एक्जिमा त्वचा से जुड़ी एक आम बीमारी है। एक्जिमा होने पर त्वचा पर सूजन आ जाती है, जिससे वह सूखी, लाल, खुरदरी और बहुत ज्यादा खुजली वाली हो जाती है। असल में, एक्जिमा होने की स्थिति में त्वचा की सुरक्षात्मक परत कमजोर हो जाती है, जिससे त्वचा के लिए अपनी नमी बनाए रखना और बाहर के धूल-धुआं या नुकसानदायक तत्वों से खुद का बचाव करना मुश्किल हो जाता है। बहरहाल, यहां यह सवाल जरूर उठता है कि यह समस्या कैसे शुरू होती है? इस बारे में जानने के लिए हमने राजौरी गार्डन स्थित कॉस्मेटिक स्किन क्लिनिक की कॉस्मेटोलॉजिस्ट और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. करुणा मल्होत्रा से बात की।
त्वचा पर एक्जिमा की शुरुआत कैसे होती है?
-1786361108326.webp)
जैसा कि यह स्पष्ट है कि एक्जिमा त्वचा से संबंधित समस्या है। त्वचा की सुरक्षात्मक परत कमजोर होने पर यह समस्या होती है। इस बारे में डाॅ. करुणा मल्होत्रा बताती हैं, "जब त्वचा की कमजोर सुरक्षा परत अंदर की नमी को बाहर निकलने देती है और बाहर के हानिकारक तत्वों को अंदर आने देती है, तो इससे हमारा इम्यून सिस्टम प्रतिक्रिया देने लगता है। इसके कारण त्वचा में लालिमा, सूजन और तेज खुजली होने लगती है।"
इसे भी पढ़ें: एक्जिमा होने पर साबुन से नहाना चाहिए या नहीं? जानें डर्मेटोलॉजिस्ट से
त्वचा पर एक्जिमा के शुरुआती लक्षण
तेज खुजली होना
एक्जिमा होने पर त्वचा पर तेज खुजली होने लगती है। यह इसका सबसे शुरुआती लक्षण है। दरअसल, एक्जिमा के कारण त्वचा ड्राई हो जाती है, जिससे बाहर के हानिकारक तत्व आसानी से त्वचा के अंदर घुस जाते हैं। नतीजतन, शरीर का इम्यून सिस्टम बहुत ज्यादा एक्टिव हो जाता है और साइटोकाइन्स व हिस्टामाइन जैसे रसायनों को रिलीज करता है। ये केमिकल्स त्वचा की तंत्रिकाओं को उत्तेजित कर देते हैं, जिससे खुजली की समस्या ट्रिगर हो जाती है। StatPearls के अनुसार एक्जिमा होने पर तेज खुजली होती है और इनका आपस में गहरा संबंध भी है।
त्वचा का ड्राई होना
-1786361246519.webp)
एक्जिमा के कारण त्वचा ड्राई भी हो जाती है। कहने की जरूरत नहीं कि एक्जिमा की वजह से प्रोटेक्टिव लेयर डैमेज हो जाती है। यह नुकसान आनुवंशिकी, इम्यून सिस्टम के सिग्नल्स और फिलाग्रिन नाम के एक मुख्य प्रोटीन की कमी के कारण होता है। फिलाग्रिन की कमी की वजह से त्वचा पानी को रोककर नहीं रख पाती, जिससे नमी स्किन से बाहर निकलने लगती है। ऐसे में हानिकारक रसायन भी त्वचा में घुस जाते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या एक्जिमा पर सीधे नीम का तेल लगाया जा सकता है? जानें ऐसा करें या नहीं
त्वचा के रंग में बदलाव
British Journal of Community Nursing के अनुसार एक्जिमा होने पर त्वचा का रंग स्पष्ट रूप से लाल या गहरा दिखाई देता है प्रभावित हिस्से में हल्की रेडनेस नजर आने लगती है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि जब इम्यून सिस्टम किसी ट्रिगर पर प्रतिक्रिया देता है, तो इससे त्वचा में सूजन आ जाती है। इसी इम्यून रिस्पॉन्स के कारण त्वचा की सतह पर मौजूद रक्त वाहिकाएं चौड़ी हो जाती हैं। नतीजतन, त्वचा लाल नजर आने लगती है या त्वचा का रंग असमान दिखता है।
