World Acupuncture Day 2021: एक्यूपंचर क्या है? जानें इस विधि से इलाज के 5 फायदे और नुकसान

Acupuncture : एक्यूपंक्चर एक चिकित्सीय क्रिया। इसमें शरीर के कुछ विशेष प्वाइंट में सूई चुभाकर उन्हें उत्तेजित किया जाता है। जानें इसके फायदे और नुकसान-
  • SHARE
  • FOLLOW
World Acupuncture Day 2021: एक्यूपंचर क्या है? जानें इस विधि से इलाज के 5 फायदे और नुकसान

एक्यूपंचर क्या है? एक्यूपंचर चिकित्सा प्रणाली के क्या फायदे और नुकसान होते हैं? एक्यूपंचर एक चिकित्सा क्रिया है, जिसमें बारीक सुइयों का इस्तेमाल किया जाता है। इन सुइयों को शरीर के कुछ खास हिस्सों पर लगाकर बीमारी का इलाज किया जाता है। एक्यूपंचर का इस्तेमाल शरीर में एनर्जी बनाए रखने के लिए किया जाता है। एक्यूपंचर कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने का एक नेचुरल तरीका है।  पीठ दर्द, मुंहासे, अनिद्रा, अस्थमा और मोटापे जैसी समस्याओं को ठीक करने के लिए एक्यूपंचर विधि को अपनाया जाता है। चिकित्सक की देखरेख में एक्यूपंचर करवाने से स्वास्थ्य को कई फायदे होते हैं, लेकिन अगर इसे गलत तरीके से किया जाए तो इससे नुकसान भी हो सकता है। आज विश्व एक्यूपंचर दिवस 2021 के मौके पर हम आपको एक्यूपंचर से होने वाले फायदों और नुकसान के बारे में बताने जा रहे हैं।

acupunture

क्या है एक्यूपंचर (what is Acupuncture)

एक्यूपंचर एक चिकित्सीय क्रिया है। इसमें शरीर के कुछ खास हिस्सों में सूई चुभाई जाती है और उस हिस्से को उत्तेजित किया जाता है। एक्यूपंचर विभिन्न बीमारियों के इलाज में कारगर होता है। एक्यूपंचर में सूई त्वचा में डाली जाती है, जिससे दर्द से राहत मिलती है और कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं में भी आराम मिलता है। एक्यूपंचर का उपयोग सबसे पहले चीन में शुरू हुआ था, लेकिन फिर धीरे-धीरे यह सभी देशों ने अपना लिया।

दरअसल, हर इंसान के शरीर में कई एक्यूपंचर प्वाइंट होते हैं। इन प्वाइंट्स में सूई चुभाकर समस्या का इलाज किया जाता है। शरीर में कुछ मुख्य एक्यूपंचर प्वाइंट हैं जैसे- ब्लैडर, पित्ताशय, हृदय, फेफड़े, किडनी, बड़ी आंत, लिवर, छोटी आंत, पेट और पेरीकार्डियम आदि। डॉक्टर की सलाह पर इस चिकित्सा विधि को करने से कई लाभ मिलते हैं।

एक्यूपंचर के फायदे (Acupuncture health Benefits)

एक्यूपंचर चिकित्सा विधि का इस्तेमाल कई तरह की बीमारियों को दूर करने के लिए किया जाता है। जो लोग दवाओं के बदले प्राकृतिक चिकित्सा चाहते हैं, उनके लिए एक्यूपंचर एक अच्छा तरीका होता है। इस विधि में शरीर में सूई चुभाकर बीमारियों को ठीक किया जाता है। जानें एक्यूपंचर के फायदे-

इसे भी पढ़ें - आपके लिए कितनी फायदेमंद है एक्यूपंक्चर स्लीपर? जानें इससे कब हो सकता है नुकसान

1. स्ट्रेस लेवल कम करे एक्यूपंचर

एक्यूपंचर स्ट्रेस लेवल को कम करने में कारगर होता है। एक्यूपंचर से चिंता, तनाव को कम करने में मदद मिलती है। अधिकतर लोग चिंता, तनाव, अवसाद और एंग्जायटी का सामना कर रहे हैं, ऐसे में एक्यूपंचर चिकित्सा ली जाए तो काफी लाभदायक हो सकता है। इस चिकित्सा के माध्यम से आपके दवाइयों के डोज को भी कम किया जा सकता है। इतना ही नहीं एक्यूपंचर माइग्रेन की समस्या में भी राहत दिलाता है।

good sleep

2. अनिद्रा की समस्या दूर करे एक्यूपंचर

अगर आपको नींद नहीं आती है, तो आप एक्यूपंचर चिकित्सा की मदद ले सकते हैं। एक्यूपंचर चिकित्सा लेने से अनिद्रा यानी नींद न आने की समस्या को भी दूर किया जा सकता है। दरअसल, एक्यूपंचर रात में मेलाटोनिन नामक हॉर्मोन के स्त्राव को बढ़ाने में मदद करता है। जिसकी वजह से अनिद्रा की समस्या दूर होती है। सही तरीके से एक्यूपंचर करने से कुछ ही हफ्तों में अनिद्रा की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। यह अनिद्रा के लिए एक बेहतरीन उपाय है।

