
Can Contraceptive Pills Affect Fertility: अनचाहे गर्भ से बचने के लिए महिलाएं गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हैं। मार्केट में तमाम तरह की गर्भनिरोधक गोलियां मौजूद हैं, ज्यादातर महिलाऐं बिना डॉक्टर की सलाह के इन गोलियों का सेवन करती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के एक आंकड़े के मुताबिक पूरी दुनिया में लगभग 10 करोड़ से ज्यादा महिलाएं गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हैं। कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स खाने से आप अनचाहे गर्भ से तो बच सकती हैं, लेकिन कई शोध और अध्ययन इस बात की पुष्टि करते हैं कि बाद में इसके कई साइड इफेक्ट्स भी होते हैं। कुछ महिलाऐं अक्सर एमरजेंसी गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हैं, उनके लिए आगे चलकर कई गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। ज्यादातर महिलाओं का यह सवाल है कि क्या इमरजेंसी गर्भनिरोधक दवाओं के सेवन से मां बनने में परेशानी आती है? ओनलीमायहेल्थ की स्पेशल Fact Check सीरीज 'धोखा या हकीकत' में आइए जानते हैं, क्या र्भनिरोधक दवाओं से मां बनने में परेशानी आती है? जानें इस पर डॉक्टर की क्या राय है।
गर्भनिरोधक दवाओं से मां बनने में आती है परेशानी?- Can Contraceptive Pills Affect Fertility in Hindi
अनचाहे गर्भ से बचने के लिए गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन कई तरीकों से किया जाता है। कुछ गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन 72 घंटे के भीतर करना होता है। स्टार हॉस्पिटल की स्त्री और प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ विजय लक्ष्मी बताती हैं कि गर्भनिरोधक गोलियां शरीर में हॉर्मोन के लेवल को कंट्रोल करने का काम करती हैं। इसका सेवन करने से अनचाहे गर्भ से बचा जा सकता है। लेकिन बहुत ज्यादा गोलियों का सेवन करने से आपको कई नुकसान हो सकते हैं। गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन हर महिला पर उम्र, शरीर और स्वास्थ्य के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। इसका सेवन करने से मां बनने में परेशानी होती है, इस बात को लेकर कई शोध और अध्ययन हुए हैं। इन अध्ययनों में यह बात निकल कर आई है कि अगर आप कुछ महीनों के गैप के साथ गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हैं, तो इसके साइड इफेक्ट्स देखने को नहीं मिलते हैं। लेकिन बहुत ज्यादा गर्भनिरोधक गोलियां खाने से आपकी फर्टिलिटी प्रभावित हो सकती है।
गर्भनिरोधक गोलियों के नुकसान- Contraceptive Pills Side Effects in Hindi
गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करने से शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं, हॉर्मोन को कंट्रोल में करने से गर्भ नहीं ठहरता है। बहुत ज्यादा एमरजेंसी गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करने से कई समस्याएं हो सकती हैं। इसकी वजह से महिलाओं को आगे चलकर कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बहुत ज्यादा गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करने से आपको ये नुकसान हो सकते हैं
- बहुत ज्यादा गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करने से पीरियड्स के लक्षणों में बदलाव हो सकता है।
- इसकी वजह से सूजन, सिरदर्द, उल्टी और मतली व मूड स्विंग की समस्या भी हो सकती है।
- गर्भनिरोधक गोलियों का बहुत ज्यादा सेवन करने की वजह से ब्रेस्ट मिल्क का प्रोडक्शन कम हो सकता है।
- बहुत ज्यादा गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करने से आपके शरीर में टेस्टोस्टेरॉन हॉर्मोन का स्तर कम हो सकता है।
बिना डॉक्टर की सलाह के खुद से गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन खतरनाक माना जाता है। इसका ओवरडोज भी शरीर में कई परेशानियों का कारण बनता है। ऐसी महिलाएं जो बहुत ज्यादा गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हैं, उन्हें आगे चलकर मां बनने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के खुद से गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करने से बचना चाहिए।
(Image Courtesy: Freepik.com)