Healthy Vastu Gifts For Diwali 2024: दिवाली का त्योहार आते ही साफ-सफाई के साथ घर की सजावट भी शुरू हो जाती है। इस मौके पर लोग एक दूसरे से प्यार और अपनापन जताने के लिए गिफ्ट्स भी देते हैं। अपनों को गिफ्ट देते हुए कई पहुलओं के बारे में सोचा जाता है कि ऐसा क्या गिफ्ट दिया जाए, जिससे उनके जीवन में सुख-शांति और पॉजिटिविटी रहे। वैसे भी, आजकल लोग अपनी हेल्थ को लेकर काफी ज्यादा जागरूक हो गए हैं। अगर दीवाली के पावन मौके पर कुछ ऐसा गिफ्ट मिल जाए,जो हेल्थ के लिए फायदेमंद हो, तो त्योहार का मजा दोगुना हो जाता है। वास्तु के अनुसार कुछ ऐसे गिफ्ट्स हैं, जिन्हें आप अपनों को दे सकते हैं और ये उनके लिए हेल्दी भी रहेंगे। एस्ट्रोलॉजर और वास्तु कंसल्टेंट रेखा लोकनार (दिव्यकांति) ने ओनली माई हेल्थ से बात करते हुए 7 ऐसे गिफ्ट्स के बारे में बताया है, जिसे आप अपने घर में भी सजावट के तौर पर रख सकते हैं और ये आपकी सेहत के लिए भी अच्छे रहेंगे।
दिवाली में वास्तु के अनुसार दें ये 7 गिफ्ट्स
विंड चाइम्स (Wind Chimes)
इसकी सकारात्मक ध्वनि से घर की नकारात्मक ऊर्जा कम होती है। लगातार आते-जाते विंड चाइम्स को हिलाते रहने से इसकी मधुर ध्वनि आपके और आपके अपनों के घर में खुशियां बढ़ाती है। दिवाली पर ये गिफ्ट काफी अच्छा हो सकता है। आजकल मार्केट में छोटे-बड़े हर साइज के विंड चाइम्स मिल जाते हैं। वैसे लकड़ी के विंड चाइम्स, जिसमें कम से कम 5,6 या 7 रॉड हों, खरीदना सबसे बेहतर होता है। इसके अलावा, आप कोई मधुर आवाज में मंत्रोच्चारण करने वाला ध्वनि यंत्र भी दे सकते हैं। सेहत के लिहाज से ये भी काफी अच्छा गिफ्ट हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: Diwali Gift Ideas : इस दिवाली अपनों को गिफ्ट करें ये 5 हेल्दी फूड्स और अनहेल्दी फूड्स से बनाएं दूरी
वास्तु के पौधे (Vastu Plants)
प्रदूषण के इस माहौल में पौधे देना सबसे बेहतरीन गिफ्ट है। वास्तु से जुड़े इन पौधों तो शुभ पौधे भी कहा जाता है। इसमें तुलसी, एलोवेरा, मनी प्लांट, हिबिस्कुस, जेड प्लांट, गेंदे का फूल, लैवेंडर प्लांट, बांस का पौधा और चमेली का पौधा जैसे कई पौधों को वास्तु के अनुसार घर में रखने से सेहत बेहतर होती है। ये पौधे घर में लगाना शुभ माना जाता है, और दिवाली के मौके पर इससे बढ़िया गिफ्ट और कोई नहीं हो सकता। इन्हें लगाने से पहले वास्तु एक्सपर्ट से दिशाओं के बारे में जरूर पूछ लें।
हिमालयन साल्ट क्रिस्टल लैंप (Himalayan Salt Crystal Lamp)
ये लैंप प्राकृतिक नमक और कई तरह के खनिज लवणों से मिलकर बना होता है। इसमें छोटे-छोटे क्रिस्टल्स को जोड़कर उसके अंदर बल्ब लगाया जाता है। वास्तु के अनुसार, इसे जलाने से घर में पॉजिटिविटी आती है। यह लैंप शारीरिक और मानसिक सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। कहा जाता है कि इस लैंप की रोशनी फोकस बढ़ाने, अच्छी नींद लाने में मददगार है और स्ट्रेस को काफी कम करती है। दिवाली के मौके पर अपनों की मानसिक सेहत का ध्यान रखते हुए ये गिफ्ट देना काफी अच्छा है।
