स्किन पर सफेद दाग दिखाई देने पर कई लोग घबरा जाते हैं और उन्हें चिंता होने लगती है कि कहीं यह बीमारी शरीर के दूसरे हिस्सों में भी न फैल जाए या इसका इलाज संभव है या नहीं। कुछ लोग सफेद दाग को छिपाने की कोशिश करते हैं, तो कुछ घरेलू नुस्खों और बिना डॉक्टर की सलाह के दवाओं का इस्तेमाल करने लगते हैं। यशोदा हॉस्पिटल, हैदराबाद की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, सफेद दाग को आमतौर पर विटिलिगो (Vitiligo) कहा जाता है, इसमें स्किन का रंग बनाने वाला पिगमेंट मेलानिन कम होने या न बनने के कारण कुछ हिस्से सफेद दिखाई देने लगते हैं। हालांकि, स्किन पर हर सफेद निशान विटिलिगो नहीं होता। फंगल इंफेक्शन, स्किन की ड्राईनेस और कुछ अन्य स्किन संबंधी समस्याएं भी हल्के रंग के धब्बों का कारण बन सकती हैं।
क्या सफेद दाग का इलाज संभव है?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, सफेद दाग का इलाज उसकी स्थिति और फैलाव को ध्यान में रखकर किया जाता है। कुछ मरीजों में इलाज से स्किन का रंग काफी हद तक वापस आ सकता है, जबकि कुछ मामलों में रिजल्ट सीमित हो सकते हैं। इसलिए हर व्यक्ति में सफेद दाग पूरी तरह ठीक होने की गारंटी नहीं दी जा सकती है।
इलाज का मुख्य उद्देश्य दागों को बढ़ने से रोकना और प्रभावित स्किन में दोबारा रंग लाने की कोशिश करना होता है। कई बार इलाज के बाद स्किन का रंग वापस आने में कई महीने लग सकते हैं। इसके अलावा, रंग वापस आने के बाद भी कुछ लोगों में सफेद दाग दोबारा उभर सकते हैं। इसलिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित फॉलोअप जरूरी है।
सफेद दाग के इलाज के लिए कौन-से तरीके अपनाए जाते हैं?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा बताती हैं कि सफेद दाग का इलाज मरीज की उम्र, दागों की जगह, बीमारी कितनी तेजी से बढ़ रही है और प्रभावित स्किन के आधार पर तय किया जाता है।
1. दवाओं और क्रीम से इलाज
डॉक्टर कुछ मरीजों को सूजन कम करने या स्किन में रंग वापस लाने में मदद करने वाली दवाएं और क्रीम दे सकते हैं। इनका इस्तेमाल एक्सपर्ट की निगरानी में ही करना चाहिए।
2. फोटोथेरेपी
इस इलाज में कंट्रोल मात्रा में खास पराबैंगनी रोशनी का इस्तेमाल किया जाता है। यह कुछ मरीजों में स्किन का रंग वापस लाने में मदद कर सकती है।
3. सर्जिकल इलाज
जिन मरीजों में सफेद दाग लंबे समय से स्थिर हैं और दूसरे इलाजों से पर्याप्त फायदा नहीं मिला है, उनमें एक्सपर्ट कुछ खास प्रोसेस पर विचार कर सकते हैं।
Can vitiligo go away permanently
इसे भी पढ़ें: सफेद दाग में कौन-सा काढ़ा सबसे असरदार होता है? जानें आयुर्वेदाचार्य से
सफेद दाग के लिए बेस्ट क्रीम (Best creams for vitiligo)
साल 2023 में Dermatology Practical & Conceptual में प्रकाशिर रिव्यू के अनुसार, विटिलिगो (सफेद दाग) बीमारी के इलाज के लिए 'टॉपिकल रुक्सोलिटिनिब' क्रीम (Topical ruxolitinib cream) को मंजूरी मिल गई है, जिससे भविष्य में अन्य नई दवाओं के आने का रास्ता साफ हो गया है। सबसे जरूरी बात यह है कि ऐसे मरीजों की समय पर पहचान की जाए जिनका रोग तेजी से फैल रहा है, ताकि उन्हें तुरंत इलाज देकर दागों को आगे बढ़ने से रोका जा सके और उनकी स्थिति को समय रहते कंट्रोल किया जा सके।
इसे भी पढ़ें: सफेद दाग की समस्या में बावची या बाकुची का उपयोग कैसे करें? जानें डॉक्टर से
सफेद दाग होने पर किन बातों का रखें ध्यान?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा सलाह देती हैं कि सफेद दाग होने पर स्किन की देखभाल करना बेहद जरूरी है। प्रभावित हिस्से में धूप से जलने का खतरा ज्यादा हो सकता है, इसलिए बाहर निकलते समय सनस्क्रीन लगाएं और ऐसे कपड़े पहने जिनसे शरीर कवर रहे। स्किन को चोट लगने से बचाएं, क्योंकि कुछ लोगों में चोट या रगड़ वाली जगह पर नए दाग उभर सकते हैं।
- इसके अलावा, नींबू, ब्लीच या दूसरे तेज पदार्थ स्किन पर लगाने से बचें।
- बिना सलाह के आयुर्वेदिक या घरेलू उपचार अपनाने के बजाय पहले डर्मेटोलॉजिस्ट से जांच कराएं।
- बैलेंस डाइट लें और इलाज के दौरान धैर्य रखें।
निष्कर्ष
सफेद दाग का इलाज संभव है और कई लोगों में इलाज से स्किन का रंग काफी हद तक वापस आ सकता है। हालांकि, इसका पूरी तरह ठीक होना हर मरीज में संभव नहीं होता और दोबारा दाग उभरने की आशंका भी बनी रह सकती है। इसलिए स्किन पर सफेद निशान दिखने पर उसकी सही वजह जानने के लिए डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें। समय पर जांच, सही इलाज और नियमित देखभाल से बीमारी को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिल सकती है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या सफेद दाग एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है?
नहीं, विटिलिगो छूने, हाथ मिलाने, साथ बैठने या एक साथ खाना खाने से नहीं फैलता है। इसलिए सफेद दाग वाले व्यक्ति से दूरी बनाने की जरूरत नहीं है।क्या सफेद दाग बच्चों में भी हो सकता है?
विटिलिगो बच्चों और वयस्कों, दोनों में हो सकता है। बच्चे की स्किन पर सफेद धब्बे दिखाई देने पर खुद से क्रीम लगाने के बजाय डर्मेटोलॉजिस्ट से जांच करानी चाहिए।क्या सफेद दाग में खुजली होती है?
विटिलिगो के दाग में आमतौर पर दर्द नहीं होता है और उनमें खुजली भी नहीं होती। हालांकि, कुछ लोगों को दाग उभरने से पहले हल्की खुजली महसूस हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 13, 2026 15:24 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Padmaja
