
अगर आप बंगाली हैं, तो आपने गोंधोराज लेबू घोल (Gondhoraj Ghol) के बारे में जरूर सुना होगा। लेकिन अगर आप बंगाली नहीं हैं तो आज हम आपको इस घोल के बारे में बताएंगे। गोंधोराज लेबू घोल बंगाल का एक प्रसिद्ध देसी ड्रिंक है। इसे बंगाली लोग अकसर ही गर्मी के मौसम में बनाते हैं और इस ड्रिंक का आनंद लेते हैं। गोंधोराज घोल को बड़े आकार के नींबू से बनाया जाता है, लेकिन अगर आपको बड़े आकार का नींबू न मिले, तो आप सामान्य नींबू से भी इस घोल को तैयार कर सकते हैं। यह घोल काफी पतला होता है। इसके लिए ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं होती है। इसे सिर्फ छाछ और नींबू की मदद से बनाया जा सकता है। गर्मी में इसे पीना बेहद सेहतमंद होता है। इससे शरीर को ठंडक मिलती है और शरीर तरोताजा रहता है। इतना ही नहीं नींबू में पर्याप्त मात्रा में पाए जाने वाला विटामिन सी स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है। आप चाहें तो इसे बिना छाछ के भी बना सकते हैं। इसके सेवन से इम्यूनिटी बढ़ती है, साथ ही यह सेहत को कई अन्य फायदे भी पहुंचाता है। इसे आप आसानी से ही घर पर बना सकते हैं। इसे बनाना बेहद आसान है। डायटीशियन डॉक्टर सुगीता मुटरेजा से जानें बंगाल का प्रचलित गोंधोराज लेबू घोल पीने के फायदे और इसे बनाने का आसान तरीका (Bengal Famous Gondhoraj Ghol Benefits And Recipe)-
गोंधोराज लेबू घोल बनाने का तरीका (How to Make Gondhoraj Ghol)
आवश्यक सामग्री (Necessary Ingredients)
- छाछ : 1 गिलास
- नींबू का रस : स्वादानुसार
- काला या पिंक नमक : स्वादानुसार
- चीनी या ब्राउन शुगर : स्वादानुसार
- ठंडा पानी : आधा गिलास
ऐसे बनाएं गोंधोराज लेबू घोल (Recipe of Gondhoraj Ghol)
- - इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक गिलास में छाल निकाल लें।
- - इसमें नींबू का रस निचोड़ लें।
- - अब इसमें चीनी या ब्राउन मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लें।
- - इसके बाद स्वादानुसार काला या पिंक नमक डाल दें।
- - अब ठंडा पानी डालकर इसे अच्छे से मिलाएं।
- - इसे तब तक मिलाते रहे, जब तक इसमें झाग न आ जाएं।
- - तैयार बंगाली पेय जल को सर्व करें और खुद भी पिएं।

गोंधोराज घोल के फायदे (Benefits of Gondhoraj Ghol)
गोंधोराज घोल को पीने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। गर्मी के मौसम में आप इसका सेवन रोजाना कर सकते हैं। बंगाल में गर्मियों में इसका सेवन बहुत अधिक मात्रा में किया जाता है। इससे शरीर को ठंडक मिलती है और यह पानी की कमी को भी दूर करता है। इसमें पाए जाने वाला नींबू शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होता है।
इम्यूनिटी बढ़ाए (Increase Your Immunity)
गोंधोराज घोल या ड्रिंक में नींबू का इस्तेमाल किया जाता है। नींबू में कई तरह के विटामिंस और मिनरल्स पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए जरूरी होते हैं। नींबू में पर्याप्त मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है। कोरोना वायरस से बचने के लिए नींबू का सेवन करना फायदेमंद बताया गया है, ऐसे में आप इस तरह से भी इसका सेवन कर सकते हैं।
शरीर को ठंड दे (Cooling Effect)
गर्मी के मौसम में तेज धूप और गर्मी से हमारी त्वचा ही नहीं बल्कि हमारा अंदरुनी शरीर भी गर्मी से तप रहा होता है। ऐसे में इसे ठंडक देने के लिए आप फ्रिज का ठंडा पानी जरूर पीते होंगे। लेकिन कोरोना काल में ठंडा पानी पीना सेहत के लिए ठीक नहीं माना जा रहा है, ऐसे में आप कुछ हेल्दी कूल ड्रिंक का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए गोंधोराज घोल फायदेमंद हो सकता है। इसमें कूलिंग इफेक्ट होता है, जो हमारे शरीर को ठंडक प्रदान करने में मदद करता है। नियमित रूप से इस ड्रिंक का सेवन करने से आप अपनी खुद को गर्मी से बचा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें - Juice Recipe For Strong Bones: हरा सेब, अदरक और पालक से बना जूस हड्डियों को देगा मजबूती, जानें इसकी विधि
मिनरल्स से भरपूर (Full of Minerals)
इस घोल को बनाना बहुत ही आसान है। इसमें दही, नमक, नींबू, चीनी, गोंदराज लेबु आदि कई चीजें शामिल हैं। इसके साथ ही इसमें सामान्य नमक नहीं बल्कि काला या पिंक नमक डाला जाता है। इस ड्रिंक में कई चीजों का मिश्रण होता है, इसलिए इसे सेहत के लिए बेहद फायदेमंद बताया गया है। इसलिए यह घोल मिनरल्स से भरपूर होता है। नियमित रूप से इस ड्रिंक को पीने से शरीर में पोषक तत्वों की कमी को पूरा किया जा सकता है।
डिहाइड्रेशन से बचाए (Prevent from Dehydration)
गर्मी में शरीर में पानी की कमी होने से डिहाइड्रेशन की समस्या हो जाती है। इससे शरीर में पोषक तत्वों की भी कमी हो जाती है। डिहाइड्रेशन की वजह से त्वचा भी रूखी और बेजान हो जाती है। ऐसे में पानी पीना बहुत जरूरी होता है, गर्मी के मौसम में ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए। लेकिन आप चाहें तो गोंधोराज घोल का सेवन कर सकते हैं। इस नियमित रूप से पीने से शरीर में पानी की कमी दूर होती है और डिहाइड्रेशन से होने वाली समस्याओं का बचाव होता है।
आप भी गर्मी के मौसम में इस घोल या पेय पदार्थ को आसानी से बनाकर पी सकते हैं। इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है और आप इसे आसानी से घर पर बनाकर पी सकते हैं। इससे शरीर को कई फायदे भी मिलते हैं। लेकिन अगर आपको इसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों में से किसी से एलर्जी है, तो इसके लिए एक बार अपनी डायटीशियन से जरूर सलाह लें।
Read More Articles on Healthy Diet in Hindi