बालों का झड़ना, डैंड्रफ, स्कैल्प में इंफेक्शन और खुजली जैसी समस्याएं लोगों में काफी आम हो गई हैं। इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के महंगे शैंपू, कंडीशनर और हेयर ट्रीटमेंट लेते हैं। हालांकि, कई घरेलू उपाय भी बालों से जुड़ी समस्याओं से राहत दिलाने में प्रभावी हो सकते हैं। आयुर्वेद में नीम को औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है। नीम की पत्तियों में एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो स्कैल्प को हेल्दी रखने में मदद कर सकते हैं। इसलिए, आइए मेवाड़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एवं प्राकृतिक चिकित्सालय बापू नगर, जयपुर की वरिष्ठ चिकित्सक योग, प्राकृतिक चिकित्सा पोषण और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता से जानते हैं कि बालों में नीम का लेप लगाने के क्या फायदे हैं?
बालों में नीम का लेप लगाने के फायदे
डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, नीम की पत्तियां कई औषधीय गुणों से भरपूर होती है, जिस कारण बालों में नीम का लेप लगाने से स्कैल्प को साफ और हेल्दी रखने में मदद मिल सकती है।
- डैंड्रफ की समस्या में राहत- स्कैल्प में रूसी होने के कारण खुजली और सफेद पपड़ी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। नीम में मौजूद एंटीफंगल गुण डैंड्रफ से जुड़े कुछ फंगल इंफेक्शन को कंट्रोल करने में असरदार हो सकते हैं। नियमित रूप से सही तरीके से नीम का लेप लगाने से डैंड्रफ की समस्या से राहत मिल सकती है।
- स्कैल्प की खुजली और जलन से राहत- कई बार पसीने, गंदगी और स्कैल्प में जमे अतिरिक्त तेल के कारण खुजली होने लगती है। नीम के पत्तों का लेप स्कैल्प को साफ रखने में मदद कर सकता है। इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण स्किन की हल्की सूजन और असुविधा को शांत करने में मदद कर सकता है।
- स्कैल्प की सफाई में मददगार- नीम की पत्तियों का लेप स्कैल्प की स्किन पर जमी गंदगी और अतिरिक्त तेल को हटाने में मदद मिल सकती है। इससे स्कैल्प साफ रहता है और बालों की जड़ों के आस-पास की स्किन साफ रहती है।
- बालों की बेहतर देखभाल- बालों को हेल्दी रखने के लिए स्कैल्प का स्वस्थ रहना जरूरी है। नीम का लेप स्कैल्प की देखभाल में मदद कर सकता है। यह आपके स्कैल्प के बालों की जड़ों को बेहतर बनाकर हेयर फॉल की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।
साल 2025 में Cureus में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, नीम की पत्तियों का पेस्ट डैंड्रफ दूर करने का एक बहुत ही आसान और नेचुरल उपाय है। स्टडी में बताया गया है कि 2 हफ्ते तक हफ्ते में 3 बार नीम का पेस्ट लगाने से 44% लोगों की डैंड्रफ की समस्या पूरी तरह खत्म हो गई और 42% लोगों में यह बहुत कम हो गए।
इसे भी पढ़ें: गीले तौलिये का दोबारा इस्तेमाल त्वचा और बालों के लिए कितना खतरनाक है? डॉक्टर से जानें
घर पर नीम का हेयर मास्क तैयार करने का तरीका
डॉ. किरण गुप्ता का कहना है कि नीम का हेयर मास्क तैयार करने के लिए आपको महंगे प्रोडक्ट्स खरीदने की जरूरत नहीं है। इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है। इसके लिए ताजी नीम की पत्तियों का इस्तेमाल करना बेहतर होगा।
सामग्री
- नीम की पत्तियां- एक मुट्ठी
- पानी- 2-3 चम्मच
- एलोवेरा जेल- 1 चम्मच
- नारियल तेल- आधा चम्मच
बनाने की विधि
