शरीर में विटामिन्स की कमी होना बहुत आम बात है। आजकल लोगों की फूड चॉइस बहुत ही खराब हो गई है। लोग घर के सफाई से बने पौष्टिक खाने की जगह बाहर के जंक, ऑयली और प्रोसेस्ड फूड को खाना पसंद करते हैं। इससे शरीर को पोषण प्राप्त नहीं होता है और बॉडी में विटामिनों की कमी हो सकती है। यह समस्या भले ही काफी आम हो गई है, लेकिन आपको विटामिन्स की कमी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इससे शरीर को कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में शरीर के अंदर हुई विटामिन्स की कमी को पूरा करने के लिए लोग डाइट में हेल्दी चीजों को शामिल करने की जगह सप्लीमेंट्स खाना शुरू करते हैं। यहां सवाल यह उठता है कि क्या सप्लीमेंट्स का सेवन शरीर के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है? इस सवाल का जवाब सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर दिया है। इस वीडियो में उन्होंने बताया है कि विटामिन की गोलियों का जरूरत से ज्यादा मात्रा में सेवन करने से शरीर पर कैसा असर होता है।
विटामिन सप्लीमेंट शरीर को पहुंचाते है नुकसान?
जी हां, न्यूट्रिशनिस्ट पूजा के मुताबिक अगर आप सप्लीमेंट्स का सेवन करते हैं, तो आपको पर्याप्त मात्रा में पानी भी पीना चाहिए। अगर आप पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीते हैं, तो विटामिन शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं। बता दें कि कम पानी पीने से विटामिन पूरी तरह से शरीर में अब्सॉर्ब नहीं हो पाते हैं और पेट की दीवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। अगर आप विटामिन या किसी भी अन्य सप्लीमेंट्स को कम पानी के साथ लेते हैं, तो कब्ज की समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- क्या सप्लीमेंट और विटामिन की गोली एक साथ खा सकते हैं? जानें डॉक्टर से
टॉप स्टोरीज़
सप्लीमेंट्स को कम पानी के साथ खाने के नुकसान
कई लोग सप्लीमेंट्स को सिर्फ एक घूंट पानी के साथ लेते हैं, जबकि आपको ऐसा बिलकुल भी नहीं करना चाहिए। दरअसल, सप्लीमेंट्स को शरीर में अच्छी तरह घुलने के लिए कम से कम 200 एमएल यानी लगभग एक गिलास पानी की जरूरत होती है। वहीं, अगर आप फैट सॉल्युबल सप्लीमेंट खा रहे हैं, तो इन्हें शरीर में अब्सॉर्ब होने के लिए ज्यादा पानी की जरूरत होती है। बता दें कि वसा में घुलनशील विटामिन ए, डी, ई, और के होते हैं। ये विटामिन शरीर में लंबे समय तक जमा रहते हैं। आपको इनका सेवन कम मात्रा में करना चाहिए।
ज्यादा विटामिन सप्लीमेंट खाने से क्या होता है
पाचन से जुड़ी समस्याएं
आयरन और विटामिन-सी जैसे सप्लीमेंट का हाई डोज लेने के कारण पेट में ऐंठन, दस्त और मतली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बता दें कि शरीर में ये लक्षण तब नजर आ सकते हैं, जब सप्लीमेंट का सेवन खाली पेट किया जाता है।
पोषण हो सकता है इम्बैलेंस
सप्लीमेंट्स का ज्यादा सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। कुछ सप्लीमेंट्स की हाई डोज लेने से शरीर में पोषक तत्वों का असंतुलन हो सकता है। जैसे कि पर्याप्त मैग्नीशियम और विटामिन-D के बिना कैल्शियम को अब्सॉर्ब नहीं किया जा सकता है। ऐसे में हड्डियों और मसल्स के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचता है।
इसे भी पढ़ें- विटामिन सप्लीमेंट्स लेने के हो सकते हैं कई नुकसान, जानें किसे नहीं लेनी चाहिए
शरीर के सभी अंगों का नुकसान
कुछ सप्लीमेंट के ज्यादा मात्रा में सेवन से अंगों को नुकसान पहुंच सकता है। दरअसल, विटामिन-ए की ज्यादा डोज लीवर को नुकसान पहुंचा सकता है, जबकि अत्यधिक आयरन सप्लीमेंट का सेवन लीवर और शरीर के अन्य अंगों को नुकसान पहुंच सकता है।
View this post on Instagram
आपको सप्लीमेंट्स का सेवन करते हुए कुछ बातों का ख्याल रखना चाहिए। जैसे कि सप्लीमेंट आम दवाओं के असर को कम या बाधित कर सकते हैं। आपको किसी भी सप्लीमेंट का सेवन बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं करना चाहिए। इससे शरीर को कई छोटी-बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।