Doctor Verified

शरीर के दर्द से राहत दिला सकती हैं ये 5 आयर्वेदिक हर्ब्स, जानें प्रयोग का तरीका

Ayurvedic Herbs For Body Pain: शरीर के दर्द से राहत पाने के लिए आप इन आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों का सेवन कर सकते हैं।
  • SHARE
  • FOLLOW
शरीर के दर्द से राहत दिला सकती हैं ये 5 आयर्वेदिक हर्ब्स, जानें प्रयोग का तरीका

Ayurvedic Herbs For Body Pain In Hindi: आजकल की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जीनवशैली में लोग अक्सर शरीर में दर्द की शिकायत करते हैं। कभी हाथ-पैर, तो कभी सिर और पीठ में दर्द होता है। दिनभर की थकान, शरीर में पोषक तत्वों की कमी, लंबे समय तक एक ही पोजीशन में बैठे रहना, असक्रिय जीवनशैली और नींद न पूरी होना शरीर में दर्द के कुछ कारण हो सकते हैं। आमतौर पर थोड़ा आराम करने से यह दर्द ठीक हो जाता है। लेकिन कई बार पूरे शरीर में इतना तेज दर्द होता है कि व्यक्ति किसी भी काम पर ध्यान नहीं दे पाता है। ऐसे में अधिकतर लोग पेनकिलर दवाओं का सहारा लेते हैं। लेकिन इनके ज्यादा सेवन से सेहत को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में आप शरीर के दर्द का इलाज करने के लिए आयुर्वेद की ओर रुख कर सकते हैं। आयुर्वेद में कई ऐसी जड़ी-बूटियां उपलब्ध हैं, जो शरीर के दर्द से राहत दिला सकती हैं। आज इस लेख में आयुर्वेदिक डॉक्टर रितु चड्ढा से ऐसी ही कुछ हर्ब्स के बारे में जानेंगे -

शरीर में दर्द का आयुर्वेदिक इलाज - Ayurvedic Herbs For Body Pain In Hindi

अश्वगंधा 

आयुर्वेद में अश्वगंधा का उपयोग एक शक्तिशाली औषधि के रूप में किया जाता है। शरीर की कई परेशानियों को दूर करने के लिए इसका इस्तेमाल सदियों से किया जा रहा है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मदद करते हैं। इसके सेवन से शारीरिक कमजोरी दूर होती है और दर्द से भी राहत मिलती है। इसमें मौजूद गुण नसों के दर्द से आराम दिलाते हैं, जिसकी वजह से हमें नींद अच्छी आती है। अगर आप शरीर में दर्द से परेशान हैं, तो अश्वगंधा के कैप्सूल या चूर्ण का सेवन एक गिलास पानी या गर्म दूध के साथ कर सकते हैं।

Ayurvedic-Herbs-For-Body-Pain

त्रिफला 

आयुर्वेद में त्रिफला का विशेष महत्व है। त्रिफला 3 जड़ी-बूटियों- हरीतकी, आमलकी और विभीतकी का मिश्रण होता है। शरीर के दर्द का इलाज करने के लिए त्रिफला चूर्ण का उपयोग किया जा सकता है। इसका सेवन करने से नसों को आराम मिलता है और दर्द से राहत मिलती है। यह जोड़ों के दर्द, ऐंठन और अर्थराइटिस की समस्या को दूर करने में भी फायदेमंद हो सकता है। आप रोज एक चम्मच त्रिफला चूर्ण का सेवन गुनगुने पानी के साथ कर सकते हैं। इससे पाचन संबंधी विकारों को दूर करने में भी मदद मिलेगी।

हल्दी

आयुर्वेद में हल्दी को औषधीय गुणों का खजाना कहा जाता है। इसका उपयोग शरीर की समस्याओं को दूर करने के लिए सदियों से किया जा रहा है। हल्दी में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो शरीर के दर्द और सूजन को दूर करने में मदद कर सकते हैं। इसका सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और कई तरह की बीमारियों से बचाव होता है। रोज रात में सोने से पहले आधा चम्मच हल्दी पाउडर को एक गिलास दूध में डालकर पिएं। इससे आपको हर तरह के दर्द से आराम मिल सकता है।

इसे भी पढ़ें: आयुर्वेदिक थेरेपी पत्र पिंड स्वेदन से मुझे मिला सर्वाइकल में आराम, जानें दर्द में कैसे कारगर है यह

दालचीनी

दालचीनी का इस्तेमाल आमतौर पर किचन में मसाले के तौर पर किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दालचीनी न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाती है, बल्कि शरीर के दर्द को दूर करने में बेहद प्रभावी है? दरअसल, इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं, जो दर्द और सूजन से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं। शरीर में दर्द होने पर आप एक गिलास दूध में आधा चम्मच दालचीनी पाउडर और शहद को मिलाकर पी सकते हैं। दालचीनी की चाय पीने से पीरियड पेन कम होता है और मूड स्विंग्स की समस्या भी दूर हो सकती है।

यष्टिमधु 

यष्टिमधु एक जड़ी-बूटी है, जिसका उपयोग कई बीमारियों को ठीक करने के लिए किया जाता है। यह स्वाद में काफी मीठा होता है। यह शरीर को ऊर्जा प्रदान करने और कमजोरी को दूर करने में मदद करता है। इसके सेवन से बदन दर्द से आराम मिलता है और सर्दी-जुकाम व गले में दर्द की परेशानी भी दूर हो सकती हैं। इसके अलावा यह मांसपेशियों के दर्द और ऐंठन की समस्या को दूर करने में भी मददगार साबित हो सकता है। इसका सेवन आप काढ़े के रूप में कर सकते हैं। हालांकि, इसका सेवन करने से पहले एक बार एक्सपर्ट की राय जरूर लें।

इसे भी पढ़ें: सुबह उठने के बाद रहती है थकान? ये 3 आयुर्वेदिक उपाय दूर करने में करेंगे मदद

इन आयुर्वेदिक हर्ब्स की मदद से आप शरीर में दर्द की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। हालांकि, किसी भी जड़ी-बूटी का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Read Next

एलर्जी से छुटकारा पाने के लिए अपनाएं ये आयुर्वेदिक उपाय, जल्द मिलेगा लाभ

Disclaimer