Peppermint Oil for Headache in Hindi: तनाव, अनिद्रा और चिंता की वजह से लोग बार-बार सिरदर्द से परेशान हो जाते हैं। इसके अलावा, किसी को माइग्रेन, तो किसी को अन्य समस्या की वजह से सिरदर्द होने लगता है। ऐसे में अक्सर लोग पेनकिलर लेने लगते हैं। लेकिन लंबे समय तक पेनकिलर या दर्दनिवारक दवाई लेना नुकसानदायक हो सकता है। पेनकिलर किडनी समेत शरीर के कई अंगों को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में आपको नैचुरल तरीकों से ही सिरदर्द का इलाज करना चाहिए। इसके लिए आप पुदीने के तेल (Peppermint Oil) का इस्तेमाल कर सकते हैं। पुदीने का तेल सिरदर्द को कम करने में कारगर साबित होता है। अब आप सोच रहे होंगे कि सिरदर्द में पुदीने के तेल का उपयोग कैसे करना चाहिए? तो आइए, रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के आयुर्वेदिक डॉक्टर से जानते हैं सिरदर्द से राहत पाने के लिए पुदीने के तेल का उपयोग करने के तरीके-
सिरदर्द में पुदीने का तेल का इस्तेमाल कैसे करें?- How to Use Peppermint Oil for Headache in Hindi
1. नहाने के पानी में डालें
सिरदर्द से छुटकारा पाने के लिए आप पुदीने के तेल को नहाने के पानी में मिला सकते हैं। इससे आपको रिलैक्स महसूस होगा। इसके लिए आप नहाने का पानी लें। इसमें पुदीने के तेल की कुछ बूंदें डाल लें। अब आप इस पानी से नहा सकते हैं। रोजाना पुदीने के तेल वाले पानी से नहाने से आपको सिरदर्द में काफी आराम मिल सकता है। पुदीने के तेल में मौजूद गुण सिरदर्द से छुटकारा दिलाने में मदद करते हैं।
2. पुदीने के तेल से भाप लें
सिरदर्द को कम करने के लिए आप पुदीने के तेल से भाप भी ले सकते हैं। भाप लेने से सिरदर्द में काफी आराम मिलता है। इसके लिए आप गर्म पानी लें। इसमें 5-6 बूंद पुदीने के तेल की डालें। अब तौलिए से अपने सिर को ढक लें और आंखें बंद करके नाक से सांस लें। अगर आप रोजाना 1-2 बार पुदीने के तेल से भाप लेंगे, तो सिरदर्द में काफी आराम मिल सकता है। भाप लेने से साइनस की दिक्कत भी दूर हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- पुदीने के तेल से मिलते हैं सेहत, त्वचा और बालों को मिलते हैं ढेर सारे फायदे, जानें प्रयोग का तरीका
3. सिर की मसाज करें
मालिश करने से सिरदर्द में काफी आराम मिल सकता है। सिर की मालिश करने के लिए आप अक्सर तेल का इस्तेमाल करते होंगे। अब इस तेल में आप कुछ बूंद पुदीने के तेल की भी मिला दें, तो इससे सिरदर्द से काफी राहत मिल सकती है। इसके लिए आप कोई तेल लें। इसमें 5-6 बूंद पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल मिला दें और फिर मालिश करें।
4. पुदीने के तेल की खुशबू सूंघें
सिरदर्द से निजात पाने के लिए आप पुदीने के तेल की खुशबू को सूंघ भी सकते हैं। इसके लिए आप इस तेल को हवा में फैला सकते हैं। या फिर आप इसकी गंध सूंघ भी सकते हैं। इसकी खुशबू से आपको काफी आराम मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें- पुदीने के तेल के स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानें
सिरदर्द से राहत पाने के लिए आप पुदीने की चाय भी पी सकते हैं। पुदीने की पत्तियों की चाय पीने से सिरदर्द में काफी आराम मिल सकता है। लेकिन अगर आपको अक्सर ही सिरदर्द रहता है, तो आपको डॉक्टर से भी एक बार बातचीत जरूर करनी चाहिए।