सबसे पहले नीम की पत्तियों को अच्छी तरह पानी से धो लें, ताकि उनके ऊपर से धूल और गंदगी साफ हो जाए। अब इन पत्तियों को मिक्सर जार में डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और बारीक पीस लें। ध्यान रखें कि पेस्ट ज्यादा पतला न हो। इसके बाद इसमें एलोवेरा जेल मिलाएं। अगर आपके बाल रूखे हैं तो इसमें थोड़ा नारियल तेल भी मिला सकते हैं। सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें। आपका नीम हेयर मास्क इस्तेमाल करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Benefits-of-Neem-Paste-for-Hair
बालों में नीम का लेप लगाने का सही तरीका
डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, नीम का लेप तैयार करने के बाद इसे बालों में सही तरीके से लगाना भी जरूरी है। गलत तरीके से इस्तेमा करने पर स्कैल्प में जलन या ड्राईनेस हो सकता है। सही तरह से बालों में नीम का लेप लगाने के लिए आप इन स्टेप्स को फॉलो करें-
- सबसे पहले अपने बालों को अच्छी तरह सुलझा लें।
- इसके बाद बालों की मांग निकालते हुए नीम के लेप को स्कैल्प पर लगाएं।
- उंगलियों की मदद से हल्के हाथों से इसे फैलाएं। नाखूनों से स्कैल्प को न रगड़ें।
- लेप को लगभग 15 से 20 मिनट तक लगा रहने दें।
- इसके बाद नॉर्मल या हल्के गुनगुने पानी से बालों को अच्छी तरह धो लें।
- जरूरत पड़ने पर माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करें।
इसे भी पढ़ें: सिर के जिद्दी डैंड्रफ का पक्का इलाज है नीम का पानी! जानें इस्तेमाल का सही तरीका और कमाल के फायदे
बालों में नीम का लेप लगाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि बालों में नीम का लेप लगाते समय आप इन बातों का ध्यान रखें-
- पहली बार नीम का लेप लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। इसके लिए थोड़ा सा पेस्ट स्किन के छोटे हिस्से पर लगाकर 24 घंटे तक रिएक्शन देखें।
- अगर स्कैल्प पर घाव, कट या गंभीर जलन है तो नीम का लेप लगाने से बचें।
- लेप को बहुत देर तक बालों में लगाकर न छोड़ें।
- रोजाना इसका इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि शुरुआत में हफ्ते में 1 बार इसका उपयोग करना काफी है।
- नीम का लेप आंखों के आस-पास लगाने से पूरी तरह परहेज करें।
- नीम का लेप इस्तेमाल करने के बाद अगर स्कैल्प में खुजली, जलन या रेडनेस बढ़ती है तो तुरंत इसे धो लें और दोबारा इस्तेमाल न करें।
निष्कर्ष
नीम का लेप बालों और स्कैल्प की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। इसमें मौजूद नेचुरल एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण स्कैल्प की सफाई बनाए रखने और डैंड्रफ से जुड़ी समस्याओं को कम करने में मदद मिल सकती है। घर पर नीम की पत्तियों से हेयर मास्क तैयार करना भी बहुत आसान है। हालांकि, हर व्यक्ति की स्किन औऱ बालों की प्रकृति अलग होती है, इसलिए इसका इस्तेमाल सावधानी के साथ करना चाहिए।
Image Credit: Freepik
FAQ
क्या नीम से बाल बढ़ते हैं?
हां, नीम स्कैल्प के इंफेक्शन और डैंड्रफ को दूर करके बालों के रोमों को हेल्दी रखने का काम करता है, जिससे बालों की बढ़ोतरी में मदद मिलती है।नीम के पानी से बाल धोने से क्या होगा?
नीम के पानी से बाल धोने से जुएं, रूसी और खुजली की समस्या से राहत मिलती है। इसके अलावा स्कैल्प का अतिरिक्त तेल साफ होता है और बाल मजबूत व चमकदार बनते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 01, 2026 16:00 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Kiran Gupta
