
सर्दियों में शकरकंद का खूब सेवन किया जाता है। शकरकंद न केवल खाने में स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। हालांकि, जो लोग वजन घटाना चाहते हैं, वे आलू और शकरकंद जैसी चीजों को खाने से परहेज करते हैं। ज्यादातर लोगों को लगता है कि शकरकंद खाने से मोटापा बढ़ता है। लेकिन, आपको यह जानकर हैरानी होगी कि शकरकंद खाने से वजन घटाने में मदद मिलती है। जी हां, शकरकंद को सामान्य आलू का एक स्वस्थ विकल्प माना जाता है। इसमें विटामिन ए, डायटरी फाइबर, मिनरल्स और फाइटोन्यूट्रिएंट जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो वजन कम करने में मददगार होते हैं। इसके साथ ही, शकरकंद में विटामिन के, विटामिन बी, विटामिन ई, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, कार्बोहाइड्रेट, फॉस्फोरस, पोटैशियम, बीटा कैरोटिन, नियासिन, सोडियम आदि पोषक तत्व पाए जाते हैं। शकरकंद खाने से भूख कम लगती है और मीठा खाने की क्रेविंग भी शांत होती है। आप वजन घटाने के लिए शकरकंद का सेवन कई तरीकों से कर सकते हैं। आइए जानते हैं वजन घटाने के लिए शकरकंद कैसे फायदेमंद है -
वजन घटाने के लिए शकरकंद के फायदे - Sweet Potato Benefits For Weight Loss In Hindi
डायटरी फाइबर से भरपूर
शकरकंद में काफी अधिक मात्रा में डायटरी फाइबर मौजूद होता है, जो वजन कम करने में मदद करता है। ज्यादा डायटरी फाइबर वाला भोजन करने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। इससे भूख कम लगती है और आप जंक फूड खाने से बच जाते हैं। फाइबर युक्त शकरकंद खाने से शरीर का मेटाबॉलिज्म तेज होता है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है।
एनर्जी देता है
कई लोग वजन कम करने के चक्कर में कार्बोहाइड्रेट्स को अपनी डाइट से पूरी तरह बाहर निकाल देते हैं। हालांकि, अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो आपको कार्बोहाइड्रेट्स को छोड़ने की जरूरत नहीं है। कार्ब्स से शरीर को एनर्जी मिलती है। इससे आपको दिनभर के कामों के लिए एनर्जी मिलती है। इससे आप ज्यादा वॉक या एक्सरसाइज कर सकते हैं। शरीर में कार्ब्स की कमी के कारण थकान या कमजोरी महसूस हो सकती है
कैलोरी कम होती है
शकरकंद में कैलोरी की मात्रा काफी कम होती है। 100 ग्राम शकरकंद में लगभग 85 कैलोरी होती है। शकरकंद का सेवन करने से शरीर में कैलोरी की मात्रा नियंत्रित रहती है, जिससे वजन कम करने में मदद मिलती है। अगर आप वजन घटाना चाहते हैं तो लो कैलोरी स्नैक के तौर पर शकरकंद का सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने के लिए रोज पिएं आंवले की चाय, जानें इसके फायदे और बनाने का तरीका
पानी की मात्रा भी अधिक होती है
शकरकंद में पानी की मात्रा भी अधिक होती है। शरीर में पानी की कमी के कारण मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे वजन बढ़ने लगता है। शकरकंद का सेवन करने से शरीर में डिहाइड्रेशन की समस्या नहीं होती है। इससे शरीर का मेटाबॉलिज्म भी सुधरता है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है।
भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स
शकरकंद में जिंक, केटालेज और स्पोरिम्स जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर को सूजन से तनाव से बचाते हैं। इससे वजन कम करने में मदद मिलती है। इसके साथ ही, शकरकंद में मौजूद तत्व शरीर को एनर्जेटिक और यूथफुल रखने में भी मदद करते हैं।
वजन घटाने के लिए कैसे खाएं शकरकंद - How To Eat Sweet Potato For Weight Loss
उबालकर खाएं शकरकंद
आप शकरकंद को उबालकर भी खा सकते हैं। आप इसमें स्वाद के लिए हल्के मसाले भी शामिल कर सकते हैं। यह आपके लिए एक हेल्दी ब्रेकफास्ट विकल्प साबित होगा। इससे आपको लंबे समय तक भूख नहीं लगेगी, जिससे वजन कम करने में मदद मिलेगी।
शकरकंद की चाट
वजन घटाने के लिए आप शकरकंद की चाट बनाकर खा सकते हैं। इसके लिए आप शकरकंद को ड्राई रोस्ट कर लें। इसमें काली मिर्च, जीरा, नींबू और नमक डालकर इसका सेवन करें। इससे आपको वजन घटाने में मदद मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: वजन कम करने के लिए बहुत फायदेमंद हैं गोटू कोला की पत्तियां, जानें सेवन का तरीका
How To Eat Sweet Potato For Weight Loss In Hindi: अगर आप आसानी से वजन घटाना चाहते हैं, तो अपनी डाइट शकरकंद को जरूर शामिल करें। हालांकि, ध्यान रखें कि शकरकंद को तलने के बजाय उबालकर या भूनकर खाएं। इसके अलावा, शकरकंद का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। ज्यादा मात्रा में शकरकंद का सेवन करने से वजन बढ़ सकता है।