Early Symptoms of Chickenpox: चिकनपॉक्स, जिसे छोटी माता के नाम से भी जाना जाता है, एक वायरल संक्रमण है। इसका संक्रमण होने पर स्किन पर लाल रंग के फफोले या दाने हो जाते हैं। चिकनपॉक्स की समस्या छोटे बच्चों में सबसे ज्यादा देखी जाती है, लेकिन वयस्कों में भी इसका खतरा बना रहता है। सही समय पर इस बीमारी के लक्षणों को पहचानकर उचित कदम उठाने से आप इसका शिकार होने से बच सकते हैं। आमतौर पर चिकनपॉक्स के लक्षणों को स्किन पर दाने और फफोले के रूप में ही जाना जाता है। आइए इस लेख में विस्तार से समझते हैं, चिकनपॉक्स के शुरुआती लक्षणों के बारे में।
चिकनपॉक्स क्या है?- What is Chickenpox in Hindi
चिकनपॉक्स एक गंभीर समस्या है जो वेरिसेला-जोस्टर वायरस के कारण होता है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजीशियन डॉ समीर कहते हैं, "चिकनपॉक्स का वेरिसेला-जोस्टर वायरस वही वायरस है जो दाद (Shingles) का कारण बनता है। यह वायरस हवा के माध्यम से संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से फैल सकता है। इसके अलावा फफोलों के निकट संपर्क में आने से भी इस संक्रमण का खतरा रहता है। चिकनपॉक्स होने के बाद शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है, जिसका मतलब है कि आपको आमतौर पर दोबारा चिकनपॉक्स नहीं होता है। हालांकि, वायरस निष्क्रिय अवस्था में तंत्रिका तंत्र में रह सकता है और बाद में दाद का रूप ले सकता है।
इसे भी पढ़ें: भारत में मिला चिकनपॉक्स का नया वैरिएंट ‘क्लैड 9’, जानें इसके लक्षण, कारण और बचाव के तरीके
चिकनपॉक्स के शुरुआती लक्षण- Early Symptoms of Chickenpox in Hindi
चिकनपॉक्स के फफोले आने से पहले ही कुछ शुरुआती लक्षण दिखाई देते हैं। इन लक्षणों को सही समय पर पहचानकर उचित कदम उठाने से आप इसका गंभीर रूप से शिकार होने से बच सकते हैं। चिकनपॉक्स के कुछ प्रमुख शुरुआती लक्षण इस तरह से हैं-
- बुखार (Fever): आमतौर पर चिकनपॉक्स होने के 10-21 दिन पहले हल्का बुखार आ सकता है।
- सिरदर्द (Headache): बुखार के साथ हल्का या तेज सिरदर्द भी हो सकता है।
- थकान (Fatigue): आप सामान्य से अधिक थका हुआ महसूस कर सकते हैं।
- भूख कम लगना (Loss of Appetite): चिकनपॉक्स की शुरुआत होने पर आपको भूख कम लग सकती है।
- पेट दर्द (Stomach ache): कुछ लोगों को पेट दर्द की शिकायत भी हो सकती है।
शुरुआती लक्षणों के कुछ दिनों बाद, शरीर पर लाल दाने निकलना शुरू हो जाते हैं। ये दाने कुछ दिन में फफोले का रूप ले लेते हैं। चिकनपॉक्स में होने वाले फफोले शरीर के किसी भी हिस्से में फैल सकते हैं। ज्यादातर लोगों में ये फफोले चेहरे, गर्दन, छाती और पीठ पर होते हैं। चिकनपॉक्स के कुछ गंभीर लक्षण इस तरह से हैं-
- तेज खुजली
- नए फफोले बनना
- ठंड के साथ बुखार
- मांसपेशियों में जकड़न
चिकनपॉक्स से बचाव कैसे करें?- Tips To Prevent Chickenpox in Hindi
चिकनपॉक्स का कोई खास इलाज नहीं है। आमतौर पर यह समस्या एक से दो सप्ताह में अपने आप ठीक हो जाती है। इस बीमारी में मरीज को बुखार जैसे अन्य लक्षणों को कम करने के लिए कुछ दवाओं के सेवन की सलाह दी जाती है। इस गंभीर समस्या से बचाव के लिए आपको खानपान और जीवनशैली का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसके अलावा चिकनपॉक्स का टीका बचपन में लगवाने के बाद इसका खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
(Image Courtesy: freepik.com)