
क्या गर्मी के मौसम में आपके शरीर पर भी घमौरियों हो जाती हैं (Heat Rash in Summer)? आप खुजली और जलन से परेशान रहते हैं? गर्मी में घमौरियां होना बहुत आम है। इन पर बहुत खुजली और जलन होती है। व्यक्ति इनसे बहुत परेशान हो जाता है। यह बच्चों और महिलाओं में ज्यादा देखने को मिलता है। दरअसल, पसीने की ग्रंथियों (Sweat Glands) का मुंह बंद होने की वजह से हमारे शरीर पर छोटे-छोटे दाने निकल जाते हैं। इन दानों पर बहुत खुजली और जलन होती है। घर से बाहर निकलने पर जब इन पर धूप लगती है तो इसके दर्द को सहन करना मुश्किल हो जाता है। पूरे शरीर पर खुजली लगने लगती है। अगर आप भी गर्मी में घमौरियों से परेशान हो जाते हैं तो पचौली वैलनेस क्लीनिक की कॉस्मेटोलॉजिस्ट प्रीति सेठ से जानें इन्हें ठीक करने के कुछ बेहतरीन घरेलू उपाय- (Home Remedies to Get Rid of Heat Rash)
1) खीरा (Cucumber)
खीरे में पानी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है, जिससे यह शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है। खीरा घमौरियों को ठीक करने में भी कारगर है। इसके लिए एक गिलास पानी में नींबू का रस निचोड़ लें। इसमें खीरे के पतले-पतले स्लाइस काटकर डाल दें। अब इन टुकड़ों को घमौरियों वाली जगह पर लगाएं। ऐसा करने से घमौरियां जल्दी ठीक होती हैं और इससे गर्मी में त्वचा पर होने वाली खुजली और जलन भी शांत होती है।
2) आम (Mango)
कच्चा आम शरीर की गर्मी को ठंडा करने में बेहद प्रभावशाली माना जाता है। इसके इस्तेमाल से गर्मियों में शरीर पर होने वाली घमौरियां भी एकदम ठीक हो जाती है। इसके लिए आप कच्चे आम को धीमी आंच पर भूनें। इसके बाद गूदा निकाल लें। इस गूदे का घमौरियों वाली जगह पर लेप लगाएं। इससे घमौरियां दूर हो जाती है। इसके अलावा कच्चे आम के पने का भी दिन में 2 बार सेवन बेहद असरकारक है।
3) मुल्तानी मिट्टी (Multani Mitti)
मुल्तानी मिट्टी घमौरियों की जलन से राहत दिलाता है। गर्मियों में मुल्तानी मिट्टी के इस्तेमाल से त्वचा को कई फायदे मिलते हैं। इसके लिए 5 चम्मच मुल्तानी मिट्टी में गुलाब जल मिलाकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को घमौरियों वाली जगह पर लगाएं। इससे आपकी घमौरियां ठीक होंगी और त्वचा में निखार भी आएगा।
4) एलोवेरा (Aloe Vera Jel)
एलोवेरा का पल्प घमौरियों पर लगाने से घमौरी कुछ ही दिन में ठीक हो जाती है। इसके लिए नैचुरल एलोवेरा का पल्प निकाल लें। इसे घमौरियों पर लगाएं और 20 मिनट बाद साफ पानी से धो लें। इससे घमौरियां एकदम ठीक हो जाएंगी।
इसे भी पढ़ें - हमेशा दिखना चाहते हैं सुंदर? जानें घर पर कैसे करें त्वचा की देखभाल और इसको अपनाने का तरीका
5) बर्फ (Ice Cube)
बर्फ तो हर घर में ही मिल जाता है। इसे गर्मियों में त्वचा पर लगाने से ठंडक मिलती है। यह त्वचा से जलन और खुजली को कम करता है। घमौरियां दूर करने के लिए भी बर्फ का इस्तेमाल फायदेमंद है। इसके लिए बर्फ को घमौरियों वाली जगह पर लगाएं। इससे काफी आराम मिलेगा।
6) नारियल का तेल (Coconut Oil)
नारियल के तेल में कपूर मिलाकर लगाने शरीर पर मालिश करने से घमौरियां एकदम ठीक हो जाती हैं। नारियल का तेल ठंडा होता है इसलिए यह शरीर को ठंडक भी देता है और त्वचा को गर्मियों में होने वाले समस्याओं से बचाता है।
7) नीम (Neem)
किसी भी तरह की फोड़े-फुंसियों को ठीक करने के लिए नीम असरदार होता है। घमौरियां होने पर नीम की पत्तियों को पानी में उबाल लें। इस पानी से नहाने पर आपकी घमौरियां कुछ ही दिनों में ठीक हो जाएंगी।
8) चंदन का पाउडर (Sandalwood Powder)
चंदन के पाउडर को पाउडर की तरह घमौरियों पर लगाने से राहत मिलती है। इसके अलावा आप चंदन पाउडर का लेप भी लगा सकते हैं। इससे घमौरियां ठीक होती है। इसका लेप बनाने के लिए आप चंदन पाउडर में गुलाब जल मिला लें। अब इसे घमौरियों वाली जगह पर लगाने से ठंडक मिलती है और घमौरियां ठीक हो जाती हैं।
9) तुलसी (Basil)
घमौरियों को ठीक करने में तुलसी भी फायदेमंद होती है। इसके लिए आप तुलसी की लकड़ी को पीस लें। इस लेप को अब घमौरियों पर लगाएं। सूखने पर त्वचा को साफ पानी से धो दें। इससे कुछ ही दिनों में घमौरियां ठीक हो जाएंगी।
10) खसखस (Poppy Seeds)
खसखस को त्वचा रोगों को ठीक करने के लिए काफी लाभकारी माना जाता है। यह गर्मी में होने वाली घमौरियों से भी बचाव करता है। इसके लिए 20 ग्राम खसखस को पीसकर पानी में मिक्स करके घमौरियों पर लगाने से घमौरियां दूर हो जाती हैं।
इन उपायों से भी दूर कर सकते हैं घमौरियां
- - अनानास के गूदे को घमौरियों वाली जगह पर लगाने से रोगी को आराम मिलता है।
- - 2 चम्मच सरसों के तेल में 2 चम्मच पानी मिलाकर सुबह और शाम मालिश करने से घमौरियां दूर हो जाती हैं।
- - संतरे के छिलकों को सुखाकर उसका पाउडर बना लें। इस पाउडर को गुलाब जल में मिक्स करके घमौरियों वाली जगह पर लगाने से घमौरियां ठीक होती हैं।
- - गाय या भैंस के शुद्ध देसी घी को घमौरियों वाली जगह पर लगाने से घमौरियां दूर हो जाती हैं।
अगर आपको भी गर्मी में बहुत ज्यादा घमौरियां होती हैं तो आप इन घरेलू उपायों को अपना सकते हैं। ये सभी उपाय कॉस्मेटोलॉजिस्ट द्वारा सुझाए गए हैं, इसलिए सभी सुरक्षित हैं। लेकिन अगर आपको इनमें से किसी चीज से एलर्जी है तो उसका इस्तेमाल करने से बचें।
Read More Articles on Skin Care in Hindi