
भारत की प्राचीन संस्कृति में भी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की प्रथा थी। आपने भी बचपन से साफ-सुथरे रहने की हिदायतें सुनते आये होंगे। भोजन करने से पहले आपने हाथ धोने के बारे में जरूर सुना होगा। घरों में बचपन से ही हाथ की साफ-सफाई पर जोर दिया जाता है। हैंड हाइजीन का सही ढंग से ध्यान रखने से आप कई गंभीर बीमारियों की चपेट में आने से बच सकते हैं। हाथ में मौजूद हजारों बैक्टीरिया सफाई न करने पर पेट तक पहुंच सकते हैं जो लोगों के बीमार कर सकते हैं। पिछले सालों से जब कोरोनावायरस संक्रमण तेजी से फैला है तबसे देश के ज्यादातर लोग हैंड हाइजीन का ध्यान रखने लगें हैं। सिर्फ कोरोना ही नहीं कई गंभीर बीमारियों को आप सिर्फ सही ढंग से हाथ धोकर दूर कर सकते हैं। पूरी दुनिया में 5 मई के दिन वर्ल्ड हैंड हाईजीन डे मनाकर दुनिया को हाथ धोने के फायदे, सही तरीके और इसके प्रति लोगों को जागरूक करने का काम किया जाता है। आज हम आपको ऐसी 5 बीमारियों के बारे में बताने जा रहे हैं जो सिर्फ सही तरीके से हाथ धोने से दूर रह सकती हैं।
सिर्फ सही ढंग से हाथ धोकर आप बच सकते हैं इन बीमारियों से (Diseases You Can Prevent By Simply Washing Hands)
(image source - freepik.com)
ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज रिपोर्ट के मुताबिक हर साल लाखों बच्चों की मौत 5 साल पूरा करने से पहले सिर्फ निमोनिया और डायरिया जैसी बीमारियों के कारण हो जाती है। एक साल में 5 साल से कम उम्र के आयु के बच्चे लगभग 2 से 3 बार इन बीमारियों से पीड़ित होते हैं। इन बीमारियों का सबसे प्रमुख कारण साफ-सफाई को माना जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक हाथ के माध्यम से रोगाणुओं का संचार सबसे ज्यादा होता है। अगर आप रोगानुजनित बीमारियों से बचना चाहते हैं तो हैंड हाइजीन का ध्यान जरूर रखना चाहिए। अल्कोहल या साबुन आधारित हैंड वाश सबसे सुरक्षित और सही माने जाते हैं। अच्छे ढंग से हाथ धोने से आप निमोनिया और डायरिया जैसी घातक बीमारियों से बच सकते हैं और लोगों का बचाव भी कर सकते हैं। नाइजीरिया, भारत, पाकिस्तान, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और इथियोपिया जैसे देशों में स्वच्छता की कमी के कारण हर साल लाखों बच्चों की मौत के आंकड़े आते हैं। ऐसे में हर व्यक्ति को हाथ साफ रखने और रोगाणुमुक्त रखने के लिए समय-समय पर सही ढंग से हाथों को धोना जरूर चाहिए। अगर आप सही ढंग से हाथ धोते हैं तो आप इन बीमारियों से बच सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : हाथ धोते समय अगर ये 5 गलतियां करते हैं, तो आपके हाथ धोने का कोई फायदा नहीं
1. कुपोषण (Malnutrition)
बच्चे के गर्भ में रहने लेकर उसके जन्म तक अगर उसे सही ढंग से पोषण नहीं मिलता है तो उसकी सेहत पर इसका असर जरूर पड़ता है। इसके अलावा सही पानी न पीने की वजह से भी बच्चों को मौत का सामना करना पड़ता है। दरअसल कुपोषण और हाथ धोने को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन की तरफ से कहा गया है कि 'अच्छे पोषण के लिए लगातार साबुन से हाथ धोना बहुत जरूरी है।" पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पीएचएफआई) के अनुसार अच्छे पोषण के लिए सही ढंग से पौष्टिक खाद्य पदार्थों का शरीर में पहुंचना अनिवार्य है। ऐसे में अगर आप अपने हाथों को सही ढंग से साफ नहीं करते हैं तो इसकी वजह से आपके द्वारा खाए जाने वाले भोजन पर भी प्रभाव पड़ता है और उस खाद्य पदार्थ के संक्रमित होने के बाद उसका सेवन आपके लिए फायदे की जगह नुकसानदायक हो सकता है। हाथों में रोगाणुओं के होने से आपके भोजन का सही ढंग से अवशोषण नहीं हो पाटा है और पर्याप्त मात्रा में पोषक तत्व शरीर को नहीं मिलते हैं। दुनियाभर में 5 साल से कम उम्र की आयु वाले बच्चों की मौत में कुपोषण का योगदान 67 प्रतिशत तक है।
