गर्मियों में तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण स्किन को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इनमें सनबर्न सबसे आम परेशानी होती है। लंबे समय तक धूप में रहने से स्किन लाल, ड्राई और जलन वाली हो सकती है। ऐसे में अपनी स्किन को सनबर्न के कारण होने वाली इन समस्याओं से राहत दिलाने के लिए आप एलोवेरा और खीरे का इस्तेमाल कर सकते हैं। दोनों ही चीजों का इस्तेमाल आपकी स्किन को ठंडक पहुंचाने और राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं। इसलिए, आइए मेवाड़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एवं प्राकृतिक चिकित्सालय बापू नगर, जयपुर की वरिष्ठ चिकित्सक योग, प्राकृतिक चिकित्सा पोषण और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता से जानते हैं कि सनबर्न से राहत पाने के लिए एलोवेरा और खीरे का जेल घर पर कैसे तैयार करें?
एलोवेरा और खीरे के जेल के फायदे
डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, एलोवेरा में एंटी इंफ्लेमेटरी और मॉइश्चराइजिंग गुण होते हैं, जो स्किन की जलन और रेडनेस को कम करने में मदद कर सकते हैं। वहीं, खीरे में पानी की मात्रा ज्यादा बोती है, जो स्किन को हाइड्रेट रखती हैं और ठंडक देती है। अगर आप एक्ने, दाग-धब्बों या आंखों के नीचे काले घेरों से परेशान हैं तो यह जेल उन्हें धीरे-धीरे हल्का कर देता है। धूप से झुलसी हुई स्किन को शांत करने और स्किन की रंगत को निखारने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें: धूप से झुलसी त्वचा (Sunburn) को ठीक करने के लिए कच्चे दूध और एलोवेरा का इस्तेमाल कैसे करें?
एलोवेरा और खीरे का जेल कैसे बनाएं?
एलोवेरा और खीरे का जेल बनाना बहुत आसान है। इसे बनाने के लिए
सामग्री
- एलोवेरा जेल- 2 बड़े चम्मच
- खीरा- 1 छोटा या आधा कटा हुआ
- विटामिन ई कैप्यूल- 1
जेल बनाने का तरीका
डॉ. किरण गुप्ता ने बताया कि एलोवेरा और खीरे का जेल बनाने के लिए सबसे पहले खीरे को अच्छी तरह धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद उसे मिक्सर में पीसकर उसका रस या पेस्ट तैयार कर लें। अब एक बाउल में ताजा एलोवेरा जेल निकालें और उसमें खीरे का पेस्ट मिलाएं। अगर चाहें तो इसमें विटामिन ई कैप्सूल मिला सकते हैं। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। अब इसे साफ कांच के एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करके फ्रिज में रख दें। यह जेल 4 से 5 दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है।

इस्तेमाल करने का सही तरीका
इस होममेड एलोवेरा और खीरे का जेल सनबर्न वाली स्किन पर लगाने के लिए प्रभावित स्किन को पहले ठंडे पानी से साफ कर लें। इसके बाद तैयार जेल की पतली परत अपनी सनबर्न वाली स्किन पर लगाएं। इसे 20 से 30 मिनट तक छोड़ दें और फिर नॉर्मल पानी से धो लें। बेहतर रिजल्ट के लिए दिन में 2 बार इस जेल का उपयोग करें।
इसे भी पढ़ें: भीषण गर्मी में त्वचा की देखभाल कैसे करें? जानें स्किनकेयर से जुड़ी जरूरी बातें
किन बातों का ध्यान रखें?
सनबर्न के कारण अगर स्किन पर गंभीर जलन, छाले या इंफेक्शन हो तो घरेलू उपायों के स्थान पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी होता है। ध्यान रहे किसी भी नए नेचुरल प्रोडक्ट का इस्तेमाल स्किन पर करने से पहले पैट टेस्ट जरूर करें।
निष्कर्ष
एलोवेरा और खीरे का जेल गर्मियों में सनबर्न से राहत दिलाने का एक नेचुरल और सिंपल उपाय है। यह स्किन को ठंडक, नमी और आराम देने में मदद करता है। नियमित रूप से इस जेल का इस्तेमाल करने से स्किन हेल्दी, मुलायम और फ्रेश महसूस हो सकती है।
Image Credit: Freepik
FAQ
सनबर्न के क्या लक्षण हैं?
सनबर्न के होने पर स्किन का लाल होना, गर्म और ड्राई स्किन, दर्द और जलन वाली स्किन, सूजन, छाले या स्किन का छिलना जैसे लक्षण शामिल हैं।सनबर्न पर क्या नहीं लगना चाहिए?
सनबर्न पर पेट्रोलियम जेली, तेल और अल्कोहल या परफ्यूम वाले प्रोडक्ट नहीं लगाने चाहिए। ये चीजें स्किन की गर्मी को रक सकती हैं, जिससे जलन बढ़ती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
May 30, 2026 09:52 IST
Modified By : Katyayani Tiwari May 30, 2026 09:52 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Kiran Gupta