सुबह की जल्दबाजी में कहीं छूट न जाए नाश्ते का पोषण

सुबह की जल्दी किसी बवंडर से कम नहीं होती जब एक सम्पूर्ण आहार लेना बहुत मुश्‍किल होता है। ऐसे में हमें किसी स्वस्थ विकल्प वाले आहार को चुनना चाहिए।
  • SHARE
  • FOLLOW
सुबह की जल्दबाजी में कहीं छूट न जाए नाश्ते का पोषण

आज की व्‍यस्‍त जीवनशैली में सुबह की अहमियत को कमतर करके समझा जा रहा है। दफ्तर , कॉलेज या स्कूल जाने की जल्दी में या तो नाश्ता छूट जाता है या फिर हम उसमें पोषक तत्त्वों की अनदेखी कर देते हैं। लेकिन नाश्‍ता हमारे शरीर को दिन भर एनर्जी प्रदान करता है, उसे नजरअंदाज करना उचित नहीं है। डॉक्टर कहते हैं कि जो लोग सुबह का नाश्ता नहीं करते हैं, उन्हें भविष्य में कोलेस्ट्रॉल और कोरनेरी की समस्या हो सकती है। इसके अलावा जो लोग नियमित रूप से नाश्‍ता नहीं कर पाते, उनमें गैस्ट्रिक, एसिडिटी और कब्‍ज की समस्‍याएं बनी रहती हैं।

breakfast in hindi

सुबह नाश्‍ता करने के कारण

रात को भोजन करके सोने के बाद भी हमारा शरीर और मस्तिष्क कार्यरत रहता है यानी सोते समय भी कुछ मात्रा में ऊर्जा खर्च होती है। सुबह केवल एक कप चाय या कॉफी से हम उस ऊर्जा की पूर्ति नहीं कर सकते, इसका मतलब शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं। यह सब जानते हुए भी हम नाश्ते को महत्व नहीं देते, क्योंकि हम हमेशा जल्दी में रहते हैं।

नाश्‍ते का महत्‍व

आपने यह कहावत तो सुनी ही होगी कि 'नाश्‍ता किसी राजा, दिन का खाना किसी राजकुमार और रात का खाना फकीर की तरह करो'। इस कहावत के बहुत मायने हैं। आहार विशेषज्ञ भी इसी तरह से खान-पान की सलाह देते हैं। नाश्ता दिन भर का सबसे जरूरी भोजन होता है। सुबह के समय किया गया नाश्ता दिन भर शरीर में ऊर्जा और शक्ति भर देता है। नाश्ता शरीर के लिए ईधन की तरह काम करता है। शरीर के लिए आवश्यक ऊर्जा और पोषण का 25 प्रतिशत भाग केवल नाश्ते से ही मिलता है। यह आपके शरीर में ऊर्जा के लेवल को बढ़ा देता है।

पौष्टिक आहार से भरपूर नाश्‍ता  

सुबह की जल्दी किसी बवंडर से कम नहीं होती जब एक सम्पूर्ण आहार लेना बहुत मुश्‍किल होता है। ऐसे में हमें किसी स्वस्थ विकल्प वाले आहार को चुनना चाहिए। सुबह का नाश्ता शरीर को दिनभर एनर्जी देने में बहुत बड़ा योगदान देता है, इसलिए नाश्ते में शरीर को एनर्जी देने वाली सभी चीजे सही मात्रा में शामिल होनी चाहिए जैसे फाइबर, कार्बोहाईड्रट, प्रोटीन, दूध और कुछ मात्रा में फैट। आइये जाने ऐसे ही कुछ पौष्टिक आहार के बारे में जो आपके सुबह का नाश्ता बन सकते हैं।

एनर्जी वाला ओटमील

ओट्स में भरपूर मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड, फोलेट और पोटेशियम पाया जाता है, जो ब्लड शुगर को भी संतुलित रखने में मदद कर दिल के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। साथ ही यह उच्‍च फाइबर का अच्‍छा स्रोत है। यह आपको डिप्रेशन से भी दूर रखता है।

egg in breakfast in hindi

संडे हो या मंडे रोज खाये अंडा

अंडे में प्रोटीन और विटामिन डी जैसे पोषक तत्‍व भरपूर मात्रा में पाए जाते है। नियमित रूप से एक अंडा खाने से पूरे दिन की विटामिन डी की खुराक आप पूरी कर सकते है। साथ अंडे से विटामिन 'बी-2' और विटामिन 'ए' तथा आयरन भी प्राप्‍त किया जा सकता है।

कैल्शियम से भरपूर दही

दूध के स्‍थान पर नाश्‍ते में दही का सेवन करना एक बेहतर विकल्प है। इसमें कुछ ऐसे रासायनिक पदार्थ पाए जाते हैं। जो दूध की अपेक्षा जल्दी पच जाते हैं। दूध की अपेक्षा दही में प्रोटीन, लैक्टोज, कैल्शियम, आयरन, फास्फोरस आदि कई विटामिन की मौजूदगी के कारण दही को अधिक पोषक माना जाता है।

सभी की पसंद केला

केले से अच्छा कोई नाश्ता हो ही नहीं सकता। इसे आप चाहे तो दूध में मैश करके खाए या ऐसे ही। ये दोनों रूपों में बहुत फायदेमंद होता है। केले में अच्छी मात्रा में पाया जाने वाला पोटेशियम सभी वर्गों के लोगों के लिए फायदेमंद होता है।

पोषक तत्‍वों वाला वेजिटेबल जूस

वेजिटेबल जूस में टमाटर, पालक, गाजर, चुकंदर, आंवला, अदरक और पुदीने में बहुत सारे विटामिन और दूसरे पोषक तत्‍व मौजूद होते हैं। इस तरह से जूस का सेवन करने से आपके शरीर में बहुत मात्रा में एंटीओक्सीडेंट पहुंच जाते है जो आपके दिल के लिए बहुत अच्छा होते है।

अंकुरित दालों का जादू

उबले काले चने या अंकुरित दालों का सेवन भी पौष्टिकता की दृष्टि से बहुत लाभदायक है। यह सुबह के नाश्ते के लिए बहुत अच्छा और हल्का रहता है। इसमें अमीनो एसिड, प्रोटीन और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है। दालों को आसानी से घर में अंकुरित किया जा सकता है।

sprouts in hindi

स्वास्थ्यवर्धक पोहा

भारतीय घरों में पोहा लोकप्रिय नाश्ता है जो काफी स्वास्थ्यवर्धक होता है। लेकिन सुबह के नाश्ते में पोहा हल्के नमक वाला बनाकर खाएं। यह आपको दिन-भर ऊर्जावान रखने में मदद करेगा।

कहते हैं न कि भूखे पेट तो भगवान का भजन भी नहीं होता। फिर दिन भर का काम कैसे हो सकता है। इसलिए हमेशा सुबह का नाश्ता जरूर करें, नाश्ते के लिए थोड़ा समय निकालें, भरपूर खाएं और दिनभर तरोताजा महसूस करें।

 

Image Courtesy : Getty Images

Read More Articles on Healthy-Eating in Hindi

Read Next

अण्‍डे हैं हर मौसम के लिए

Disclaimer