
Heart Disease Symptoms in Female in Hindi: महिलाओं को अपने जीवन में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। महिलाओं को पीरियड्स, प्रेगनेंसी आदि के दौरान तो कई समस्याएं होती हैं। साथ ही उन्हें दूसरी गंभीर बीमारियों का भी सामना करना पड़ता है। इसमें हृदय रोग भी शामिल है। महिलाओं को कई तरह के हृदय रोगों से परेशान होना पड़ता है। इसमें स्ट्रोक, हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर आदि शामिल हैं। आज के इस लेख में हम आपको महिलाओं में दिखने वाले कुछ ऐसे संकेतों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो हृदय रोग के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं।
तो चलिए फ्लोर्स अस्पताल, गाजियाबाद के क्लिनिकल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ आशीष श्रीवास्तव से विस्तार से जानते हैं महिलाओं में हृदय रोग के कौन-कौन से लक्षण होते हैं।
1. सांस लेने में कठिनाई
हृदय रोग होने पर महिलाओं को सांस लेने में दिक्कत महसूस हो सकती है। अगर आपको हृदय में दर्द होने के साथ ही सांस लेने में भी कठिनाई होती है, तो इस स्थिति को बिल्कुल नजरअंदाज न करें।
2. सीने में दर्द
सांस लेने में तकलीफ होने के साथ ही अगर आपको सीने में दर्द भी महसूस हो, तो समझ जाइए ये हृदय रोग का संकेत है. इसके साथ ही महिलाओं को सीने में जकड़न या दबाव भी महसूस हो सकता है। लेकिन कुछ महिलाओं को सीने में दर्द का अहसास नहीं होता है।
इसे भी पढ़ें- हार्ट की सेहत में गड़बड़ होने पर दिखते हैं ये 11 लक्षण, बिल्कुल न करें नजरअंदाज
3. अधिक थकान
अगर अच्छी डाइट लेने के बाद भी आपको बार-बार थकान महसूस होती है, तो यह हृदय रोग का एक संकेत हो सकता है। कुछ महिलाएं अधिक काम नहीं करती हैं, इसके बाद भी उन्हें अत्यधिक थकान रहती है, ऐसे में डॉक्टर से मिलना चाहिए।
4. पीठ में दर्द
महिलाओं में पीठ दर्द हृदय रोग का संकेत हो सकता है। पीठ के ऊपरी हिस्से में दर्द होना गंभीर हो सकता है। इसके अलावा जलन, झुनझुनी या दबाव महसूस होना भी हृदय रोग का संकेत होता है।
5. अपच और जलन
सीने में जलन, दर्द होना हृदय रोग का संकेत होता है। इसके अलावा अगर पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द, बेचैनी रहती है तो यह भी हृदय रोग का लक्षण हो सकता है। महिलाओं को इस दौरान अपच और जलन का सामना करना पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें- सीने में दर्द होने पर जरूर करवाएं हार्ट से जुड़े ये 5 टेस्ट, पता चलेगी सही वजह
6. गले में दर्द
हृदय रोग के शुरुआती लक्षणों में गले और जबड़े में दर्द भी शामिल होता है। गले और जबड़े में दर्द होने पर महिलाओं को सचेत होने की जरूरत है। कई बार बिना सीने में दर्द के भी गले और जबड़े में दर्द हो सकता है।
7. हाथों में झुनझुनी
हाथों में झुनझुनी, सनसनी होना भी हृदय रोग के लक्षण हो सकते हैं। इस दौरान महिलाओं को दर्द, बेचैनी आदि हो सकती है। हृदय रोग के संकेत में महिलाओं को एक या दोनों हाथों में झुनझुनी महसूस हो सकती है।
8. त्वचा के रंग में बदलाव
महिलाओं में हृदय रोग का शुरुआत लक्षण त्वचा के रंग में बदलाव भी हो सकता है। इस स्थिति में महिलाओं में भूरी त्वचा नजर आ सकती है। इसलिए आपको हमेशा अपनी त्वचा के रंग में होने वाले बदलाव पर भी गौर करना चाहिए।
इसके अलावा पैरों, टखनों में सूजन, अनिद्रा, दिल की धड़कन तेज होना, पसीना आना, चक्कर आना, खट्टी डकार आना, पेट में जलन, अवसाद, बेहोशी और घरघराहट महसूस होना भी महिलाओं में हृदय रोग के लक्षण हो सकते हैं। इसलिए अगर आपको कोई भी लक्षण महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें।