लगातार वजन कम होने पर जरूर करवाने चाहिए ये 6 टेस्ट, डॉक्टर से जानें इनके बारे में

लगातार वजन कम होना कोई सामान्य बात नहीं है। यह किसी बीमारी का संकेत हो सकता है। ऐसे में आपको वजन कम होने पर कुछ जरूरी टेस्ट करवाने चाहिए।

Anju Rawat
Written by: Anju RawatUpdated at: Jun 22, 2021 16:29 IST
लगातार वजन कम होने पर जरूर करवाने चाहिए ये 6 टेस्ट, डॉक्टर से जानें इनके बारे में

मलेरिया और डेंगू दिवस 2023: बुखार के कारण, लक्षण और रोकथाम गाइड - Onlymyhealth

क्या आप भी अपने लगातार घटते वजन से परेशान हैं? कई लोग अपने बढ़े हुए वजन से परेशान रहते हैं, तो कुछ लोगों को लगातार घटता वजन परेशान करता है। वजन घटना सामान्य से लेकर गंभीर बीमारियों का लक्षण हो सकता है। इसे आपको बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लंबे समय तक घटता वजन बाद में परेशानियां खड़ी कर सकता है।

आकाश हेल्थकेयर की डॉक्टर परिनीता कौर बताती हैं कि वैसे तो वजन घटना और बढ़ना सामान्य होता है। लेकिन अगर पिछले 6 महीने से आपका वजन लगातार घट रहा है, तो आपको अलर्ट या सतर्क हो जाना चाहिए। क्योंकि यह किसी न किसी समस्या का संकेत होता है। ऐसी स्थिति में आपको तुंरत डॉक्टर से संपर्क करने की जरूरत होती है।

iron test

डॉक्टर परिनीता बताती हैं कि अगर किसी व्यक्ति को वजन लगातार कम हो रहा है, तो कुछ ऐसे जरूरी टेस्ट हैं, जो उन्हें करवाने चाहिए। डायबिटीज, थायरॉइड, कैंसर, शरीर में खून की कमी आदि होने पर अकसर वजन कम होता रहता है। ऐसे में आप इनकी जांच करवा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें - शरीर में सोरायसिस (Psoriasis) इंफेक्शन होने पर इसे फैलने से कैसे रोकें? एक्सपर्ट से जानें लक्षण और बचाव

1. आयरन की जांच है जरूरी (Iron Test is Necessary)

लगातार वजन कम होना शरीर में एनीमिया का संकेत हो सकता है। ऐसे में इसका पता लगाने के लिए आपको आयरन (Iron) की जांच करवानी चाहिए। ज्यादातर महिलाएं इस बीमारी से पीड़ित रहती हैं। एनीमिया के रोगियों को भूख नहीं लगती है, जिससे धीरे-धीरे वजन कम होने लगता है। ऐसे में डॉक्टर आयरन रिच डाइट और सप्लीमेंट्स लेने की सलाह देते हैं।

thyroiid test

2. थायरॉइड फंक्शन टेस्ट है जरूरी (Thyroid Function Test)

दुनियाभर में करोड़ों लोग थायरॉइड की समस्या से जूझ रहे हैं। थायरॉइड दो तरह के होते हैं। इसमें हाइपरथायरॉइडिज्म और हाइपोथायरॉइड शामिल हैं। हाइपोथायरॉइड में व्यक्ति को वजन बढ़ता है, जबकि हाइपरथायरॉइडिज्म में बार-बार भूख लगने के बाद भी व्यक्ति का वजन लगातार कम होता रहता है। ऐसे में अगर आपका वजन भी घट रहा है, तो आपको हाइपरथायरॉइडिज्म थायरॉइड का टेस्ट जरूर करवाना चाहिए। इसमें व्यक्ति का वजन बहुत तेजी से घटता है और थकान, कमजोरी महसूस करता है। 

इसे भी पढ़ें - कोरोना वायरस किडनी को कैसे करता है प्रभावित, डॉक्टर से जानें किडनी को स्वस्थ रखने के टिप्स

3. आंतों की जांच (gut Check)

कई बार हम पेट भर के खाना खाते हैं, लेकिन उसका असर हमारे शरीर पर नजर नहीं आता है। क्योंकि हमारी आंतें उसे अच्छे से डायजेस्ट नहीं कर पाती हैं। यानी हमारा पाचन तंत्र सही से काम नहीं कर रहा होता है। ऐसे में खाया हुआ भोजन शरीर में ही टॉक्सिन के रूप में जमा हो जाता है और उसके पोषक तत्व प्राप्त नहीं हो पाते हैं। जिससे व्यक्ति का वजन लगातार कम हो जाता है। ऐसे में आप चाहें तो डॉक्टर से संपर्क करके अपने आंतों की भी जांच करवा सकते हैं।

daibetes test

4. ब्लड शुगर की जांच (Blood Sugar Test)

वजन बढ़ने के साथ ही वजन कम होना भी डायबिटीज का लक्षण हो सकता है। जबकि इसमें भूख और प्यास ज्यादा लगती है, फिर भी वजन कम होता है। ऐसे में अगर पिछले 6 महीने से आपका वजन लगातार कम होता जा रहा है, तो आपको अपने ब्लड शुगर लेवल की जांच जरूर करवानी चाहिए।

5. सीबीसी टेस्ट (Complete Blood Count)

कंप्लीट ब्लड काउंट टेस्ट का एक समूह है, जो लाल रक्त कोशिकाओं (Red Blood Cells), सफेद रक्त कोशिकाओं (White Blood Cells) और प्लेटलेट्स सहित रक्त में प्रसारित होने वाली कोशिकाओं का मूल्यांकन करता है। सीबीसी आपके संपूर्ण स्वास्थ्य का मूल्यांकन कर सकता है। यह विभिन्न प्रकार की बीमारियों और स्थितियों का पता लगा सकता है। इस टेस्ट से संक्रमण, लिवर खराबी, किडनी खराबी, एनीमिया और ल्यूकेमिया का पता चलता है।

6. कैंसर की जांच (Cancer Test)

अगर व्यक्ति के लगातार वजन कम हो रहा है, साथ ही उसे बुखार भी है तो उसे कैंसर की जांच करवानी चाहिए। इस स्थिति भी भूख भी नहीं लगती है। वजन कम होना कैंसर का भी एक संकेत और लक्षण हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह पर इसका टेस्ट करवाया जा सकता है।

डॉक्टर परिनीता बताती हैं कि इसके अलावा भी कई दूसरे कारणों से वजन कम हो सकता है। तनाव, चिंता या अवसाद भी वजन कम होने का कारण हो सकता है। अगर आप तनाव में रहते हैं, तो इससे जल्दी से निजात पाने की कोशिश करें, हो सकता है आपका वजन दोबारा से सामान्य हो जाए।

डॉक्टर परिनीता कहती हैं कि अगर आपका वजन कम हो रहा हो, तो खुद से अपनी जांच न करवाएं। बल्कि डॉक्टर से मिलें और उनकी सलाह पर ही अपनी जांच करवाएं। डॉक्टर आपकी जांच करके ही टेस्ट की सलाह देते हैं। 

Read More Articles on Miscellaneous in Hindi

Disclaimer