छोटे-छोटे लाल दाने
एक्जिमा के कुछ शुरुआती लक्षणों में छोटे-छोटे दाने होना भी शामिल हैं। इस संबंध में डाॅ. करुणा मल्होत्रा बताती हैं, "एक्जिमा के कारण इम्यून सिस्टम अत्यधिक सक्रिय हो जाता है और त्वचा में सूजन बढ़ जाती, जिस कारण छोटे, उभरे हुए दाने बनने लगते हैं। यह त्वचा की ऊपरी परतों में सूजन पैदा करता है, जिससे सामान्य सपाट और सूखे पैच बनने के बजाय छोटे-छोटे तरल पदार्थ से भरे छाले (जैसे कि डिसहाइड्रोटिक एक्जिमा में) या ठोस उभरे हुए दाने बनने लगते हैं।"
त्वचा का अधिक संवदेनशील होना
एक्जिमा के कारण त्वचा अधिक संवेदनशील हो जाती है। यह इसके शुरुआती लक्षणों में शामिल है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि एक्जिमा के कारण त्वचा की बाहरी परत कमजोर हो जाती है और त्वचा रुखी तथा बेजान नजर आने लगती है। यही कारण है कि एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि एक्जिमा होने पर केमिकल युक्त साबुन या फेस वॉश का उपयोग कम से कम किया जाना चाहिए।
घर में एक्जिमा के लक्षणों को कैसे मैनेज करें?
- त्वचा पर बार-बार खुजली करने से बचें।
- त्वचा को हर समय माॅइश्चराइज करके रखें।
- एक्जिमा में माइल्ड क्लींजर का सीमित प्रयोग करें या साबुन।
- प्रभावित हिस्से को पोंछने के लिए तौलिए से रगड़े नहीं।
- नहाने के तुरंत बाद डॉक्टर की दी हुई ऑइंटमेंट लगाएं।
- प्रभावित हिस्से को खरोचने से भी बचें।
- परफ्यूम या डियो त्वचा पर न लगाएं।
- खुजली होने पर बर्फ की सिकाई करें।
- गर्म या गुनगुने पानी से न नहाएं, हमेशा सादा पानी ही लें।
निष्कर्ष
एक्जिमा त्वचा से जुड़ी गंभीर समस्या है। इसमें त्वचा ड्राई हो जाती है, जिसकी वजह से तीव्र खुजली होती है। कई बार इसे कंट्रोल करना मुश्किल होता है। हालांकि, मरीज को प्रभावित हिस्से पर खुजली नहीं करनी चाहिए। इससे त्वचा की रेडनेस बढ़ सकती है और जोर से खरोच मारने पर खून भी आ सकता है। ऐसा आपके साथ न हो, इसके लिए जरूरी है कि आप समय पर डॉक्टर के पास जाएं और अपना ट्रीटमेंट करवाएं।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या खाने की किसी चीजों से भी एक्जिमा के लक्षण अचानक बढ़ सकते हैं?
बच्चों और कुछ वयस्कों में भोजन से जुड़ी एलर्जी एक्जिमा के लक्षणों को ट्रिगर कर सकती है।क्या एक्जिमा के मरीजों के कपड़े धोने के लिए साधारण डिटर्जेंट का इस्तेमाल करना सुरक्षित है?
नहीं, साधारण डिटर्जेंट या फैब्रिक सॉफ्नर में तेज खुशबू और केमिकल्स होते हैं। त्वचा के संपर्क में आने से त्वचा से टकराकर एक्जिमा के लक्षण भड़क सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 10, 2026 17:00 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Karuna Malhotra