ऑफिस में खुश होकर काम करना न केवल सुखद अनुभव होता है बल्कि इससे आपकी मुश्किलें भी आसान हो जाती हैं। क्योंकि खुशहाल माहौल और खुश लोगों के साथ काम करने से सकारात्मकता आती है और आप कठिन से कठिन समस्याओं को आसानी से हल कर लेते हैं। अगर आपका सहकर्मी खुश रहता है तो आपके आसपास का माहौल भी खुशनुमा हो जाता है। खुश कर्मचारी से आपको पॉजिटिव एनर्जी मिलती है। अगर आपका सहकर्मी खुशहाल है तो उसमें ये आदतें होंगी।
1 समस्या नहीं संभावना
ऑफिस में सभी के सामने रोज नई चुनौती होती है। कुछ लोग इसे आसानी से सुलझा लेते हैं और कुछ इसमें उलझ जाते हैं। खुशहाल कर्मचारियों की भी यही खासियत होती है कि वो ऑफिस की समस्याओं से घबराते नहीं और चुनौतियों को संभावना के रूप में देखते हैं और उनको लगता है कि इससे वो और आगे बढ़ेंगे।
2 आभार व्यक्त करते हैं
कार्यस्थल पर किसी के प्रति आभार व्यक्त करना न केवल आपका काम आसान कर देता है बल्कि आपकी पॉजिटिव छवि भी सहकर्मियों के सामने आती है। खुशहाल सहकर्मी किसी का आभार व्यक्त करना नहीं भूलते।
3 व्यस्त हैं न कि घबड़ाये हुए
खुशहाल कर्मचारी अपने काम में व्यस्त हो सकता है लेकिन वह उस काम से घबड़ाता नहीं है। उनकी कोशिश समय पर काम पूरा करने की होती है। इससे तनाव नहीं होता है और वे खुश रहते हैं। समय पर काम पूरा करने से अतिरिक्त दबाव नहीं आता। किसी काम को भरपूर समय देने से आप उसे और बेहतर बनाते हैं।
4 वे इमानदार होते हैं
इमानदारी ऐसा गुण है जिससे किसी के ऊपर आंख मूंदकर भरोसा किया जा सकता है। यानी अगर जो व्यक्ति इमानदार है उसपर लोग शक नहीं करते। खुशहाल जीवन के लिए यह गुण बहुत जरूरी होता है। खुशहाल कर्मचारी में यह गुण कूट-कूट कर भरा होता है।
5 ब्रेक भी लेते हैं
काम के दौरान ब्रेक लेना बहुत जरूरी है। अगर आपकी डेस्क जॉब है और आप स्वस्थ रहना चाहते हैं तो काम के दौरान ब्रेक जरूरी है। खुशहाल कर्मचारी भी ब्रेक लेते हैं। कई शोधों में यह बात साबित हुई है कि काम के दौरान ब्रेक लेने से खतरनाक बीमारियों के होने की संभावना कम होती है।
इसके अलावा खुशहाल कर्मचारी किसी को दुखी नहीं करता और सभी के प्रति उसका व्यवहार अच्छा होता है।
Image Source - Getty
Read More Articles on Office Health in Hindi