Yoga Poses For Muscle Building In Hindi: चाहे महिला हो या पुरुष, हर कोई फिट और टोंड बॉडी पाना चाहता है। आजकल युवाओं में बॉडी बनाने का इतना क्रेज है कि इसके लिए लोग घंटों जिम में बिताते हैं। कुछ लोग मसल बिल्डिंग के लिए खास डाइट प्लान फॉलो करते हैं और हैवी वेट लिफ्टिंग भी करते हैं। दरअसल, मसल्स गेन करके बॉडी को एक परफेक्ट शेप मिलती है और आपकी पर्सनालिटी में भी सुधार होता है। लेकिन आप चाहें तो मसल्स बिल्डिंग के लिए योगा का सहारा भी ले सकते हैं। जी हां, योगा में आप डंबल्स या हैवी इक्विपमेंट्स के बजाय अपने बॉडी वेट को उठाते हैं, जिससे मसल गेन करने में मदद मिलती हैं। कुछ योगासनों के नियमित अभ्यास से न सिर्फ आपको एक मस्कुलर बॉडी मिल सकती है, बल्कि आपकी फ्लेक्सिबिलिटी में भी सुधार होगा। आज इस लेख में योग प्रशिक्षक कृष्णा राणा से जानेंगे मसल बिल्डिंग के लिए फायदेमंद योगासनों के बारे में-
1. सेतुबंधासन - Bridge Pose
- इस आसन को करने के लिए जमीन पर पीठ के बल लेट जाएं।
- अब अपने घुटनों को मोड़ें और तलवों को जमीन पर रखें।
- अपने दोनों हाथों से पैरों की एड़ियों को पकड़ें।
- सांस लेते हुए धीरे-धीरे अपनी बॉडी को ऊपर उठाएं।
- इस मुद्रा में 1-2 मिनट तक रहें।
- इसके बाद सांस छोड़ते हुए प्रारंभिक मुद्रा में आ जाएं।
2. वीरभद्रासन - Warrior Pose
- इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं।
- अब अपने दोनों पैरों को फैलाएं। पैरों के बीच 2-3 फीट की दूरी रखें।
- अब दोनों हाथों को कंधे के समानांतर रखें।
- फिर अपने दाएं पैर को 90 डिग्री के कोण पर घुमाएं। यानी घुटने से मोड़ते हुए तलवे के जमीन पर रखें।
- बाएं पैर को पीछे की तरफ स्ट्रेच करें।
- अपने सिर को दाएं पैर और हाथ की तरफ रखें। फिर सामने की तरफ देखें।
- इस अवस्था में 50-60 सेकेंड्स तक रुकें।
- फिर प्रारंभिक स्थिति में आ जाएं।
- आप इस प्रक्रिया को 3-5 बार कर सकते हैं।

3. वृक्षासन - Tree Pose
- इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं।
- अब अपने दाहिने पैर को मोड़ें और दाहिने पैर के तलवे को बाएं पैर की जांघ पर सटाने का प्रयास करें।
- इस दौरान अपने बाएं पैर पर शरीर का वजन संतुलित करें और सीधे खड़े रहने की कोशिश करें।
- फिर लंबी और गहरी सांस लेते हुए अपने दोनों हाथों को सिर के ऊपर ले जाकर नमस्कार की मुद्रा बनाएं।
- इस दौरान रीढ़ की हड्डी, कमर और सिर एक सीध में होने चाहिए।
- इस मुद्रा में कुछ देर रहें।
- इसके बाद सांस छोड़ते हुए प्रारंभिक मुद्रा में आ जाएं।
- इस प्रक्रिया को 4-5 बार दोहराएं।

4. नौकासन - Boat Pose
- इस आसन को करने के लिए सबसे पहले चटाई पर बैठ जाएं।
- अब अपनी टांगों को सामने की तरफ फैलाएं।
- इसके बाद अपने दोनों हाथों को पीछे की तरफ ले जाकर हिप्स से थोड़ा पीछे जमीन पर रखें।
- अब अपने शरीर को थोड़ा ऊपर की तरफ उठाने की कोशिश करें।
- इस दौरान ध्यान रहे कि आपकी रीढ़ की हड्डी बिलकुल सीधी होनी चाहिए।
- अब धीरे-धीरे सांस को बाहर की तरफ छोड़ते हुए पैरों को जमीन से 45 डिग्री तक उठाएं।
- अब अपने शरीर को नाव की मुद्रा में रखने की कोशिश करते हुए हिप्स और नाभि को पास लेकर आएं।
- अब अपने बट और टेलबोन पर बैठें।
- इसके बाद अपने टखनों को उठाकर आंख के सीध में लेकर जाएं।
- सामान्य गति से सांस लेते हुए नाव या V के आकर में लगभग 10 से 20 सेकंड तक रहें।
- इसके बाद धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए सामान्य मुद्रा में आएं।

5. त्रिकोणासन - Triangle Pose
- इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं।
- अपने दोनों पैरों के बीच 3-4 फीट की दूरी बनाकर रखें।
- हाथों को जांघों के बगल में रखें। अपनी बाहों को कंधे तक फैलाएं।
- धीरे-धीरे सांस लेते हुए, दाएं हाथ को सिर के ऊपर ले जाएं। इस दौरान आपका हाथ कान को छूना चाहिए।
- अब सांस छोड़ते हुए, अपने शरीर को बाईं तरफ को झुकाएं।
- ध्यान रखें कि इस दौरान आपके घुटने मुड़ने नहीं चाहिए।
- इस मुद्रा में कुछ देर बने रहें।
- इसके बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं।
- आप इस आसन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।
मसल्स बिल्डिंग के लिए आप भी रोजाना इन 5 योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं। लेकिन अगर आप किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, तो हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह के बाद ही इनका अभ्यास करें।