कई लोग दांतों में कैविटी की समस्या से परेशान रहते हैं। इससे राहत के लिए उसे साफ करके फिलिंग करना एक आम डेंटल प्रक्रिया है। फिलिंग कराने के बाद दांतों की समस्या से राहत भी मिलती है, लेकिन कई लोगों को इसके बाद भी दांतों में झनझनाहट या हल्का दर्द होने की समस्या हो सकती है। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल आता है कि फिलिंग के बाद भी दांतों में सेंसिटिविटी या दर्द की समस्या नॉर्मल है? आइए इस बारे में देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट, डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह से जानें।
फिलिंग के बाद दांतों में सेंसिटिविटी होना नॉर्मल है?
डॉ. लोकेश बहादुर सिंह के अनुसार, हां, फिलिंग के बाद दांतों में हल्की सेंसिटिविटी होना आमतौर पर नॉर्मल है। ऐसा इसलिए हो सकता है, क्योंकि प्रोसीजर के दौरान दांत और उसके अंदर की नस में कुछ समय के लिए जलन या परेशानी हो सकती है। ऐसा तब ज्यादा होता है जब कैविटी गहरी हो और फिलिंग नस के पास ही गई हो।
इसे भी पढ़ें: दांतों की सेंसिटिविटी दूर करेगा फिटकरी और सेंधा नमक, बस ऐसे करें यूज डॉक्टर से जानें
फिलिंग के बाद सेंसिटिविटी कितने समय तक रहती है?
डॉ. लोकेश कहते हैं, फिलिंग के बाद सेंसिटिविटी आमतौर पर कुछ दिनों में बेहतर होने लगती है और एक से दो हफ्तों में ठीक हो जाती है। अगर फिलिंग गहरी थी, तो दांत को पूरी तरह ठीक होने में लगभग तीन से चार हफ्ते लग सकते हैं।
हालांकि, समय के साथ सेंसिटिविटी धीरे-धीरे कम होनी चाहिए। इसे लगातार बढ़ना नहीं चाहिए या हर दिन ज्यादा दर्दनाक नहीं होना चाहिए। अगर सेंसिटिविटी की समस्या बढ़ रही है, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होता है।

कब ज्यादा होती है सेंसिटिविटी की समस्या?
डॉ. लोकेश कहते हैं, कुछ ठंडा, गर्म या मीठा खाते समय या चबाते समय आपको सेंसिटिविटी महसूस हो सकती है। अगर फिलिंग थोड़ी ऊंची है, तो चबाते समय दांत में दर्द हो सकता है, क्योंकि उस पर ज्यादा दबाव पड़ रहा होता है। आपके डेंटिस्ट फिलिंग को एडजस्ट करके इसे ठीक कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या मुंह के ड्राई होने से कैविटी का खतरा बढ़ सकता है? डेंटिस्ट से जानें
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. लोकेश बताते हैं, अगर दर्द बहुत तेज है, धड़कन जैसा महसूस होता है, बिना किसी वजह के दांतों में दर्द होता है, गर्म या ठंडी चीज खाने के बाद लंबे समय तक बना रहता है या इसके साथ सूजन या बुखार भी है, तो इसे नज़रअंदाज़ न करें।
ये लक्षण नस में गहरी सूजन या दांत की किसी और समस्या की ओर इशारा कर सकते हैं। इसलिए, अगर ठीक होने के नॉर्मल समय के बाद भी सेंसिटिविटी बनी रहती है या खराब हो रही है, तो तुरंत डेंटिस्ट से सलाह लें, ताकि समय रहते किसी भी गंभीर स्थिति से बचा जा सके।
निष्कर्ष
दांतों में फिलिंग कराने के बाद भी दर्द और सेंसिटिविटी होने की समस्या हो सकती है। यह समस्या अक्सर खाना चबाते समय, गर्म या मीठा खाते समय ज्यादा होती है। हालांकि दांतों में सेंसिटिविटी की समस्या कुछ दिनों या हफ्तों में ठीक हो सकती है।
ध्यान रहे, दांतों में गंभीर दर्द या सेंसिटिविटी की समस्या लगातार बनी रहती है या धड़कन जैसा दर्द होता है, गर्म या ठंडा खाने पर दर्द, सूजन या बुखार जैसी समस्या होती है, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। जिससे किसी भी गंभीर समस्या से समय रहते बचा जा सके।
All Images Credit- Freepik
FAQ
दांतों की सेंसिटिविटी के क्या लक्षण हैं?
दांतों में सेंसिटिविटी होने पर व्यक्ति को गर्म, ठंडा, खट्टा या मीठा खाने-पीने पर दांतों में अचानक से झनझनाहट होने और ब्रश करते समय दर्द होने जैसे लक्षण दिख सकते हैं।फिलिंग कब कराई जाती है?
दांतों में सड़न, दरार आने, दांत घिसने पर, छेद या कैविटी होने जैसी स्थिति में फिलिंग कराई जाती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 16, 2026 18:55 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Lokesh Bahadur Singh