सात घोड़ों की तस्वीर
सात घोड़ों की तस्वीर न सिर्फ भारत में, बल्कि चीन, जापान और अफ्रीका की संस्कृति में भी किसी न किसी प्रतीक का हिस्सा मानी जाती है। कहा जाता है कि सात घोड़ों की पेंटिंग लगाने से कार्यक्षमता बढ़ती है और आलस दूर भागता है। इसलिए इसे आमतौर पर ऑफिस या काम करने की जगह पर लगाया जाता है। आलस आना शरीर के लिए नुकसानदायक है, इसलिए अगर आप किसी को उसके ऑफिस के लिए गिफ्ट देना चाहते हैं, तो सात घोड़ों की पेंटिंग या तस्वीर बेहतरीन गिफ्ट रहेगी। बस, ये ध्यान रखें कि जब भी तस्वीर लें, तो उसमें घोड़ों की संख्या विषम होनी चाहिए।
क्रिस्टल्स (Crystals)
वास्तु के अनुसार, क्रिस्टल्स का बड़ा महत्व है और ये सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद हैं। बाजार में बॉल्स, ट्री या फिर कमल के आकार में कई तरह के क्रिस्टल्स मिलते हैं। क्रिस्टल घर के मुख्य द्वार पर रखने से नेगेटिव एनर्जी दूर होती है, या फिर आप इसे पूर्व दिशा में भी लगा सकते हैं। अगर जीवन में स्ट्रेस, चिंता या नींद नहीं आती, तो क्रिस्टल बहुत मदद करते हैं। दिवाली के मौके पर क्रिस्टल गिफ्ट का एक अच्छा विकल्प है।
इसे भी पढ़ें: इन 5 इको फ्रेंडली गिफ्ट्स देकर बनाएं दीवाली के त्योहार को खास
हंसते हुए बुद्धा (Laughing Buddha)
हंसते हुए बुद्धा गिफ्ट करना कई सालों से चलता आ रहा है, लेकिन अगर आपने नोट किया हो तो बुद्ध कई तरह के होते हैं। बोरी लिए हंसते हुए बुद्धा, कटोरे के साथ हंसते हुए बुद्धा, पंखा लिए हंसते हुए बुद्ध, लेटे हुए बुद्ध, ध्यान लगाए हुए बुद्धा जैसे कई चीनी मिट्टी या पत्थर से बने बुद्धा बाजार में मिलते हैं। माना जाता है कि बुद्धा के पेट को रगड़ने से स्वास्थ्य अच्छा रहता है। जिन लोगों को मन की शांति चाहिए, उन्हें ध्यान लगाए हुए लाफिंग बुद्धा रखने चाहिए। अगर घर में कोई बीमार है, तो वु-लु लिए लाफिंग बुद्धा गिफ्ट करना बेहतरीन विकल्प है।
कछुए की मूर्ति (Turtle Showpiece)
वास्तु के अनुसार कछुए की मूर्ति का बड़ा महत्व है। धातु का कछुआ बच्चों में एकाग्रता बढ़ाता है। लकड़ी का कछुआ पूर्व दिशा के कोने में रखने से नकारात्मकता दूर करता है। सेहत के लिहाज से आप कछुए की मूर्ति भी अपनों को गिफ्ट कर सकते हैं।
इसके अलावा, वास्तु के अनुसार दिवाली में साफ-सफाई रखना, अपने घर से इस्तेमाल न होने वाली चीजों को निकालना और घर में हल्के रंगों का इस्तेमाल करना भी सेहत के हिसाब से बहुत अच्छा है। उम्मीद है, आपकी दिवाली खुशियों वाली और सेहतमंद रहेगी।
Image Credit: Freepik.com