
हम जो कुछ खाते-पीते हैं, उसी अनुसार हमारा शरीर ढलता जाता है। हमारे आहार द्वारा लिए गए कुछ तत्वों से शरीर को पोषण मिलता है तो कुछ तत्वों का हमारे अंगों पर बुरा प्रभाव भी पड़ता है। आजकल के अस्वस्थ खानपान की वजह से हमारे शरीर के नाजुक अंग ही नहीं, हमारी हड्डियां भी प्रभावित हो रही हैं। शरीर की हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए कैल्शियम और विटामिन डी की जरूरत होती है। कुछ ऐसे आहार भी हैं जिनका सेवन हमारे शरीर की हड्डियों को सीधे तौर पर प्रभावित करता है और उनसे हड्डी से जुड़े कई रोगों की संभावना बढ़ जाती है।
ज्यादा नमक वाले आहार
कुछ लोगों को नमक ज्यादा खाने की आदत होती है और कुछ लोगों को नमकीन चीजें ज्यादा पसंद आती हैं। नमक ज्यादा खाने से हमारे शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ जाती है। सोडियम का ज्यादा सेवन हमारे शरीर के लिए हानिकारक है। सोडियम ज्यादा मात्रा में लेने से सबसे पहले तो हमारा ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा ये धीरे-धीरे हमारी हड्डियों को कमजोर करता है। दरअसल ज्यादा मात्रा में सोडियम से कैल्शियम का क्षरण शुरू हो जाता है और ये यूरिन के माध्यम से बाहर निकल जाता है। इसलिए आपको नमक वाली चीजों जैसे प्रॉसेस्ड फूड्स, फास्टफूड्स, पैकेटबंद चीजें आदि का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिेए।
इसे भी पढ़ें:- सिर्फ नमक नहीं, ये 8 चीजें खाने से भी दूर होती है आयोडिन की कमी
ज्यादा मीठा भी है नुकसानदेह
जिस तरह ज्यादा नमक हमारे शरीर को प्रभावित करता है उसी तरह ज्यादा चीनी से भी हमारे शरीर पर बुरा प्रभाव पड़ता है। चीनी के ज्यादा सेवन से हमारे शरीर में फास्फोरस की मात्रा प्रभावित होती है और ये शरीर में कैल्शियम को एब्जार्ब करने की क्षमता को कम करती है। इसलिए ज्यादा चीनी खाने वाले लोगों का शरीर कैल्शियम भरपूर लेने के बावजूद उस कैल्शियम का इस्तेमाल नहीं कर पाता है। इसकी वजह से हड्डियां कमजोर और खोखली हो जाती हैं। इसलिए आपको मीठी चीजें जैसे चॉकलेट्स, टॉफीज, कुकीज, केक, मिठाइयां, शर्बत आदि का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।
सॉफ्ट ड्रिंक्स
सॉफ्ट ड्रिंक्स जैसे सोडा, कोल्ड ड्रिंक आदि जिनमें कार्बोनेट की मात्रा ज्यादा होती है, उनसे भी हमारी सेहत को नुकसान पहुंचता है। इन ड्रिंक्स से हमारा लिवर तो खराब होता ही है साथ ही हमारी हड्डियां भी कमजोर होती हैं। इस तरह के ड्रिंक्स में फास्फोरस भी होता है, जो कैल्शियम को नष्ट करता है और हड्डियों को अंदर से खोखला बनाता है।
इसे भी पढ़ें:- पाचन, बढ़ा वजन और डिहाइड्रेशन जैसी इन 8 समस्याओं को दूर करती है छाछ
कैफीन का सेवन
कैफीन भी हमारी हड्डियों के लिए नुकसानदायक है। ज्यादा मात्रा में कैफीन का सेवन हमारे शरीर के साथ-साथ हमारे दिमाग को भी प्रभावित करता है। कैफीन के सेवन से हमारे शरीर में कैल्शियम नष्ट होने लगता है। जो लोग ज्यादा कॉफी पीने के आदी होते हैं उन्हें ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा ज्यादा होता है। ये बीमारी महिलाओं को ज्यादा प्रभावित करती है।
विटामिन ए का ज्यादा सेवन
विटामिन्स हमारे शरीर के विकास के लिए बेहद जरूरी हैं इसलिए चिकित्सक अक्सर लोगों को विटामिनयुक्त चीजों को खाने की सलाह देते हैं। लेकिन जरूरत से ज्यादा किसी भी चीज का सेवन खतरनाक होता है। विटामिन ए हमारे शरीर के लिए जरूरी तत्व है क्योंकि ये आंखों की रौशनी को अच्छा बनाता है और हमारे दांतों, हड्डियों और टिशूज को स्वस्थ रखता है। लेकिन ज्यादा मात्रा में विटामिन ए के सेवन से यही विटामिन हमारी हड्डियों के लिए नुकसानदायक हो जाता है और इसकी वजह से उल्टा हड्डियों का क्षरण शुरू हो जाता है।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Healthy Eating In Hindi
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version