3. अर्थराइटिस में फायदेमंद एक्यूपंचर

एक्यूपंचर को शरीर में होने वाले दर्द को ठीक करने के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। यह पीठ दर्द, कमर दर्द की समस्या को दूर करने में कारगर होता है। अगर आपको अर्थराइटिस है, तो आप एक्यूपंचर की मदद ले सकते हैं। एक्यूपंचर करवाने से कंधे के दर्द, गर्दन के दर्द, जोड़ों के दर्द को ठीक करने में मदद मिलती है। एक्यूपंचर मांसपेशियों में दर्द की समस्या से भी राहत दिलाता है। क्यूपंचर से पीठ दर्द में भी आराम मिलता है

4. उल्टी में कारगर एक्यूपंचर

उल्टी या मितली जैसा महसूस होने पर भी एक्यूपंचर चिकित्सा मददगार हो सकती है। उल्टी, जी मिचलाने की समस्या को दूर करने के लिए आप कलाई के पास स्थिति एक्यूपंचर प्वाइंट पर डॉक्टर की देखरेख में सुई चुभा सकते हैं। इससे आपको काफी आराम मिलेगा।

5. याद्दाश्त में सुधार करे एक्यूपंचर

एक्यूपंचर पार्किंसंस की बीमारी को दूर करने में भी प्रभावी तरीके से कार्य करता है। पार्किंसंस बढ़ती उम्र में होने वाला एक रोग है, जो मस्तिष्क तंत्रिकाओं को प्रभावित करता है। इस स्थिति में व्यक्ति की याद्दाश्त कमजोर हो जाती है। व्यक्ति हर चीज को भूलने लगता है। इसलिए पार्किंसंस के रोगियों की याद्दाश्त को बढ़ाने के लिए एक्यूपंचर की मदद ली जा सकती है। 

एक्यूपंचर के नुकसान (Acupuncture side effects)

वैसे तो किसी भी समस्या को दूर करने के लिए एक्यूपंचर एक सुरक्षित, प्राकृतिक और प्रभावी तरीका है। यह एक बेहतरीन चिकित्सक विधि है। लेकिन जिस तरह से हर चीज के कुछ न कुछ नुकसान होते हैं, उसी तरह से एक्यूपंचर के भी कुछ साइड इफेक्ट्स हैं। लेकिन इससे आपको डरने या घबराने की जरूरत नहीं है।

1. थकान

एक्यूपंचर के बाद कुछ लोगों को थकान महसूस हो सकती है। लेकिन यह थकान कुछ घंटों में दूर हो जाती है। लेकिन कुछ लोगों में एक्यूंपचर के बाद थकार 2-3 दिन तक रह सकती है। ऐसे में आपको डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। एक्यूपंचर के बाद थकान का मतलब है कि आपके शरीर को अधिक आराम की जरूरत है। 

2. शरीर में दर्द 

एक्यूपंचर विधि में शरीर के विभिन्न हिस्सों में सूई चुभाई जाती हैं। इसलिए शरीर के जिन हिस्सों में सूई चुभाई जाती हैं, उन जहगों पर आपको दर्द महसूस हो सकता है। कुछ लोगों को यह दर्द लंबे समय तक रह सकता है, तो कुछ लोगों में कुछ घंटों में ही इसका दर्द गायब हो जाता है। एक्यूपंचर के बाद आपको मांसपेशियों में ऐंठन भी महसूस हो सकती है।

3. शरीर में नील पड़ना 

शरीर में नील पड़ना एक्यूपंचर का साइड इफेक्ट हो सकता है। दरअसल, एक्यूपंचर में शरीर में सुइयां चुभाई जाती हैं, जिससे शरीर में नील पड़ सकते हैं। लेकिन एक्यूपंचर के बाद शरीर का नीला पड़ना बेहद आम है। शरीर में नील पड़ने पर दर्द, सूजन भी हो सकती है।

4. सिर में दर्द 

एक्यूपंचर के बाद कुछ लोगों को सिरदर्द की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। इससे बचने के लिए आप एक्यूपंचर करवाने के तुरंत बाद उठे नहीं, बल्कि थोड़ी देर टेबल पर ही लेटे रहें। लंबी गहरी सांस लेकर आराम करें। सिरदर्द से बचने के लिए एक्यूपंचर करवाने से पहले कुछ जरूर खा लें।

इसे भी पढ़ें - रोते हुए बच्‍चे को एक्‍यूपंक्‍चर की मदद से करें शांत

5. भावुक होना

एक्यूपंचर चिकित्सा बिल्कलु भी दर्दनाक नहीं होती है। फिर भी इसे करवाते हुए कुछ लोग रोने लगते हैं। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि एक्यूपंचर करवाते हुए शरीर से काफी एनर्जी निकल जाती है। एक्यूपंचर शरीर को मानसिक और शारीरिक दोनों रूप से प्रभावित करता है। इसलिए अगर आपको भी रोने जैसा महसूस हो, तो डरें नहीं। 

आप भी अपनी किसी बीमारी को नेचुरल तरीके से ठीक करवाना चाहते हैं, तो एक्यूपंचर की मदद ले सकते हैं। लेकिन इसे हमेशा डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह और देखरेख में ही करवाना चाहिए।

Read Next

नींद नहीं आती तो सोने से पहले खाएं पिस्ता, Luke Coutinho से जानें रात में पिस्ता खाने के फायदे

Disclaimer