
Ayurvedic Home Remedies For Ringworm Infection In Hindi: दाद सबसे आम फंगल इंफेक्शन में से एक है। इसे अंग्रेजी में रिंगवॉर्म कहा जाता है, क्योंकि इसमें त्वचा पर लाल गोलाकार चक्क्ते बन जाते हैं। वहीं, मेडिकल भाषा में इसे डर्मेटोफाइटोसिस और टिनिया के नाम से भी जाना जाता है। दाद की समस्या खोपड़ी, कंधे, बाजू, चेहराे और कमर आदि किसी भी हिस्से पर हो सकती है। दाद होने पर रोगी को तेज खुजली और जलन होती है। यह बेहद संक्रामक रोग है, जो एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में बहुत तेजी से फैल सकता है। दाद होने पर प्रभावित जगह को खुजलाने पर यह संक्रमण और ज्यादा फैलता चला जाता है। वैसे तो मार्केट में दाद के लिए कई तरह की दवाएं और क्रीम-लोशन उपबल्ध हैं। लेकिन आप चाहें तो दाद को आयुर्वेदिक उपायों की मदद से भी खत्म कर सकते हैं। इस लेख में हम आपको दाद की समस्या से छुटकारा पाने के 5 आयुर्वेदिक उपाय बता रहे हैं -
दाद के लिए आयुर्वेदिक उपाय - Ayurvedic Remedies For Ringworm Infection In Hindi
हल्दी
आयुर्वेद में हल्दी को औषधीय गुणों का खजाना कहा गया है। हल्दी में एंटीफंगल और एंटी-इंफ्लेमटरी गुण होते हैं, जो दाद और खुजली को कम कर सकते हैं। दाद की समस्या से निजात पाने के लिए आप एक चम्मच हल्दी में पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। फिर इस पेस्ट को प्रभावित हिस्से पर लगाएं। आधे घंटे बाद पानी से धो लें। आप इसका प्रयोग दिन में 2-3 बार कर सकते हैं।
नारियल का तेल
नारियल का तेल भी दाद का घरेलू उपचार करने का एक प्रभावी तरीका हो सकता है। नारियल तेल में एंटी-फंगल गुण होते हैं, जो दाद को खत्म करने में मदद कर सकते हैं। त्वचा पर नारियल तेल लगाने से खुजली और जलन की समस्या भी दूर हो सकती है। दाद और खुजली के इलाज के लिए आप रूई की मदद से नारियल का तेल प्रभावित हिस्से पर लगाएं। इस प्रक्रिया को दिन में 3-4 बार दोहराया जा सकता है।
लहसुन
कई तरह के फंगल संक्रमणों के इलाज के लिए लहसुन को काफी प्रभावी माना गया है। एनसीबीआई की वेबसाइट पर मौजूद एक रिसर्च के मुताबिक, दाद के उपचार के लिए लहसुन का उपयोग किया जा सकता है। इस अध्ययन के अनुसार, लहसुन में एजीन (Ajoene) कंपाउंड मौजूद होता है, जो दाद के इलाज में प्रभावी हो सकता है। इसके लिए आप लहसुन की 2-3 कलियों को बारीक पीस लें। इसे दाद वाली जगह पर लगाएं और 15 मिनट तक लगा रहने दें। फिर पानी से धो लें।
इसे भी पढ़ें: दाद होने पर इस तरह लगाएं नीम का तेल, दूर होगी समस्या
नीम
नीम के कई औषधीय गुण मौजूद होते हैं। नीम में एंटी-फंगल गुण पाए जाते हैं, जो फंगल इंफेक्शन को दूर करने में मददगार होते हैं। दाद की समस्या को खत्म करने के लिए आप नीम की पत्तियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए प्रभावित हिस्से पर नीम के पत्तों को पीसकर लगाएं। इसके अलावा, आप नीम के तेल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
एलोवेरा
एलोवेरा त्वचा संबंधी कई समस्याओं को दूर करने में असरदार है। एलोवेरा में एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो त्वचा के संक्रमण को दूर करने में मदद करते हैं। एलोवेरा त्वचा को ठंडक प्रदान करता है और जलन को भी कम करता है। दाद की समस्या से छुटकारा पाने के लिए प्रभावित हिस्से पर एलोवेरा जेल लगाएं। आप इसे दिन में 3-4 बार लगा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: दाद, खाज, खुजली किस विटामिन की कमी से होता है? जानें इसके स्रोत
दाद की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप इन आयुर्वेदिक उपायों को आजमा सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या बढ़ रही है, तो आपको डॉक्टर को दिखाना चाहिए।