
लगातार स्क्रीन पर काम करने से आपकी आंखों में समस्या हो रही है? कोरोना काल के बाद से ही वर्क फ्रॉम होम का कल्चर बढ़ा जिसके चलते लोग घरों से काम तो कर रहे हैं पर इसका असर अब उनकी आंखों पर पड़ने लगा है। लंबे समय तक लैपटॉप या फोन पर काम करते रहने के कारण आंखों में धुंधलापन, आंखें सूखना या कमजोर होने जैसी शिकायतें डॉक्टरों के पास आने लगी हैं। इनसे बचने का आसान तरीका है आप अपनी आंखों की अच्छी सेहत के लिए कुछ टिप्स को फॉलो करें। लगातार काम करते रहने से दिक्कत होती है इसलिए ब्रेक जरूरी है। अच्छी आंखों के लिए स्क्रीन से उचित दूरी और सही खानपान की भी अहमियत है। इसके साथ ही आपको आंखों के व्यायाम पर ध्यान देना चाहिए। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने मुंबई के जस्लोक हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के ऑप्थामोलॉजी डिपार्टमेंट की कंसल्टेंट डॉ निकिता मशरू से बात की।
1. स्वस्थ आंखों के लिए 20-20-20 नियम क्या है? (20-20-20 rule for healthy eyes)
लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों पर जोर पड़ता है। आंखों को हेल्दी रखने के लिए 20-20-20 नियम को फॉलो करें। आपको हर 20 मिनट में 20 सेकेंड का ब्रेक लेकर 20 फीट की दूरी पर देखना है। अपना ध्यान दूर किसी चीज पर लगाएं। इससे आंखों पर पड़ रहा दबाव आपको कम लगने लगेगा।
2. हेल्दी आंखों के लिए कितनी बार पलक झपकाएं? (Benefits of blinking eyes)
कुछ लोग एक टक स्क्रीन पर देखकर घंटों काम करते रहते हैं पर आपको अपनी आंखों को लंबे समय तक हेल्दी रखना है तो हर एक मिनट में कम से कम 10 से 12 बार आपकी पलकें झपकनी चाहिए। इससे आंखों पर जोर नहीं पड़ेगा। इसके साथ ही आपको हर 2 घंटे के बाद 15 मिनट का ब्रेक लेना है। इस दौरान स्क्रीन को बिल्कुल न देखें। इसके साथ ही आपको रात के समय स्क्रीन से दूर रहना है वरना आपकी नींद खराब हो सकती है। रात में स्क्रीन देखने से मेलाटोनिन हॉर्मोन कम हो जाता है जो हमारे सोने के लिए जरूरी है इसलिए रात को स्क्रीन बंद कर दें।
इसे भी पढ़ें- नया चश्मा बनवाने जा रहे हैं तो हमेशा ध्यान रखें ये 6 बातें, गलती करने से बढ़ सकता है चश्मे का नंबर
3. आंखों के लिए क्यों फायदेमंद है ब्लू कट ग्लास? (Blue cut glasses for healthy eyes)
आप अगर दिन भर स्क्रीन देखकर काम करते हैं तो आपको अपने लिए ब्लू कट ग्लास बनवाने चाहिए। इससे स्क्रीन से आ रही हानिकारक रेज से आपकी आंखों पर सीधा नुकसान नहीं होगा। इसके साथ ही आप कंप्यूटर या लैपटॉप पर ब्लू लाइट फिल्टर लगाकर रखें जो ब्लू लाइट को आपकी आंखों तक पहुंचने नहीं देगा। इसके अलावा अगर आप रात के समय स्क्रीन देख रहे हैं तो आपको ब्राइटनेस कम रखनी है और कॉन्ट्रास्ट को ज्यादा कर दें। कोशिश करें कि रात में लाइट वाले डिवाइस से दूर रहें।
4. ड्रॉय आई होने पर क्या करें? (Dry eye treatment)
वर्क फ्रॉम होम के चलते लोग लंबे समय तक लैपटॉप स्क्रीन को देखते रहते हैं जिससे उनकी आंखें सूख जाती हैं और ड्राय आई की समस्या होती है। आपको भी ऐसी कोई समस्या है तो अपने डॉक्टर से संपर्क करें। ड्राय आई होने पर डॉक्टर आपको आई ड्राप दे सकते हैं। इससे आंखों में आंसुओं का निमार्ण होता है और आंखें सूखती नहीं हैं। अगर आपको डायबिटीज, हाइपरटेंशन, टीबी, अर्थराइटिस जैसी बीमारियां हैं तो आपको साल में एक बार आंखों की जांच जरूर करवानी चाहिए।
इसे भी पढ़ें- Essential Nutrients For Eyes: आंखों की रोशनी को तेज करने के लिए डाइट में जरूर शामिल करे ये आवश्यक पोषक तत्व
5. हेल्दी आंखों के लिए क्या खाएं? (Food for healthy eyes)
आंखों की सेहत के लिए स्वस्थ आहार का अहम किरदार है। आपको खाने में हरी सब्जियां जैसे पालक शामिल करना है। फलों में विटामिन सी से भरपूर संतरा खाएं। स्ट्रॉबेरी भी आंखों को हेल्दी रखती है। इसके साथ आप अंडे का सेवन करें। खाने के साथ-साथ आपको हर दिन 2 से 3 लीटर पानी का सेवन करना है।
इन आसान तरीकों से आप अपनी आंखों को हेल्दी रख सकते हैं, इससे आपका काम भी प्रभावित नहीं होगा।
Read more on Miscellaneous in Hindi