यह बात आप सभी जानते होंगे कि दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ गया है। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक एक्यूआई गंभीर स्थिति तक पहुंच गया है। क्या आप जानते हैं कि दिवाली के बाद सिर्फ घर के बाहर की हवा ही प्रदूषित नहीं होती है, बल्कि घर के अंदर की हवा में भी पॉल्यूटेंट्स बढ़ जाते हैं? सवाल है, ऐसा क्यों होता है और इनडोर एयर क्वालिटी को सुधारने के लिए क्या कर सकते हैं?
दिवाली के बाद घर के अंदर प्रदूषण क्यों महसूस होता है?
How To Improve Indoor Air Quality Post Diwali
KIMS हॉस्पिटल्स, महादेवपुरा बेंगलुरु के लीड और सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज बताते हैं, "आपने महसूस किया होगा कि दिवाली के बाद सिर्फ बाहर की हवा ही नहीं, घर के अंदर की हवा भी प्रदूषित हो जाती है। सवाल है, ऐसा क्यों होता है? दरअसल, दिवाली के दौरान पटाखों से निकलने वाला धुआं, जिसमें फाइन पार्टिकल्स, सल्फर डाइऑक्साइड और मेटल कंपाउंड शामिल होते हैं। ये सभी तत्व दरवाजों, खिड़कियों और वेंटिलेशन के जरिए आसानी से घरों के अंदर घुस जाते हैं, जो कुछ ही देर में पूरे घर में फैल जाते हैं। लेकिन, ये बाहर नहीं निकल पाते हैं।" डॉ. एस.एम. फयाज आगे कहते हैं, "ये प्रदूषित कण लंबे समय तक घर के अंदर ही बने रहते हैं। ऐसे में सांस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोगों की समस्या बढ़ जाती है। इसके अलावा, सर्दियों की शुरुआत के कारण हवा की धीमी गति प्रदूषण को जमीन के पास ही जकड़ लेती है, जिससे घर के अंदर और बाहर दोनों जगह की हवा लंबे समय तक साफ नहीं हो पाती।"
Environmental Monitoring and Assessment में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, पटाखों से दिवाली के दिन एयर क्वालिटी पर बहुत बुरा असर पड़ता है। दिवाली से ठीक पहले से हवा में पॉल्यूटेंट्स का स्तर बढ़ना शुरू होता है और दिवाली की रात अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच जाता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि दिवाली के दौरान PM10 का स्तर सामान्य दिनों की तुलना में 2 से 4 गुना तक बढ़ जाता है। वहीं, सर्दियों की शुरुआत भी इस पर प्रतिकूल असर डालती है।
इसे भी पढ़ें: दिवाली के बाद लगातार खांसी हो रही है? जानें प्रदूषण और इंफेक्शन में कैसे करें फर्क
दिवाली के बाद इनडोर एयर क्वालिटी में कैसे सुधार करें?
एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करेंः दिवाली के बढ़ते प्रदूषण के स्तर को आप रोक नहीं सकते हैं और न ही एयर क्वालिटी को बदल सकते हैं। लेकिन घर की हवा को साफ करने के लिए एयर प्यूरीफायर का उपयोग किया जा सकता है। खासकर, बेडरूम और ज्यादा इस्तेमाल होने वाले कमरों में, एयर प्यूरीफायर जरूर लगाएं। इससे कमरे की हवा साफ होती है, जिससे ब्रीदिंग इश्यूज में कमी आती है। Lung India में प्रकाशित एक वैज्ञानिक शोध समीक्षा के अनुसार, एयर फिल्टर का इस्तेमाल करने से (खासकर HEPA फिल्टर) 0.3 माइक्रोन तक के हानिकारक कणों, धूल और एलर्जेंस को 99.97% तक रोकने में सक्षम होते हैं।
खिड़की-दरवाजे कम खोलेंः कमरे के अंदर वेंट या खिड़की के जरिए प्रदूषित हवा घुस जाती है। इसलिए, जब तक एयर क्वालिटी में सुधार नहीं होता है, कमरे के अंदर की खिड़कियां और दरवाजे पूरी तरह बंद रखें। अगर आपको बंद कमरे में घुटन महसूस होती है, तो दरवाजे-खिड़की खोलने के लिए सही समय का चयन करें। जैसे उस समय (दोपहर 12 से 4 बजे के बीच) दरवाजा या खिड़की खोल सकते हैं, जब हवा कम प्रदूषित होती है।
घर के अंदर धुआं न करेंः जैसा कि आप जानते हैं कि पहले से ही हवा की क्वालिटी खराब है। ऐसे में कोशिश करें कि कमरे के अंदर की हवा को और प्रदूषित न करें। कहने का मतलब है कि कमरे के अंदर अगरबत्ती, धूपबत्ती, खुशबूदार मोमबत्तियां जलाने से बचें। इसके अलावा, घर के अंदर सिगरेट पीने से बचें, क्योंकि इससे घर की हवा और ज्यादा खराब होती है।
इसे भी पढ़ें: ठंडी हवा लगते ही अस्थमा के मरीजों की सांस क्यों फूलने लगती है? डॉक्टर से समझें कारण और बचाव के उपाय
कौन अधिक सतर्क रहें?
