जुड़ी आदतों में बदलाव कर आप इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।
मलद्वार में जलन और दर्द की यह समस्या अगर लंबे समय से बनी हुई है और ठीक नहीं हो रही है, तो आपको डॉक्टर से मिलकर इसकी जांच जरूर करानी चाहिए। कई बार ये किसी गंभीर रोग का भी संकेत हो सकता है।
(main image source - freepik.com)