
Home Remedies For Acid Reflux In Children In Hindi : बच्चों को शाीरिक विकास के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार की आवश्यकता होती है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की डाइट पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। लेकिन, कई बार बच्चे खाना खाने में आनाकानी करते हैं, ऐसा करना बच्चों के लिए हानिकारक हो सकता है। सीने में जलन की समस्या बड़ों के साथ ही, बच्चों को भी हो सकती है। कुछ बच्चों को सीने में जलन (एसिड रिफ्लक्स) की समस्या के कारण भूख नहीं लगती है। पाचन क्रिया खराब होने की वजह से बच्चों को गैस, अपच और सीने में जलन की समस्या हो सकती है। इस समस्या में आप कुछ घरेलू उपायों को अपना सकते हैं। इन उपायों को अपनाने से बच्चों को समस्या में आराम मिलता है। इस विषय पर डायटीशियन शिवाली गुप्ता ने बताया कि किन उपायों को अपनाने से आप बच्चों में एसिड रिफ्लक्स की समस्या को कम कर सकते हैं।
बच्चों में सीने में जलन को दूर करने के घरेलू उपाय - Home Remedies For Acid Reflux In Children In Hindi
बच्चों की पाचन क्रिया धीरे-धीरे निर्मित हो रही होती है, ऐसे में उनको सीने में जलन की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। जबकि कुछ बच्चों को आहार नली में समस्या के कारण सीने में जलन की परेशानी हो सकती है। इसके अलावा, बच्चों में मोटापा, कुछ विशेष तरह की दवाओं के असर, नसों से जुड़ी परेशानी, पेट में किसी तरह का विकार व मसालेदार खाना खाने से सीने में जलन की समस्या हो सकती है। आगे जानते हैं इस समस्या में किन घरेलू उपायों को अपनाने से बच्चे को आराम मिल सकता है।
दही का करें सेवन
दही पेट संबंधी समस्याओं को दूर करने में सहायक होता है। इसमें एलक्लाइन (क्षारीय) गुण होते हैं, जो आहार नली (Esophagus) की जलन को शांत करने में सहायक होते हैं। इसके अलावा, दही शरीर के पीएच लेवल को बैलेंस करने में मददगार होता है। इससे पाचन क्रिया बेहतर होती है और पेट की मांसपेशियों को भी आराम मिलता है।
इसे भी पढ़ें : बच्चों में लिवर इंफेक्शन होने पर दिखाई देते हैं ये 5 लक्षण, जानें कैसे किया जाता है इसका इलाज
सौंफ का करें उपयोग
सौंफ भी सीने में जलन को दूर करने के लिए इस्तेमाल की जा सकती है। इसमें एनिथोल नामक तत्व पाया जाता है, जो गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ऐंठन और गर्ड (GERD) जैसी कुछ समस्याओं को कम करने में सहायक होता है। इसके लिए आप पानी में सौंफ को उबाल लें और इसे छानकर गुनगुना होने पर बच्चे को पिलाएं।
एप्पल साइडर विनेगर
बच्चों को सीने में जलन होने पर आप उन्हें एप्पल साइडर विनेगर दे सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास पानी में करीब एक चम्मच एप्पल साइडर विनेगर मिलाएं। एप्पल साइडर विनेगर शरीर के पीएच लेवल को बैलेंस करने में सहायक होता है। बच्चे को खाने के बाद आप उन्हें दो से तीन चम्मच एप्पल साइडर विनेगर दे सकती हैं।
नारियल तेल का करें उपयोग
बच्चों को सीने में जलन होने पर आप खाना बनाते समय नारियल के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। नारियल का तेल बच्चों को पचाने में परेशानी नहीं होती है। साथ ही, उनको गैस और एसिडिटी से भी आराम मिलता है।
इसे भी पढ़ें : बच्चों के नाक से खून आने पर अपनाएं ये घरेलू उपाय, मिलेगा तुरंत आराम
तुलसी की पत्तियां
एसिड रिफ्लक्स यानी सीने में जलन की समसया में तुलसी के पत्ते बेहद ही कारगर उपाय माने जाते हैं। इसके उपयोग के लिए आप एक गिलास पानी में तीन से चार तुलसी के पत्तों को डालकर उबाल लें। इसके बाद पानी को छानकर सुबह व शाम बच्चे को दें। इससे बच्चे की पेट संबंधी समस्याएं दूर होती हैं।
अगर, आपके बच्चे को सीने में जलन की वजह से ज्यादा परेशानी हो रही है, तो ऐसे में आप डॉक्टर से संपर्क करें। बच्चे को किसी भी तरह की परेशानी होने पर उसे अनदेखा न करें।