कई लोगों के घरों में नियम होता है कि बाहर पहनने वाले जूते-चप्पलों को अंदर पहनकर नहीं जा सकते हैं। वहीं, कुछ लोग ऐसे भी होते हैं कि घर लौटते ही बिना जूते उतारे सीधे अंदर चले आते हैं। लेकिन, क्या आपको पता है कि यह मामूली सी लगने वाली लापरवाही आपकी सेहत पर बुरा असर डाल सकती है।
Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida का कहना है कि जूतों की तली पर खतरनाक बैक्टीरिया और कीटाणु चिपके होते हैं। जब हम इन जूतों को पहनकर घर के अंदर घूमते हैं तो ये बैक्टीरिया फर्श के जरिए हमारे पूरे घर में फैल जाते हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत के लिहाज से यह बहुत खतरनाक साबित हो सकता है।
घर के अंदर जूते-चप्पल पहनकर रहने से सेहत को क्या नुकसान होते हैं?
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि घर के बाहर चलते समय जूतों के तलवे अलग-अलग सतहों के संपर्क में आते हैं। सड़क, मिट्टी और अन्य गंदी जगहों से धूल और बैक्टीरिया जूतों पर चिपक जाते हैं. घर के अंदर इन्हीं जूतों से चलने पर यह गंदगी फर्श पर फैल सकती है।
घर के अंदर जूते पहनने से ज्यादा परेशानी उन घरों में हो सकती है, जहां छोटे बच्चे फर्श पर खेलते हैं, लोग फर्श पर बैठते हैं या पालतू जानवर रहते हैं। बच्चे अक्सर हाथों से फर्श छूने के बाद अपना चेहरा या मुंह छू लेते हैं। इसलिए, घर में बाहर की गंदगी कम लाना हाइजीन के लिहाज से एक अच्छी आदत है।
इसे भी पढ़ें: क्या गर्मियों में पूरे दिन जूते पहनकर रखना सही है? जानें डॉक्टर से
साल 2008 में CIRI (Cleaning Industry Research Institute) में प्रकाशित स्टडी में यह पाया गया है कि हमारे जूतों की बाहरी सतह पर खतरनाक बैक्टीरिया (जैसे कोलिफॉर्म और ई. कोलाई) मौजूद होते हैं, जो घर के फर्श पर 90% से 99% तक आसानी से ट्रांसफर हो जाते हैं। स्टडी में सामने आया कि जूतों को मशीन में धोने से उनकी बाहरी सतह पर बैक्टीरिया 99% तक और अंदर की तरफ 90% तक कम हो जाते हैं, जिससे घर को कीटाणुओं से सुरक्षित रखना आसान हो जाता है।
Shoes-inside-house-health-risks
घर के अंदर जूते लाने से फैल सकती हैं ये गंभीर बीमारियां
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, जूते अपने आप बीमारी पैदा नहीं करते हैं, लेकिन अगर उनके तलवों पर बैक्टीरिया मौजूद हों तो वे इंफेक्शन के फैलने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके कारण आपको ये समस्याएं हो सकती हैं-
1. दस्त और आंतों का इंफेक्शन
कुछ बीमारी फैलाने वाले बैक्टीरिया गंदगी या मल से दूषित सतहों के जरिए मुंह तक पहुंच सकते हैं। खासकर छोटे बच्चों में हाथ और मुंह के संपर्क में ज्यादा होने के कारण साफ-सफाई जरूरी है।
2. स्किन से जुड़े इंफेक्शन
कुछ बैक्टीरिया स्किन पर इंफेक्शन पैदा कर सकते हैं। फर्श की गंदगी और संक्रमित सतहों के संपर्क से स्किन से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है।
3. स्टैफिलोकोकस से जुड़े संक्रमण
स्टैफिलोकोकस या MRSA जैसे बैक्टीरिया जूतों और फर्श पर पाए जाते हैं, जिससे आपको यह इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि, घर में जूते पहनना अकेले MRSA इंफेक्शन का कारण नहीं बनता है।
4. C. diff से जुड़ा इंफेक्शन
क्लोस्ट्रिडियोइड्स डिफिसाइल, जिसे आम तौर पर सी. डिफ (C. diff) कहा जाता है। इसके स्पोर जूतों और फर्श पर पाए जाते हैं, जो एक हानिकारक बैक्टीरिया है, जो बड़ी आंत में इंफेक्शन और सूजन का कारण बनता है।
इसे भी पढ़ें: कहीं लगातार एड़ी में दर्द का कारण हील तो नहीं? जानें किन लोगों को नहीं पहनने चाहिए ऐसे जूते
घर को बैक्टीरिया फ्री रखने के लिए फॉलो करें जूते-चप्पल से जुड़े ये नियम
Dr. Akshay Chugh के मुताबिक, घर को बैक्टीरिया फ्री रखने के लिए जूते-चप्पल पहनने से जुड़ी इन टिप्स को फॉलो करें-
- दरवाजे पर जूते उतारें- घर के अंदर घुसने से पहले ही एक अलग जगह बनाएं। इससे बाहर की मिट्टी और गंदगी अंदर के कमरों तक कम पहुंचेगी और घर साफ रहेगा।
- घर के लिए अलग चप्पल रखें- बाहर आने-जाने और घर के अंदर पहनने वाले चप्पल को हमेशा अलग रखें। घर के अंदर पहनने वाली चप्पल को समय-समय पर साफ करते रहें।
- फर्श की नियमित रूप से साफ करें- सिर्फ जूतों को घर के बाहर उतारना काफी नहीं है, बल्कि फर्श पर जमी धूल और गंदगी को नियमित रूप से हटाना भी जरूरी है। इसलिए, फर्श की अच्छी तरह साफ-सफाई करें।
- बच्चों के खेलने की जगह साफ रखें- अगर बच्चे फर्श पर खेलते हैं तो उस हिस्से की सफाई का खास ध्यान रखें। खाने से पहले हाथ धोने की आदत भी बनाए रखना जरूरी है।
निष्कर्ष
अपनी और अपने परिवार की सेहत को सुरक्षित रखने के लिए यह बहुत जरूरी है कि घर के बाहर पहने जाने वाले जूतों को हमेशा दरवाजे पर ही उतारें। घर के अंदर साफ चप्पलों का इस्तेमाल करें और समय-समय पर अपने जूतों की सफाई का खास ध्यान रखें।
Image Credit: Freepik
FAQ
क्या सिर्फ फर्श साफ करने से जूतों के बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं?
रोजमर्रा की समस्या सफाई या झाड़ू-पोछा लगाने से फर्श की धूल तो साफ हो जाती है, लेकिन कई बैक्टीरिया फिर भी सतह पर रह जाते हैं।घर के बाहर जूते उतारने की आदत कैसे डालें?
इस आदत को अपनाने के लिए घर के मुख्य दरवाजे या ठीक अंदर एक शू-रैक और घर के अंदर पहनने के लिए आरामदायक स्लिपर्स रखें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 29, 2026 20:33 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
