पॉलीसिस्टिक ओवेरियन डिजीज यानी पीसीओडी महिलाओं में होने वाली एक हार्मोनल बीमारी है। इसमें महिलाओं के अंडाशय (Ovary) का आकार बढ़ जाता है। साथ ही, इसके बाहरी किनारों पर छोटी-छोटी गांठें (Cist) बन जाती हैं। यह समस्या कई कारणों से हो सकती है। जैसे कि अनहेल्दी लाइफस्टाइल, बिगड़ी हुई डाइट, फिजिकल एक्टिविटी न करना, हार्मोनल इम्बैलेंस आदि। कई मामलों में यह बीमारी जेनेटिक भी हो सकती है। अगर घर में किसी भी महिला को यह बीमारी होती है, तो वह जनरेशन के साथ आगे बढ़ सकती है। बता दें कि पीसीओडी के कारण महिलाओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इन समस्याओं में से एक वजन बढ़ना है। जी हां, पीसीओडी के कारण महिलाओं का वजन अचानक बढ़ जाता है। साथ ही, इस बढ़े हुए वजन को कम करना बहुत मुश्किल हो जाता है। अगर आप वजन घटाना चाहती हैं, तो डाइट एक्सपर्ट और न्यूट्रिशनिस्ट सिमरत कथूरिया द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर की गई वीडियो की मदद ले सकती हैं। इस वीडियो में न्यूट्रिशनिस्ट ने कुछ हेल्दी हैबिट्स के बारे में बताया है, जिनकी मदद से वजन घटाया जा सकता है।
PCOD में वजन कैसे घटा सकते हैं
हाई प्रोटीन ब्रेकफास्ट का सेवन
अगर आप पीसीओडी से ग्रस्त हैं और अपना वजन घटाना चाहती हैं, तो ब्रेकफास्ट में प्रोटीन की मात्रा को बढ़ा सकती हैं। इससे मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है और इंसुलिन सेंसिटिविटी कम होती है। डाइट में प्रोटीन बढ़ाने के लिए आप योगर्ट, अंडे, मूंग दाल चीला आदि चीजों को शामिल कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- क्या वाकई हाई प्रोटीन फूड्स खाने से वेट लॉस में मदद मिल सकती है? एक्सपर्ट से जानें
कैफीन का सेवन कम करें
चाय और कॉफी का ज्यादा सेवन करने से वजन घटाने में परेशानी हो सकती है। अगर आप दिन भर में 2 से ज्यादा कप चाय या कॉफी पीती हैं, तो अपनी इस आदत को आज ही बदल लें। दरअसल, कैफीन स्ट्रेस बढ़ाता है, जिससे अनिद्रा और इंसुलिन सेंसिटिविटी पर बुरा असर होता है। ऐसे में वजन आसानी से नहीं घटता है। इससे बचाव के लिए आप हर्बल टी का सेवन शुरू कर सकती हैं।
बॉक्स ब्रीदिंग से होगा फायदा
बॉक्स ब्रीदिंग सांस लेने की एक तकनीक है, जिसका इस्तेमाल तनाव कम करने, ध्यान लगाने और रिलैक्स करने के लिए किया जाता है। इससे स्ट्रेस हार्मोन कम होते हैं और पीरियड्स को रेगुलर किया जा सकता है। बॉक्स ब्रीदिंग करने के लिए आपको चार तक गिनते हुए सांस अंदर लेनी है। इसके बाद चार तक गिनते हुए सांस को रोकें और आखिर में चार तक गिनते हुए सांस को छोड़ दें। इसी प्रक्रिया को दोहराएं।
खाने के बाद वॉक करें
खाने के बाद वॉक करना जरूरी होता है। अगर आप ज्यादा देर वॉक नहीं कर सकते हैं, तो खाना खाने के बाद 10 मिनट चलना भी फायदेमंद हो सकता है। इससे इंसुलिन सेंसिटिविटी कम होती है और शुगर लेवल नहीं बढ़ता है। इस तरह आप वजन घटा सकती हैं। खाने के बाद वॉक करना सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद होता है।
View this post on Instagram
बैलेंस मील का सेवन करें
वजन घटाने के लिए आपको बैलेंस मील खाना चाहिए। ऐसे में आपकी थाली में एक चौथाई हिस्सा कार्ब्स का होना चाहिए। एक चौथाई हिस्सा प्रोटीन का और आधी प्लेट सब्जियां होनी चाहिए। आप थोड़ा सा हेल्दी फैट भी ले सकती हैं। इससे वजन घटाने में आसानी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- बैलेंस डाइट क्या होती है? डॉक्टर से जानें इसके बारे में 3 जरूरी बातें
पीसीओडी के कारण वजन नहीं घट रहा है, तो आप ऊपर बताई टिप्स के साथ हाइड्रेशन और पोर्शन कंट्रोल पर ध्यान दे सकती हैं। इसके अलावा, सोने का रूटीन बनाएं और रोजाना एक्सरसाइज जरूर करें। इन छोटी-छोटी असरदार टिप्स की मदद से आपका वजन भी घटेगा और आप खुद को हेल्दी भी रख पाएंगी।