प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में महिलाएं गर्भावस्था के तीसरे चरण में प्रवेश करती है। बीते दो चरण तीन महिनों के होते हैं, ठीक इसी तरह ये अंतिम चरण भी तीन महिनों का होता है। इस चरण में भ्रूण का शरीर पूरी तरह से तैयार होता है। इस सप्ताह तक महिलाओं के पेट का आकार बड़ा होने की वजह से उनको घर के काम करने में परेशानी होने लगती है। साथ ही उनको उठते व बैठते समय भी किसी चीज का सहारा लेना पड़ता है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विभा बंसल से आगे जानते हैं प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में महिलाओं को महसूस होने वाले लक्षण और उनके भ्रूण के विकास के बारे में।
प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में महिलाओं को महसूस होने वाले लक्षण - 28th Week Of Pregnancy Symptoms in Hindi
प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में महिलाओं को पेट के आकार की वजह से पीठ में दर्द महसूस होता है। साथ ही पेट के निचले हिस्से में दर्द की वजह से पाचन क्रिया प्रभावित होती है और महिलाओं को सीने में जलन महसूस होने लगती है। प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में महिलाओं को कई अन्य लक्षण भी महसूस होते हैं। आगे इन लक्षणों के बारे में जानते हैं।
नींद न आने की समस्या
प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में महिलाएं थर्ड ट्राइमेस्टर में प्रवेश करती है। इस समय तक उनके पेट का आकार लगभग पूर्ण रूप से बाहर आ चुका होता है। ऐसे में उनको सोते समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समय महिलाओं को सोने के आरामदायक तरीके को अपनाना चाहिए। इसके अलावा वह किसी थैरेपी की भी सहारा ले सकती हैं। इस सप्ताह में शरीर में थकान होने पर महिलाओं को आराम करना चाहिए।
पैरों में ऐंठन होना
गर्भावस्था की तीसरी तिमाही में महिलाओं को पैरों में ऐंठन होने की समस्या होने लगती है। इस समय पैरों में ऐंठन होने के कई कारण होते हैं, जैसे - वजन का तेजी से बढ़ना, सूजन का बढ़ना, एक्सरसाइज न करना और विटामिन की कमी होना, आदि। प्रेग्नेंसी में पैरों में दर्द होने की समस्या अस्थायी होती है, जो पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से ठीक हो जाती है। यदि महिलाओं को पैरों में दर्द की समस्या ज्यादा होने लगे तो उन्हें डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
स्तनों में दूध का बनना
थर्ड ट्राइमेस्टर में कुछ महिलाओं के स्तनों में दूध बनने लगता है। प्रेग्नेंसी में महिलाओं के शरीर में पहली बार बने दूध को कोलोस्ट्रम कहा जाता है। कोलोस्ट्रम में एंटीबॉडीज और पोषण तत्व होते हैं, जो बच्चे के लिए आवश्यक माने जाते हैं। प्रेग्नेंसी में हर महिला को कोलोस्ट्रम इस सप्ताह तक नहीं बनता है, लेकिन यदि किसी महिला के शरीर में ये बनने लगे तो उनको घबराना नहीं चाहिए। इसके बनने का सीधा मतलब होता है कि महिला का शरीर बच्चे को दूध पिलाने के लिए तैयार हो चुका है।
प्रेग्नेंसी में बवासीर होना
प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में महिलाओं को बवासीर की समस्या होने लगती है। बवासीर में महिलाओं को स्टूल में खून आ सकता है। दरअसल इस समय पेल्विक एरिया की नसों में सूजन की वजह से महिलाओं को बवासीर की परेशानी हो जाती है। गर्भावस्था में बवासीर होना एक आम परेशानी है। मुख्यतः कब्ज की वजह से महिलाओं को इस तरह की समस्या होती है। इसके साथ ही पेट का आकार बढ़ने की वजह से नसों पर दबाव पड़ना और हार्मोनल बदलाव इसका कारण माना जाता है। हालांकि बवासीर में ज्यादा परेशानी नहीं होती, लेकिन इससे महिलाओं को असहजता हो सकती है। ऐसे में महिलाओं को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और फाइबर युक्त आहार को डाइट में शामिल करना चाहिए।
प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में महसूस होने वाले अन्य लक्षण
- सिरदर्द होना
- नाक से खून आना
- चक्कर आने की समस्या होना
- यूरिन इंफेक्शन होना
- चेहरे पर ब्राउन रंग के धब्बे होना।
प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में भ्रूण का विकास - Fetus Development During 28th Week Of Pregnancy in Hindi
प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह तक भ्रूण का वजन करीब 1किलो तक हो जाता है। इस समय भ्रूण की हृदय गति में लगातार बदलाव होता रहता है। भ्रूण का हृदय छोटा होने की वजह से अधिक रक्त पंप नहीं कर पाता है। जिस वजह से वह तेजी से धड़कता है। लेकिन समय के साथ हृदय धड़कने सामान्य हो जाती है। इस सप्ताह में भ्रूण का मस्तिष्क का विकास होता है।
विशेष सूचना - किसी भी तरह के गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें।
इसे भी पढ़ें : 27th Week Pregnancy: प्रेग्नेंसी के 27वें सप्ताह के लक्षण, सावधानियां और जरूरी बातें
प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में पूछे जानें वाले महत्वपूर्ण प्रश्न -FAQ’s for Week-by-Week Stages of Pregnancy In Hindi
प्रेनगेंसी के 28वें सप्ताह में महिलाओं को क्या करना चाहिए?
प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में महिलाएं थर्ड ट्राइमेस्टर में प्रवेश करती है। इस समय से ही महिलाओं को अपनी डिलीवरी की तैयारियां शुरू करनी चाहिए। नॉर्मल डिलीवरी के लिए महिलाओं को एक्सरसाइज करने की आदत डालनी चाहिए। इस समय उनके लिए कौन सी एक्सरसाइज बेस्ट होंगी इसकी जानकारी वो अपने डॉक्टर से ले सकती हैं।
गर्भावस्था के 28वें सप्ताह में महिलाओं को क्या नहीं करना चाहिए?
प्रेग्नेंसी के 28वें सप्ताह में महिलाओं को अधिक वजन नहीं उठाना चाहिए। इससे पेट में जोर पड़ता है और कई अन्य तरह की परेशानी हो सकती है। इसके साथ ही महिलाओं को तेज-तेज चलने से बचना चाहिए। इस समय महिलाओं के पेट का आकार बड़ा हो चुका होता है। ऐसे में उनके गिरने की संभावना अधिक होती है, इसलिए उन्हें धीरे-धीरे चलना चाहिए। साथ ही उनको डाइट में कब्ज करने वाले आहारों को शामिल नहीं करना चाहिए।
गर्भावस्था में महिलाओं को डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?
गर्भावस्था में भ्रूण के लगातार विकास में किसी तरह की समस्या उत्पन्न न हो इसलिए महिलाओं को डॉक्टर से मिलना चाहिए। इसके साथ ही यदि महिलाओं को गंभीर लक्षण दिखाई दें तो उन्हें तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। प्रेग्नेंसी के अतिंम चरण में महिलाओं को प्रसव से जुड़ी सभी जानकारियां अपनी डॉक्टर से लेनी चाहिए।