Connection Between Wisdom Teeth And Bad Breath In Hindi: अक्लदाढ़ वह मुंह में सबसे पीछे के हिस्से में आने वाले वह दांत होते हैं, जो सबसे बड़े होते हैं और बाकी दांतों की तुलना में सबसे देरी से आते हैं। आमतौर पर यह दांत 20 साल की उम्र के बाद से आना शुरू होते हैं। कुछ लोगों के इससे ज्यादा देरी से अक्लदाढ़ आते हैं। वहीं, कुछ लोगों के मुंह में चार अक्लदाढ़ आजाते हैं, जबकि कुछ लोगों के मुंह में एक या दो ही अक्लदाढ़ आते हैं। बहरहाल, जिस तरह आपने देखा होगा कि छोटे बच्चों के मुंह में दांत आने पर उन्हें कई तरह की परेशानियां होने लगती हैं, जैसे उल्टी या दस्त। इसी तरह, अक्लदाढ़ आने पर भी लोगों को दिक्कतें होती हैं, जैसे मुंह में सूजन और दांतों में दर्द होना। कई बार अक्लदाढ़ आने के कारण व्यक्ति अपना मुंह पूरी तरह नहीं खोल पाता है और खाना-पीना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यहां एक सवाल यह उठता है कि अक्लदाढ़ के कारण मुंह से बदबू आ सकती है? इस बारे में जानने के लिए हमने बालाजी डेंटल क्लिनिक के सीईओ एवं संस्थापक डॉ. दिनेश सोनी से बात की।
क्या अक्लदाढ़ के कारण मुंह से बदबू आ सकती है?- Can Wisdom Teeth Cause Bad Breath In Hindi
यह सच है कि अक्लदाढ़ आने पर मुंह में काफी दर्द होता है और सूजन भी हो जाती है। कई लोगों के लिए यह स्थिति काफी दर्दनाक होती है। इसलिए, विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि अक्लदाढ़ में दर्द होने पर इसे हल्के में न लें, तुरंत डॉक्टर के पास जाएं। क्योंकि अक्लदाढ़ के कारण रोजमर्रा के कामकाज करना भी मुश्किल हो जाता है। जहां तक सवाल इस बात का है कि क्या अक्लदाढ़ के कारण मुंह से बदबू आने की समस्या हो सकती है? इस बारे में डॉक्टर का कहना है, "अक्लदाढ़ के कारण मुंह से बदबू आने की प्रॉब्लम हो सकती है।" यहां यह जान लेना आवश्यक है कि ऐसा क्यों होता है? इस बारे में डॉक्टर समझाते हैं कि जब अक्लदाढ़ में सूजन आ जाती है, तो इस स्थिति में कुछ भी खाना पीना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में आप जो भी खाते हैं, वह सूजनग्रस्त जगह पर फंस सकता है। लंबे समय तक मुंह की दर्द के कारण सही से सफाई नहीं होती है और प्रभावित हिस्से में बैक्टीरिया बनने लगते हैं। ऐसे में बैक्टीरिया इंफेक्शन हो सकता है, जिससे मुंह में बदबू आने की दिक्कत हो जाती है।
इसे भी पढ़ें: अक्ल दाढ़ आने पर हो सकती हैं ये 5 समस्याएं, जानें बचाव
अक्लदाढ़ के कारण आ रहे मुंह में बदबू से कैसे छुटकारा पाएं?
दो बार ब्रश जरूर करें
इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है कि अक्लदाढ़ के कारण दांतों में दर्द होने लगता है। कई बार मुंह खोलना तक मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद, कोशिश करें कि बहुत सावधानी पूर्वक दिन में दो बार ब्रश करें। ब्रश करने से बदबू आने की समस्या कम हो जाती है।
फ्लॉस करना न भूलें
अक्लदाढ़ आने पर अक्सर लोग दर्द की वजह से फ्लॉस नहीं करते हैं। ऐसे में दांतों के बीच खाने के पार्टिकल्स चिपके रह जाते हैं। अगर लंबे समय तक दांतों के बीच खाने की चीजें फंसी रहती हैं, तो इससे मुंह से बदबू आ सकती है। ऐसा न हो, इसके लिए जरूरी है कि आप अक्लदाढ़ आने पर फ्लॉस करना छोड़ें।
इसे भी पढ़ें: इन 5 परिस्थितियों में पड़ती है अक्लदाढ़ निकलवाने की जरूरत, न करें अनदेखी
माउथवॉश का यूज करें
अगर अक्लदाढ़ के कारण सही तरह से ब्रश नहीं कर पा रहे हैं, तो बेहतर है कि आप माउथवॉश का यूज करें। एंटीबैक्टीरियल माउथवॉश अच्छा विकल्प होते हैं। इसकी मदद से मुंह में बैक्टीरिया नहीं पनपते हैं और मुंह से बदबू आने की समस्या दूर हो जाती है।
नमक पानी से गरारा करें
अक्लदाढ़ से जुड़ी किसी भी तरह की दिक्कत हो, तो जरूरी है कि आप गुनगुने नमक पानी से गरारा करें। नमक पानी से गरारा करने पर मुंह का दर्द ठीक होता है, सूजन में कमी आती है और मुंह न खुलने की समस्या भी धीरे-धीरे दूर हो जाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि नमक पानी से गरारा करने पर मुंह में बैक्टीरिया प्रोड्यूस नहीं होते हैं और ओरल हेल्थ में भी सुधार होता है।
All Image Credit: Freepik
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version