
Home Remedies For Sinus During Summer In Hindi: साइनस की समस्या को साइनसाइटिस के नाम से जाना जाता है। इस बीमारी में साइनस में मौजूद ऊतकों (टिश्यूज) में सूजन हो जाती है। साइनस होने पर कई लक्षण दिखाई देते हैं, जैसे नाक बहना, चेहरे में दर्द, कभी-कभी बुखार आना आदि। यह समस्या आमतौर पर सर्दी-जुकाम की वजह से होती है। लेकिन फंगाई, बैक्टीरिया और एलर्जी भी इसके मुख्य कारकों में शामिल हैं। हालांकि, गर्मी के दिनों में यह स्थिति बदतर होने लगती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इन दिनों लोग खुद को गर्मी से बचाने के लिए ज्यादातर समय एसी वाले कमरे में रहते हैं, ठंडी आइस्क्रीम खाते हैं और गला तर करने के लिए ठंडा पानी पीते हैं। आइए, जानते हैं कि साइनस के लक्षणों को घरेलू उपायों की मदद से कैसे कम किया जा सकता है।
चेहरे पर भाप लें
साइनस से छुटकारा पाने का सबसे आम तरीका है, चेहरे पर भाप लेना। साइनस से आराम पाने का यह सबसे प्रभावी तरीका भी माना जाता है। भाप लेने से साइनस मॉइस्चराइज होता है। दरअसल, भाप लेते हुए सांस लेने से साइनस के टिश्यूज रिलैक्स होते हैं और क्लीन होते हैं। अगर आपके लिए भाप लेना संभव नहीं है, तो आप गुनगुने पानी से शॉवर भी ले सकते हैं। इससे भी साइनस की प्रॉब्लम में आराम मिल सकता है। वैसे, भाप लेना बहुत ही आसान है। भाप लेने के बाद आप एक बड़ा पतीला लें। इसे आधे से ज्यादा पानी से भर लें। अब पानी को गैस पर रखकर उबाल आने तक इंतजार करें। उबाल आने के बाद सावधानी से बर्तन को गैस से उतार लें। अब इस पानी से निकल रहे भाप को आप लेने की कोशिश करें। इसके लिए, आप एक तौलिया या कोई कपड़ा ले लें। इसे अपने सिर पर रखें और सिर की दाईं और बाईं तरफ से तौलिए का जो हिस्सा लटक रहा है, उससे पतीला कवर कर लें। इस तरह पतीला से निकल रही भाप सीधे आपके चेहरे पर लगेगी। लेकिन ऐसा करते हुए आप बहुत सावधान रहें, ताकि पानी गिरे नहीं। आप चाहें, तो पानी को हल्का ठंडा होने के बाद भी इस प्रक्रिया को दोहरा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: साइनस को जड़ से खत्म करते हैं ये 5 घरेलू नुस्खे
गर्म और ठंडी सिंकाई करें
साइनस से राहत पाने के लिए गर्म और ठंडाई सिंकाई भी बहुत कारगर है। इस तरह की सिंकाई में आपको एक बार गर्म कपड़े से अपने नाक, गाल और माथे की सिंकाई करनी है और दूसरी बार ठंडी सिंकाई करनी है। सबसे पहले आप गर्म सिंकाई करें। अगर आप गर्म कपड़े की मदद से सिंकाई कर रहे हैं, तो कपड़े को नाक, गाल और माथे पर कम से कम 2-3 मिनट तक रखें। इसके बाद, इसे हटाकर करीब 30-35 सेकंड तक कोल्ड कंप्रेस यानी ठंडी सिकाई करें। इस प्रक्रिया को एक बार में दो से तीन बार दोहरा सकते हैं। पूरे दिन में करीब 6 बार ऐसा करें। आपको बहुत आराम मिलेगा।
इसे भी पढ़ें: आम सर्दी और खांसी की तरह ही होती है साइनस की समस्या, जानें इससे छुटकारा पाने के आसान तरीके
गर्म सूप पिएं
सूप के तौर पर आप वेजिटेबल सूप या चिकन सूप पी सकते हैं। विशेषज्ञों की मानें, तो गर्म सूप में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो साइनस की प्रॉब्लम से राहत दिलाने में मदद करते हैं। दरअसल, सूप की मदद से सर्दी-जुकाम में राहत मिलती है और साइनस कंजेशन, जुकाम से जुड़ी समस्या ही है। ऐसे में अगर आप साइनस की प्रॉब्लम के दौरान सूप पीते हैं, तो आपको आराम मिल सकता है। सूप की ही तरह आप हर्बल चाय का भी उपयोग कर सकते हैं। इससे भी आपको साइनस से रिकवरी करने में मदद मिलेगी।
नैजल स्प्रे यूज करें
इन दिनों मार्केट में कई ऐसे नैजल स्प्रे मिलते हैं, जिससे साइनस की प्रॉब्लम को दूर किया जा सकता है। असल में, ये स्प्रे नाक में जमा म्यूकस यानी बलगम को साफ करके नाक को क्लीन करने का काम करता है। आपको बता दें कि कुछ लोगों को एलर्जी की वजह से जुकाम लग जाता है, जिस वजह से उन्हें छींके आनी शुरू हो जाती है। इस कंडीशन में भी स्प्रे का यूज कर सकते हैं। ऐसा करने से आपको आराम मिल जाएगा।
image credit: freepik