मुंह की बदबू से हैं परेशान? जानें इसे दूर करने के 5 आयुर्वेदिक उपाय

Ayurvedic Remedies To Get Rid Of Bad Breath: मुंह की बदबू से छुटकारा पाने के लिए आप इन आयुर्वेदिक उपायों को आजमा सकते हैं -

Priya Mishra
Written by: Priya MishraUpdated at: Feb 26, 2023 07:30 IST
मुंह की बदबू से हैं परेशान? जानें इसे दूर करने के 5 आयुर्वेदिक उपाय

3rd Edition of HealthCare Heroes Awards 2023

Ayurvedic Remedies To Get Rid Of Bad Breath In Hindi: मुंह से बदबू आना एक आम समस्या है। कई बार लोगों को मुंह की बदबू की वजह से काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है। अगर किसी के मुंह से बदबू आती है, तो लोग उस व्यक्ति से बात करने के लिए पास भी नहीं आते हैं। मुंह से बदबू आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। सही ढंग से ब्रश ना करने की वजह से मुंह से बदबू आ सकती है। इसके अलावा, पोषक तत्वों की कमी, पेट साफ ना होना, या दांतों का सड़ना आदि भी मुंह और सांसों से आने वाली बदबू का कारण हो सकता है। इसे मेडिकल भाषा में हेलिटोसिस कहते हैं। मुंह की बदबू को दूर करने के अधिकतर लोग दिन में दो ब्रश करते हैं, माउथवॉश का इस्तेमाल करते हैं या च्युइंग गम चबाते हैं। हालांकि, कुछ आयुर्वेदिक उपायों की मदद से भी मुंह की बदबू से छुटकारा पाया जा सकता है। इस लेख में हम आपको मुंह की बदबू दूर करने के आयुर्वेदिक उपाय (Muh Ki Badbu Dur Karne Ke Ayurvedic Upay) बता रहे हैं  -

मुंह की बदबू दूर करने के आयुर्वेदिक उपाय - Ayurvedic Remedies To Get Rid Of Bad Breath In Hindi

नीम

मुंह की बदबू दूर करने का सबसे अच्छा उपाय है- नीम। आयुर्वेद में नीम का प्रयोग कई समस्याओं के इलाज के लिए किया जाता है। नीम में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो बदबू फैलाने वाले बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करते हैं। यह दांतों की सड़न से बचाने में भी काफी कारगर है। मुंह की बदबू दूर करने के लिए आप नीम की दातुन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा, आप नीम के पाउडर से दांतों को ब्रश कर सकते हैं।   

त्रिफला

मुंह की बदबू को दूर करने के लिए त्रिफला चूर्ण काफी फायदेमंद माना जाता है। आंवला, हरड़ और विभीतकी, इन तीन जड़ी-बूटियों के मिश्रण से त्रिफला चूर्ण बनता है। इसमें विटामिन सी, लिनोलिक एसिड और फ्रुक्टोज जैसे गुण मौजूद होते हैं। यह मुंह और सांसों की बदबू को दूर करने में काफी प्रभावी है। इसके लिए आप एक गिलास गर्म पानी के साथ एक चम्मच त्रिफला चूर्ण का सेवन करें।

Muh-Ki-Babu-Ke-Ayurvedic-Upay

दालचीनी

मुंह की बदबू दूर करने में दालचीनी का प्रयोग कारगर साबित हो सकता है। दालचीनी में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो लार में मौजूद दुर्गंध पैदा करने वाले बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करता हैं। दालचीनी के पानी से कुल्ला करने से मुंह से बदबू नहीं आती है। इसके लिए एक गिलास पानी में 1 चम्मच दालचीनी पाउडर डालकर उबाल लें। जब यह ठंडा हो जाए तो इस पानी से कुल्ला करें। दिन में 2-3 बार दालचीनी के पानी से कुल्ला करने से मुंह की बदबू से छुटकारा मिलेगा।

इसे भी पढ़ें: घर पर बनाएं नैचुरल माउथवॉश, मुंह की बदबू से मिलेगा छुटकारा

लौंग और इलायची 

अगर आप मुंह की बदबू से परेशान हैं, तो लौंग और इलायची की चाय पी सकते हैं। इसके लिए एक कप पानी में थोड़ी लौंग और इलायची डालकर उबाल लें। जब पानी आधा रह जाए, तो इसे छान लें। उसके बाद इस चाय को पिएं। इससे न सिर्फ मुंह की बदबू दूर होगी, बल्कि पेट से जुड़ी समस्याओं में भी लाभ होगा।

पुदीना 

मुंह की बदबू को दूर करने के लिए आप पुदीने का इस्तेमाल कर सकते हैं। पुदीने की पत्तियों में एंटी-माइक्रोबियल गुण और मैंथोल कंपाउंड पाया जाता है, जो मुंह की बदबू को दूर करने में मदद करता है। इसके लिए आप एक गिलास पानी में 4-5 पुदीने की पत्तियों को उबाल लें और छान लें। अब इस पानी से कुल्ला करें। इसके अलावा, आप पुदीने की पत्तियों को चबा सकते हैं। इससे मुंह की बदबू दूर होगी और साथ ही दांत के दर्द से भी राहत मिलेगी।

इसे भी पढ़ें: Mouth Freshener: आंवला से बनाएं बेहतरीन माउथ फ्रेशनर, मुंह की बदबू और अपच से मिलेगा छुटकारा

अगर आप भी मुंह की बदबू से परेशान हैं, तो इन आयुर्वेदिक उपायों को जरूर आजमाएं। लेकिन अगर आपकी समस्या दूर नहीं हो रही है, तो आपको डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है।

Disclaimer