वैसे तो बढ़ते प्रदूषण में स्वस्थ और वयस्क लोगों की भी तबीयत खराब हो सकती है। इसलिए, इन दिनों किसी को भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए। लेकिन, कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिन्हें खराब एयर क्वालिटी सबसे ज्यादा प्रभावित करती है, जैसे-
- छोटे बच्चेः अगर घर में बच्चे हैं, तो ऊपर बताए गए सभी उपायों को जरूर अपनाएं। असल में, छोटे बच्चे, खासकर जिन्हें अस्थमा या ब्रीदिंग इश्यू है, इन दिनों उनकी समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। उनके कमरे में एयर प्यूरीफायर जरूर रखें और कुछ दिनों के लिए उन्हें घर से बाहर जाने न दें।
- बुजुर्ग व्यक्तिः अगर घर में बुजुर्ग हैं, तो भी आप सावधानी जरूर बरतें। उनके लिए भी इन दिनों घर से बाहर निकलना सही नहीं है। असल में, कई बुजुर्ग पहले से ही किसी न किसी तरह की क्रॉनिक डिजीज का शिकार होते हैं। ऐसे में खराब एयर क्वालिटी के संपर्क में आने से उनकी सेहत और बिगड़ सकती है।
एक्सपर्ट की सलाह
दिवाली के बाद से बढ़ते प्रदूषण की मार हर कोई झेल रहा है। ऐसे में आप अपने स्वास्थ्य को कैसे सही रख सकते हैं? इसके लिए बहुत जरूरी है कि आप घर में रहते हुए न सिर्फ हवा को साफ रखने पर जोर दें, बल्कि जब भी घर से बाहर निकलें, मास्क जरूर पहनें। ध्यान रखें कि इन दिनों साधारण मास्क पहनने के बजाय N95 मास्क ही पहनें। यह फाइन पार्टिकल्स से भी आपकी रक्षा करता है।
निष्कर्ष
स्वस्थ और सांस संबंधी समस्याओं से बचने के लिए दिवाली के बाद से घर की हवा को भी साफ रखना जरूरी है। इसके लिए, घर में एयर प्यूरीफायर यूज करें, घर में धुआं न करें और न ही घर की खिड़की-दरवाजे खोलकर रखें। इन दिनों, जितना संभव हो, घर के अंदर रहें। विशेषकर, बच्चों को बाहर खेलने न भेजें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या इनडोर पौधे (जैसे स्नेक प्लांट या मनी प्लांट) दिवाली के पटाखों के धुएं और PM2.5 को पूरी तरह सोख सकते हैं?
इनडोर पौधे कार्बन डाइऑक्साइड और कुछ टॉक्सिन्स कम करते हैं, लेकिन वे पटाखों के भारी PM2.5 और जहरीले सल्फर धुएं फिल्टर नहीं होते हैं।दिवाली के बाद घर में खाना बनाते समय किचन की चिमनी या एग्जॉस्ट फैन चलाना जरूरी क्यों होता है?
खिड़कियां बंद रहने के कारण खाना पकाने का धुआं और तेल के कण घर के अंदर फंस जाते हैं, जिससे इनडोर प्रदूषण का स्तर बाहर और ज्यादा बढ़ जाता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 09, 2026 13:29 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Prof Dr S M Fayaz