इसे भी पढ़ें : संक्रमण से बचने के लिए साबुन से हाथ धोना है जरूरी, बच्चों को भी डालें इसकी आदत
(image source - freepik.com)
2. हेपेटाइटिस ए (Hepatitis A)
लिवर से जुड़ा जानलेवा और गंभीर रोग हेपेटाइटिस गंदगी के कारण सबसे ज्यादा होता है। इस बीमारी में सबसे ज्यादा नुकसान लिवर को होता है और इसकी वजह से कई बार मरीज की मौत भी हो जाती है। मुख्य रूप से यह बीमारी हाथों के जरिए शरीर में पहुंचती है। हाथों को समय-समय सही ढंग से धोने से आप इस समस्या से बच सकते हैं। अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक हेपेटाइटिस ए की समस्या पीलिया, पेट दर्द और लिवर से जुड़ी अन्य बीमारियों का कारण बन सकती है। यह बीमारी सबसे ज्यादा दूषित भोजन से फैलती है और भोजन के दूषित होने का सबसे बड़ा कारण हाथों को सही ढंग से साफ न करना ही होता है। बाथरूम का उपयोग करने के बाद साबुन और पानी से अच्छी तरह से हाथ धोना, डायपर बदलना और खाना बनाने या खाने से पहले हाथ को अच्छी तरफ साबुन से धुलकर साफ करने से आप इस समस्या से बच सकते हैं।
3. डायरिया (Diarrhoea)
डायरिया एक प्रकार का गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल इंफेक्शन है जो बैक्टीरिया, वायरल और परजीवियों के कारण होता है। डायरिया यानी दस्त की समस्या दूषित भोजन या पाने पीने से या गंदगी के संपर्क में आने से होता है। छोटे बच्चे जो स्तनपान ही करने हैं उन्हें डायरिया की समस्या मां के कारण हो सकती ही। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक ज्यादातर लोगों में डायरिया की समस्या हाथों के साफ न होने के कारण होती है। हाथों में जीवाणुओं और रोगाणुओं की मौजूदगी ही इस समस्या का कारण बनती है। सही ढंग से हाथ न धोने के कारण आपके हाथों में हजारों रोगाणु मौजूद रहते हैं जो पानी पीते समय या भोजन के दौरान पेट में जाते हैं और बीमारियों का कारण बनते हैं। आप सही ढंग से हैंड हाइजीन के नियमों का पालन कर इस समस्या से बच सकते हैं।
(image source - freepik.com)
4. कृमि संक्रमण या पेट में कीड़े की समस्या (Worm Infestation)
डब्ल्यूएचओ की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में 1 से 14 साल की आयु के लगभग 241 मिलियन बच्चे आंत में कीड़ों की समस्या से ग्रसित होते हैं। इन बच्चों को आंत में परजीवी कीड़ों का खतरा बना रहता है। इन कीड़ों को सॉइल-ट्रांसमिटेड हेल्मिन्थ्स (एसटीएच) के नाम से भी जाना जाता है। इस समस्या से बचाव के लिए आप सिर्फ सही ढंग से अपने हाथों को साफ रखने का काम कर सकते हैं। हाथ की स्वच्छता से आप पेट में कृमि या कीड़ों की समस्या से बच सकते हैं। हैजा जैसी गंभीर बीमारियां भी इन्हीं कारणों से लोगों में तेजी से फैली थी। दुनिया की कई महामारियों का कारण पर्याप्त साफ-सफाई या स्वच्छता के नियमो का सही ढंग से पालन न करना था।
5. कॉलरा या हैजा (Cholera)
कॉलरा या हैजा की बीमारी एक गंभीर जानलेवा बीमारी है जिसकी वजह से लोगों की मौत तुरंत हो सकती है। एक समय पर यह बीमारी भारत में काल बनकर सामने आई थी। हर साल हैजा के लगभग 1 से 1.4 मिलियन मामले आते हैं। हैजा के कारण पूरी दुनिया में 21 हजार से 1 लाख से अधिक लोगों की मौत होती है। इस बीमारी से बचाव का सबसे सही उपाय साफ-सफाई और हैंड हाइजीन का सही ध्यान रखना है।
क्या है हाथ धोने का सही तरीका
अपने हाथों में सिर्फ साबुन लगाकर छोड़ देने से आपके हाथ साफ नहीं हो जाते, इसके लिए आपको लगभग 20-40 सेकण्डस तक अपने हाथो, उंगलियों, नाखुनों को ठीक प्रकार से साफ करना होता है। साबुन से अच्छी तरह झाग बनाकर करीब 30 सेकेंड तक हाथ धोना सही रहता है। जरूरी नहीं कि आप एंटी बैक्टीरियल साबुन का ही इस्तेमाल करें। कोई भी साबुन कीटाणुओं को मारने में कारगर हो सकता है।
(main image source - freepik.com)